हरियाणा CET ग्रुप-D भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 15 लाख युवाओं को बड़ी राहत

 हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) पदों की सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की खातिर तीन साल से इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए गुरुवार (18 जून, 2026) को राहत की बड़ी खबर आई। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। शुक्रवार (19 जून, 2026) यानी आज सुबह…

हरियाणा CET ग्रुप-D भर्ती का नोटिफिकेशन जारी, 15 लाख युवाओं को बड़ी राहत

 हरियाणा में चतुर्थ श्रेणी (ग्रुप-डी) पदों की सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए रजिस्ट्रेशन कराने की खातिर तीन साल से इंतजार कर रहे लाखों युवाओं के लिए गुरुवार (18 जून, 2026) को राहत की बड़ी खबर आई।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (एचएसएससी) ने नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। शुक्रवार (19 जून, 2026) यानी आज सुबह पोर्टल खुल जाएगा, जिसके बाद युवा तीन जुलाई की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकेंगे। छह जुलाई तक शुल्क जमा कराया जा सकेगा। आवेदन में कोई गलती हुई तो सात से नौ जुलाई तक करेक्शन पोर्टल खोला जाएगा, जिससे युवा जानकारी में संशोधन कर सकेंगे।

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने बताया कि परीक्षा और प्रवेश पत्र जारी करने की तिथि बाद में अलग से घोषित की जाएगी। पिछड़ा वर्ग-ए (बीसी-ए), पिछड़ा वर्ग-बी (बीसी-बी) और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) श्रेणी के अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र एक अप्रैल या इसके बाद जारी किए होने चाहिए तथा आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए।

वंचित अनुसूचित जाति वर्ग (डीएससी) और अन्य अनुसूचित जाति वर्ग (ओएससी) अभ्यर्थियों के लिए प्रमाणपत्र 13 नवंबर 2024 के बाद जारी होना अनिवार्य किया गया है। इसी तरह दिव्यांग और ईएसपी श्रेणी के उम्मीदवारों के प्रमाणपत्र आवेदन की अंतिम तिथि तक वैध होने चाहिए। पूर्व सैनिक (ईएसएम) के आश्रितों के लिए पात्रता प्रमाणपत्र 20 जून 2025 या उसके बाद जारी अथवा नवीनीकृत होना जरूरी होगा। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट पर जाकर विस्तृत विज्ञापन और पात्रता संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

इस बार सामाजिक-आर्थिक आधार के अंक नहीं मिलेंगे
प्रदेश सरकार की ओर से ग्रुप डी की भर्तियों के नियमों में संशोधन किया जा चुका है। चतुर्थ श्रेणी पदों की सभी भर्तियां सीईटी अंकों के आधार पर होंगी। सामाजिक-आर्थिक आधार पर अतिरिक्त अंकों को खत्म कर दिया गया है।

जिन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं से कम निर्धारित है, उन्हें छोड़कर अन्य सभी पदों पर चयन सीईटी में प्राप्त अंकों पर आधारित रहेगा। नई व्यवस्था के तहत परीक्षा का कुल स्कोर 100 प्रतिशत सीईटी अंकों पर आधारित होगा।

दो भागों में होगा पाठ्यक्रम
परीक्षा का पाठ्यक्रम दो भागों में विभाजित रहेगा। पहले भाग में 75 प्रतिशत अंक सामान्य जागरूकता, तर्कशक्ति, मात्रात्मक योग्यता, अंग्रेजी, हिंदी तथा संबंधित विषयों के होंगे। दूसरे भाग में 25 प्रतिशत अंक हरियाणा के इतिहास, समसामयिक घटनाओं, साहित्य, भूगोल, पर्यावरण और संस्कृति से संबंधित होंगे। प्रश्नपत्र का स्तर माध्यमिक शिक्षा (मैट्रिक) का रहेगा।

15 लाख आवेदन की उम्मीद
पिछले साल तृतीय श्रेणी पदों के लिए आयोजित सीईटी के लिए रिकार्ड 13 लाख 45 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। चतुर्थ श्रेणी पदों के लिए यह आंकड़ा 15 लाख के पार होने की उम्मीद है। प्रदेश सरकार ने हर साल सीईटी कराने की घोषणा की हुई है, लेकिन पिछले चार वर्षों में केवल दो बार सीईटी हो सका है। ग्रुप डी के लिए आखिरी बार सीईटी वर्ष 2023 में हुआ था।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports