,

मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को मिलेगा वैश्विक निवेश का नया अवसर

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टैक्स-2026 में देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न निवेश एवं उद्योग जगत से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर राज्य की उद्योग…

मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल क्षेत्र को मिलेगा वैश्विक निवेश का नया अवसर

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 16 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित भारत टैक्स-2026 में देश-विदेश के प्रमुख टेक्सटाइल निवेशकों, उद्योग प्रतिनिधियों और वैश्विक ब्रांडों से संवाद कर मध्यप्रदेश में निवेश के नए अवसरों को गति देंगे। मुख्यमंत्री विभिन्न निवेश एवं उद्योग जगत से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होकर राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना तथा टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र में उपलब्ध व्यापक निवेश संभावनाओं को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। वन-टू-वन बैठकों, राउंड टेबल चर्चा, एमओयू तथा निवेशक संवाद के माध्यम से टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र में नए निवेश आकर्षित करने की दिशा मे विस्तृत चर्चा की जाएगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत मंडपम में भारत टेक्स-2026 का अवलोकन करेंगे तथा मध्यप्रदेश पवेलियन का निरीक्षण भी करेंगे। पवेलियन में राज्य की उद्योग हितैषी नीतियों, आधुनिक औद्योगिक अधोसंरचना, कौशल विकास, धार जिले में विकसित हो रहे पीएम मित्र पार्क तथा टेक्सटाइल क्षेत्र की संपूर्ण औद्योगिक वैल्यू चेन को वैश्विक उद्योग जगत के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया जाएगा। मुख्यमंत्री मीडिया से भी संवाद करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव भारत टैक्स-2026 में टेक्सटाइल एवं गारमेंट क्षेत्र के प्रमुख उद्योगपतियों के साथ आयोजित राउंड टेबल चर्चा में भाग लेंगे। इस चर्चा में मध्यप्रदेश के टेक्सटाइल एवं गारमेंट इकोसिस्टम, निवेश की संभावनाओं, निर्यात संवर्धन, वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता, सतत विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स तथा कौशल विकास जैसे विषयों पर विचार-विमर्श होगा। केंद्रीय वस्त्र मंत्री  गिरिराज सिंह भी राउंड टेबल को संबोधित करेंगे। बैठक में 100 से अधिक उद्योगपतियों, निवेशकों एवं उद्योग संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम में डिक्सन टेक्नोलॉजीस के उपाध्यक्ष और प्रबंध निदेशक  अतुल लाल, टोपन के सीईओ  मनोहरा कुमार, हेलियॉन के सीईओ  केदार लेले और भारत में ब्राजील के राजदूत  केनेथ फेलिक्स हैजिन्स्की दा नोब्रेगा भी शामिल होंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव देश-विदेश की प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे। इन बैठकों में नए निवेश, उत्पादन क्षमता विस्तार, निर्यात वृद्धि, रोजगार सृजन तथा तकनीकी सहयोग जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा होगी।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव होटल द लीला में "मध्यप्रदेश में निवेश के अवसर" विषय पर आयोजित इंटरैक्टिव सत्र को संबोधित करेंगे। सत्र में मध्यप्रदेश की औद्योगिक संभावनाओं के साथ नवकरणीय ऊर्जा, पर्यटन तथा अन्य उभरते क्षेत्रों में निवेश के अवसरों पर प्रस्तुतियां दी जाएंगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव इस अवसर पर उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठक कर प्रदेश में निवेश और औद्योगिक विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा करेंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव निवेशकों के समक्ष मध्यप्रदेश की उन विशेषताओं को भी रेखांकित करेंगे, जिन्होंने राज्य को देश के अग्रणी टैक्सटाइल निवेश गंतव्यों में स्थापित किया है। राज्य में कपास उत्पादन से लेकर स्पिनिंग, वीविंग, निटिंग, डाइंग, फिनिशिंग और गारमेंट निर्माण तक संपूर्ण टेक्सटाइल वैल्यू चेन उपलब्ध है। देश के सबसे बड़े ऑर्गेनिक कॉटन उत्पादक राज्य के रूप में मध्यप्रदेश की पहचान, 'फार्म टू फैशन' की अवधारणा पर विकसित हो रहा टेक्सटाइल इको सिस्टम तथा धार में विकसित हो रहा पीएम मित्र पार्क वैश्विक निवेशकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। टेक्सटाइल, गारमेंट एवं फुटवियर क्षेत्र के लिए उपलब्ध विभिन्न औद्योगिक प्रोत्साहनों और निवेश सुविधाओं की जानकारी भी उद्योग जगत के साथ साझा की जाएगी।

इस अवसर पर अपैरल एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल मैनमेड एंड टेक्निकल टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल तथा कॉटन टेक्सटाइल्स एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के साथ समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर प्रस्तावित हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय व्यापार एवं उद्योग संगठनों के साथ भी औद्योगिक सहयोग, निवेश संवर्धन, कौशल विकास तथा निर्यात प्रोत्साहन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एमओयू किए जाएंगे।

भारत टैक्स-2026 के माध्यम से मध्यप्रदेश का उद्देश्य टेक्सटाइल क्षेत्र में नए निवेश, अधिक रोजगार, निर्यात विस्तार तथा दीर्घकालीन औद्योगिक साझेदारियों को बढ़ावा देना है। इसी उद्देश्य के साथ मुख्यमंत्री डॉ. यादव उद्योग जगत के प्रतिनिधियों को जनवरी 2027 में आयोजित होने वाली ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में सहभागी बनने का आमंत्रण देंगे तथा मध्यप्रदेश की औद्योगिक विकास यात्रा का भागीदार बनने का आह्वान करेंगे।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports