,

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त मुख्य सचिव श्री बर्णवाल का किया स्वागत

भोपाल  मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में इस वर्ष गुरू पूर्णिमा 'महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व' के रूप में मनाई जाएगी। महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व के रूप में मनाई जा रही गुरू पूर्णिमा को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। इसे सांस्कृतिक-शैक्षणिक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए, जिससे गुरु-शिष्य परम्परा…

मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त मुख्य सचिव श्री बर्णवाल का किया स्वागत

भोपाल 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि संपूर्ण प्रदेश में इस वर्ष गुरू पूर्णिमा 'महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व' के रूप में मनाई जाएगी। महर्षि सांदीपनि श्रद्धा पर्व के रूप में मनाई जा रही गुरू पूर्णिमा को जनभागीदारी के उत्सव के रूप में मनाया जायेगा। इसे सांस्कृतिक-शैक्षणिक जनआंदोलन का स्वरूप दिया जाए, जिससे गुरु-शिष्य परम्परा का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले यह विचार व्यक्त किए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रीगणों को गुरु पूर्णिमा की अग्रिम शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जितने भी सांदीपनि विद्यालयों का लोकार्पण होना शेष है, उनका लोकार्पण शीघ्र करा लिया जाए।

नवनियुक्त मुख्य सचिव  बर्णवाल का स्वागत किया

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले नवनियुक्त मुख्य सचिव  अशोक बर्णवाल का पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मुख्य सचिव के रूप में  अशोक बर्णवाल की यह मंत्रि-परिषद की पहली बैठक है।  बर्णवाल ने अपने 35 वर्ष के सेवाकाल में वन, पर्यावरण, कृषि, स्वास्थ्य, वित्त, कमजोर वर्ग कल्याण जैसे महत्वपूर्ण विभागों के दायित्वों का बेहतर तरीके से निर्वहन किया। सुशासन और अनुशासन उनके लिए सर्वोपरि रहा है। कृषि कल्याण वर्ष 2026, युवा कल्याण वर्ष 2027, ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 और सिंहस्थ 2028 जैसे महत्वपूर्ण आयोजनों के देश और दुनिया साक्षी बनेंगे। इस दृष्टि से  बर्णवाल का कार्यकाल अनेक संभावनाओं से भरा होगा। हम सभी अपने मन की संकल्प शक्ति से बेहतर से बेहतर करने का प्रयास करेंगे।  बर्णवाल प्रदेश के गरीब, किसान, युवा और नारी सहित सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ाएंगे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने पूर्व मुख्य सचिव  अनुराग जैन को दी बधाई

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि  अनुराग जैन राज्य के पहले ऐसे अधिकारी हैं, जो मुख्य सचिव के बाद भारत सरकार के नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बने हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्रि-परिषद की ओर से नए दायित्व के लिए  जैन को बधाई और शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में  जैन के लगभग 22 माह के कार्यकाल में ई-ऑफिस और ई-कैबिनेट, समृद्ध मध्यप्रदेश-2047 रोडमैप, बंद पदोन्नतियों को प्रारंभ करना, एक साथ रिकार्ड 15 विधेयकों की एक ही सत्र में प्रस्तुति, समान नागरिक संहिता और लगभग 25 नई नीतियों के निर्माण जैसे अनेक महत्वपूर्ण कार्य हुए। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी के रूप में  जैन की सेवाओं और दीर्घ अनुभव का लाभ मध्यप्रदेश को भी निरंतर मिलता रहेगा।

पुलिस महकमें में दोहरी खुशी का मौका

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश के सभी शासकीय विभागों में अधिकारियों-कर्मचारियों को पदोन्नति दी गई है। पुलिस विभाग में भी 25 हजार से अधिक पुलिस कर्मचारियों की पदोन्नति हुई है। इसके साथ ही मध्यप्रदेश पुलिस में विभिन्न श्रेणियों के 9 हजार 662 पदों को मंजूरी दी गई। राज्य सरकार ने बीते वर्ष लगभग 8 हजार 500 पद स्वीकृत किए थे। इस प्रकार से दो वर्ष में पुलिस विभाग में लगभग 18 हजार पद स्वीकृत हुए। मध्यप्रदेश पुलिस को देश की सर्वश्रेष्ठ पुलिस बनाना हमारा संकल्प है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंत्री परिषद के सदस्यों को आगामी सभी पर्व-त्यौहारों की शुभकामनाएं दीं एवं बाबा महाकाल से प्रदेश में अच्छी वर्षा और सभी बांध-तालाबों के भरने की कामना की।

आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आयुष्मान भारत योजना में मध्यप्रदेश को राष्ट्रीय सम्मान मिलना गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि बायोमेट्रिक आधारित प्री-ऑथराइजेशन प्रक्रिया के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बेस्ट परफार्मिंग लार्ज स्टेट श्रेणी में प्रदेश को यह राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस उपलब्धि के लिए स्वास्थ्य मंत्री और विभाग के सभी अधिकारियों को बधाई दी।

शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए प्रदेश में बने चार फास्ट ट्रैक कोर्ट

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता के हित में जब भी कोई निर्णय लिया जाता है, तो मध्यप्रदेश सबसे पहले उसे लागू करने और नीतिगत व्यवस्था बनाने वाला राज्य बना है। उन्होंने कहा कि युवाओं के हित में उनकी शिक्षा और रोजगार से जुड़े मामले की सुनवाई के लिए भोपाल, जबलपुर, इंदौर और ग्वालियर में फास्ट ट्रैक कोर्ट बनाए गए हैं। पेपर लीक और परीक्षा सहित अन्य मामलों का फास्ट ट्रैक कोर्ट में 3 माह के भीतर निराकरण किया जाएगा। सरकार सुनिश्चित करेगी कि युवाओं के सपनों को साकार करने में कोई बाधा नहीं आये। नीट और अन्य सभी परीक्षाएं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न हों, इसके लिए स्टैंडर्ड प्रोटोकॉल तैयार किया जाएगा। युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालो को बख्शा नहीं जाएगा।

मन की बात में हुआ मध्यप्रदेश का उल्लेख

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में "कैच द रेन" अभियान पर चर्चा के दौरान मध्यप्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत सीधी और नरसिंहपुर में जलसंरक्षण के लिए हुए कार्यों का उल्लेख किया और राज्य सरकार के प्रयासों की सराहना की। प्रधानमंत्री  मोदी ने कहा कि मध्यप्रदेश के सीधी जिले में लगभग 1500 तालाब बनाए गए है, नरसिंहपुर में अमृत सरोवरों को संवारा गया है। जल गंगा संवर्धन अभियान जल संरक्षण की दिशा में प्रदेश में जन आंदोलन बन गया है। इसकी सराहना देश-विदेश में हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री  मोदी का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा नरसिंहपुर और सीधी जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों तथा ग्रामीण विकास विभाग को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष के जल गंगा संवर्धन अभियान के लिए और बेहतर कार्ययोजना तैयार की जाएगी तथा जल संरक्षण के छूटे हुए कार्यों को जल्द से जल्द पूर्ण किया जाएगा।

प्रदेश में हो रही निवेश की बारिश

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश आने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में हाल ही में प्रदेश को 7 हजार करोड़ रुपए से अधिक के नए निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि श्याम सेल एंड पावर कम्पनी लिमिटेड प्रदेश में लगभग 1000 करोड़ रुपए का निवेश करेगी, जिससे 1000 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इसी प्रकार मेसर्स पारस डिफेंस एंड स्पेस टेक्नोलॉजीस मध्यप्रदेश में सेमीकंडक्टर परियोजना स्थापित करेगी। इसमें करीब 6 हजार 200 करोड़ रुपए के निवेश से 2500 से अधिक रोजगार सृजित होंगे। मध्यप्रदेश, असम और गुजरात के बाद देश का तीसरा ऐसा राज्य बन गया है, जहां सेमीकंडक्टर तकनीक पर शोध और विनिर्माण कार्य किए जाएंगे।

 

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed