,

युवा संगम बना युवाओं की नई उड़ान! रोजगार और स्व-रोजगार के लिए लाखों सपनों को मिल रहा मजबूत मंच

युवा संगम : लाखों युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान, रोजगार और स्व-रोजगार का बना सशक्त मंच भोपाल  युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार, स्व-रोजगार, अप्रेंटिसशिप और शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई युवा संगम पहल आज युवाओं के लिए अवसरों का सशक्त…

युवा संगम बना युवाओं की नई उड़ान! रोजगार और स्व-रोजगार के लिए लाखों सपनों को मिल रहा मजबूत मंच

युवा संगम : लाखों युवाओं के सपनों को मिल रही नई उड़ान, रोजगार और स्व-रोजगार का बना सशक्त मंच

भोपाल 

युवाओं को एक ही स्थान पर रोजगार, स्व-रोजगार, अप्रेंटिसशिप और शासकीय योजनाओं का लाभ मिल सके, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई युवा संगम पहल आज युवाओं के लिए अवसरों का सशक्त मंच बनकर उभरी है। गत नवंबर 2024 से जून 2026 तक प्रदेश के सभी जिलों में 1012 युवा संगम आयोजित किए गये हैं। इन आयोजनों के माध्यम से 3 लाख 62 हजार 799 युवाओं को रोजगार, स्व-रोजगार और अप्रेंटिसशिप से जोड़ा गया है। इनमें 1 लाख 81 हजार 248 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार के ऑफर लेटर, 17 हजार 887 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन तथा 1 लाख 63 हजार 664 युवाओं को स्व-रोजगार योजनाओं का लाभ मिला है। राज्य सरकार की यह पहल युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ प्रदेश में रोजगारोन्मुख वातावरण तैयार करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभा रही है।

एक ही मंच पर रोजगार, स्व-रोजगार और अप्रेंटिसशिप के अवसर

तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त प्रयास से नवंबर 2024 से प्रदेश के प्रत्येक जिले में प्रतिमाह निर्धारित तिथि पर युवा संगम का आयोजन किया जा रहा है। इस अभिनव पहल के तहत रोजगार दिवस, रोजगार मेला और अप्रेंटिसशिप मेले को एकीकृत कर युवाओं के लिए एक ही स्थान पर विभिन्न अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। रोजगार संचालनालय, कौशल विकास संचालनालय तथा एमएसएमई विभाग के समन्वित प्रयास से युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुरूप रोजगार, प्रशिक्षण और स्वरोजगार के विकल्प उपलब्ध कराए जा रहे हैं।

सरकारी योजनाओं से भी जुड़ रहे युवा

युवा संगम केवल रोजगार उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है। युवा संगम मेले में युवाओं को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ भी उपलब्ध कराया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग के नशा मुक्ति अभियान, स्वास्थ्य विभाग की मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता गतिविधियां तथा युवाओं से जुड़ी अन्य शासकीय योजनाओं को भी इस मंच से जोड़ा गया है। स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार जिला प्रशासन आयोजन की तिथि में परिवर्तन भी कर सकता है, जिससे अधिकाधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।

हर वर्ष बढ़ता गया युवा संगम का प्रभाव

युवा संगम की पहुंच और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। गत नवंबर 2024 से मार्च 2025 तक आयोजित कार्यक्रमों में 236 युवा संगम के माध्यम से 47 हजार 109 युवाओं को लाभ मिला। इनमें 36 हजार 641 युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर, 5 हजार 388 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन तथा 5 हजार 80 युवाओं को स्व-रोजगार योजनाओं से जोड़ा गया।

वित्तीय वर्ष 2025-26 में इस पहल ने और व्यापक स्वरूप लिया। इस दौरान 626 युवा संगम आयोजित किए गए, जिनसे 2 लाख 68 हजार 283 युवा लाभान्वित हुए। इनमें 1 लाख 25 हजार 268 युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर, 10 हजार 912 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन तथा 1 लाख 32 हजार 103 युवाओं को स्व-रोजगार योजनाओं का लाभ मिला। यह वर्ष युवा संगम की सबसे प्रभावशाली उपलब्धियों में शामिल रहा।

वित्तीय वर्ष 2026-27 के केवल पहले तीन माह (अप्रैल से जून 2026) में ही 150 युवा संगम आयोजित किए जा चुके हैं। इनके माध्यम से 47 हजार 407 युवाओं को लाभ मिला। इनमें 19 हजार 339 युवाओं को रोजगार के ऑफर लेटर, 1 हजार 587 युवाओं का अप्रेंटिसशिप के लिए चयन तथा 26 हजार 481 युवाओं को स्व-रोजगार योजनाओं से लाभान्वित किया गया।

कैरियर काउंसलिंग से मिल रही सही दिशा

युवाओं को केवल रोजगार के अवसर ही नहीं, बल्कि सही कैरियर चयन के लिए मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। शासकीय हाई स्कूलों, हायर सेकेंडरी स्कूलों, आईटीआई और अन्य शिक्षण संस्थानों में 4089 कैरियर काउंसलिंग सत्र आयोजित किए गए हैं। इन सत्रों के माध्यम से 1 लाख 61 हजार 915 विद्यार्थियों को कैरियर विकल्पों, कौशल विकास, रोजगार, अप्रेंटिसशिप और स्वरोजगार की संभावनाओं की जानकारी देकर उन्हें भविष्य के लिए सही दिशा प्रदान की गई है।

आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की मजबूत नींव बन रहा युवा संगम

इस तरह युवा संगम आज केवल एक शासकीय कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं को अवसरों से जोड़ने वाला व्यापक अभियान बन चुका है। यह पहल प्रदेश के युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ विकसित और रोजगारसमृद्ध मध्यप्रदेश के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports