,

यूथ फर्स्ट: 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे देश में: मुख्यमंत्री

12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को मिली नौकरियां व रोजगार: सीएम योगी यूथ फर्स्ट: 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे देश में: मुख्यमंत्री वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे आज 818, आईआईटी की संख्या भी 16 से बढ़कर 23…

यूथ फर्स्ट: 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे देश में: मुख्यमंत्री

12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को मिली नौकरियां व रोजगार: सीएम योगी

यूथ फर्स्ट: 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे देश में: मुख्यमंत्री

वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे आज 818, आईआईटी की संख्या भी 16 से बढ़कर 23 पहुंची

आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हुई, 2014 से पहले एमबीबीएस की 51,000 सीटें थीं, आज लगभग 1.28 लाख

पीएम मोदी के आह्वान से जॉब सीकर नहीं, जॉब क्रिएटर बन रहे देश के युवा, कांग्रेस-सपा ने खड़ा किया था पहचान का संकट: मुख्यमंत्री

12 वर्ष में देश में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए, कांग्रेस व सपा जाति-क्षेत्र व भाषा के नाम पर समाज को बांटने में जुटीं: सीएम योगी

सीएम योगी ने सिद्धार्थनगर को दी बड़ी सौगात, 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास 

सिद्धार्थनगर,
। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश का युवा ‘जॉब सीकर’ के बजाय ‘जॉब क्रिएटर’ बन रहा है। आज युवाओं के पास शिक्षा, रोजगार और आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर हैं। केंद्र सरकार की पीएम स्टार्टअप योजना, डिजिटल इंडिया, पीएम इंटर्नशिप और मिशन रोजगार जैसी पहल युवाओं के लिए नए अवसर उपलब्ध करा रही हैं। पिछले 12 वर्षों में देश में 17 करोड़ से अधिक लोगों को नौकरियां व रोजगार मिला है। युवाओं को बदलती अर्थव्यवस्था और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के लिए कौशल विकास पर विशेष जोर दिया जा रहा है। देश में करीब 17 हजार स्किल डेवलपमेंट सेंटर और 15 हजार से अधिक आईटीआई संचालित हो रहे हैं। इन संस्थानों के जरिए युवाओं को रोजगार के साथ उद्यमिता के लिए भी तैयार किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ  सिद्धार्थनगर के डुमरियागंज व बांसी विधानसभा क्षेत्र में 311 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 107 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने विभिन्न लोक कल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए। सीएम ने परिसर में लगी प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।

उच्च शिक्षा में भी देश की उल्लेखनीय प्रगति
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में भी देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2014 में देश में 431 मेडिकल कॉलेज थे, जिनकी संख्या अब 818 हो गई है। इसी तरह आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23 और आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 हो गई है। 2014 से पहले देश में करीब 51 हजार एमबीबीएस सीटें थीं, जो अब बढ़कर करीब 1.28 लाख हो गई हैं। मेडिकल पीजी सीटों की संख्या में भी बड़ी वृद्धि हुई है। इससे युवाओं के लिए चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में करियर के नए रास्ते खुले हैं। केंद्र सरकार की योजनाओं और प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में हुए विकास कार्यों से करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकल कर सम्मानजनक जीवन जी रहे हैं। कांग्रेस ने 55-60 वर्षों तक देश में शासन किया, लेकिन गरीबों और महिलाओं के जीवन में ऐसा व्यापक परिवर्तन क्यों नहीं आया? आज देश का युवा अवसर पाने के साथ अवसर पैदा करने की क्षमता भी विकसित कर रहा है।

12 वर्षों में भारत की तस्वीर तेजी से बदली
सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत की तस्वीर तेजी से बदली है। जिस भारत को कभी दुनिया पिछड़ा, गरीब और कमजोर देश मानती थी, आज वही भारत अपने विरोधियों के सामने सीना तानकर खड़ा है और दुनिया हमारी ओर देख रही है। कांग्रेस के लंबे शासनकाल में देश भ्रष्टाचार और नीतिगत पंगुता का शिकार रहा। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हुआ है। स्टार्टअप का मजबूत इकोसिस्टम तैयार हुआ है। आईआईटी, मेडिकल कॉलेज और उच्च शिक्षण संस्थानों की संख्या में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। भारत दुनिया के लिए निवेश का प्रमुख केंद्र बन रहा है।

युवाओं के लिए वर्चुअल और फिजिकल कोचिंग
उत्तर प्रदेश में युवाओं के लिए जारी योजनाओं व कार्यक्रमों का उल्लेख करते हुए सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के माध्यम से सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। यूपीएससी, यूपीपीएससी, नीट, जेईई समेत अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महाविद्यालयों व विश्वविद्यालयों में वर्चुअल और फिजिकल कक्षाओं की व्यवस्था की जा रही है। इन कक्षाओं में ऐसे अधिकारी और विशेषज्ञ भी युवाओं को पढ़ाएंगे, जिन्होंने स्वयं प्रतियोगी परीक्षाएं पास की हैं। डॉक्टर-इंजीनियर भी युवाओं के साथ अनुभव साझा करेंगे। आईटीआई और पॉलीटेक्निक संस्थानों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) समेत नई तकनीकों से जुड़ी ट्रेनिंग की व्यवस्था की जा रही है। स्नातक स्तर पर पढ़ने वाले युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार की योजनाओं और डिजिटल संसाधनों के माध्यम से युवा शिक्षा और रोजगार से जुड़ी जानकारी हासिल कर सकेंगे।

बेटियां स्कूटी से जाएंगी स्कूल-कॉलेज
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बेटियों की शिक्षा व सुरक्षा पर विशेष ध्यान दे रही है। गरीब परिवारों की बेटियों को भी आगे बढ़ने के अवसर दिए जा रहे हैं। अब बेटी की सुरक्षा को लेकर किसी परिवार को चिंता करने की जरूरत नहीं है। अपराधियों के लिए जेल का रास्ता तय है। सरकार गरीबों के घर में मुफ्त राशन पहुंचा रही है। पहले पूर्वांचल के कई जिलों में बीमारी और कुपोषण के कारण गरीब परिवारों के सामने गंभीर संकट रहता था। आज स्वास्थ्य सुविधाओं और सरकारी योजनाओं के कारण स्थिति में बड़ा बदलाव आया है।

कांग्रेस-सपा ने युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया
सीएम योगी ने कांग्रेस व सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि कांग्रेस को देश में लंबे समय तक और सपा को उत्तर प्रदेश में चार बार सरकार बनाने का अवसर मिला। इन दोनों दलों ने युवाओं के लिए ऐसा किया ही क्या, जिससे युवा इनके साथ जुड़ें। इन लोगों ने प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट खड़ा किया। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश का युवा प्रदेश के बाहर अपनी पहचान बताने से बचता था। सपा सरकार के समय हर जिले में माफिया को संरक्षण मिला हुआ था। थानों व तहसीलों तक माफिया का प्रभाव था। जमीनों पर कब्जे के लिए लैंड माफिया सक्रिय थे और अपराधियों की समानांतर सत्ता प्रदेश की पहचान बन गई थी।

जाति-क्षेत्र और भाषा के नाम पर बांट रही सपा-कांग्रेस
सीएम योगी ने कांग्रेस-सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल नकारात्मक राजनीति नहीं छोड़ रहे। जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने का प्रयास जारी है। जिन वजहों से देश गुलाम हुआ, कांग्रेस-सपा के नेता फिर उसी रास्ते पर आगे बढ़ रहे हैं। सीएम ने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम, मंगल पांडेय, धन सिंह कोतवाल, रानी लक्ष्मीबाई, पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह व अशफाक उल्ला खान जैसे बलिदानियों का स्मरण कराते हुए कहा कि युवा पीढ़ी इन महान क्रांतिकारियों के त्याग व बलिदान को जाने-समझे तथा राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

काकोरी ट्रेन एक्शन के क्रांतिकारियों को नमन
मुख्यमंत्री ने कहा कि 9 अगस्त का दिन इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण है। वर्ष 1925 में इसी दिन काकोरी में क्रांतिकारियों ने अंग्रेजों के सरकारी खजाने को ट्रेन से ले जाते समय अपने कब्जे में लिया था। इस धन का उपयोग स्वतंत्रता के संघर्ष को मजबूत करने के लिए किया गया। पंडित राम प्रसाद बिस्मिल, ठाकुर रोशन सिंह, अशफाक उल्ला खान, चंद्रशेखर आजाद, राजेंद्र लाहिड़ी और शचींद्र नाथ बक्शी जैसे क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। अंग्रेजों ने इस घटना को 'डकैती' कहा था। पीएम मोदी जी ने इस ऐतिहासिक घटना को 'काकोरी ट्रेन एक्शन' नाम से सम्मान देने का काम किया। आजादी के बाद लंबे समय तक सत्ता में रहे लोगों ने हमारे महान क्रांतिकारियों को उचित सम्मान नहीं दिया। सुखदेव, राजगुरु और वीर सावरकर जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों को भुलाने का प्रयास किया गया। तमाम सरकारी संस्थाओं व योजनाओं का नामकरण एक ही परिवार के नाम पर करने की प्रवृत्ति रही।

हेलिकॉप्टर से हो रही शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा
सीएम ने कहा कि सपा सरकार कांवड़ यात्रा निकालने की अनुमति नहीं देती थी। भाजपा सरकार बनने पर तय किया गया कि कांवड़ यात्रा नहीं रुकेगी और शिवभक्तों को पूरी सुरक्षा मिलेगी। आज कांवड़ यात्रियों पर हेलिकॉप्टर से पुष्पवर्षा हो रही है। मेरठ से हरिद्वार के बीच बड़ी संख्या में कांवड़ यात्री शांतिपूर्वक यात्रा कर रहे हैं। यह बदले उत्तर प्रदेश की तस्वीर है, जहां आस्था, सुरक्षा और विकास साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं। पहले प्रदेश में आए दिन दंगे-उपद्रव होते थे, लेकिन पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में एक भी दंगा नहीं हुआ। बेटियों व व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

यूपी में हर जिले में मेडिकल कॉलेज
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने 'एक जिला, एक मेडिकल कॉलेज' की दिशा में तेजी से काम किया है। सिद्धार्थनगर में मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है और उसका संचालन हो रहा है। पिछले नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश में 83 मेडिकल कॉलेज स्थापित किए गए हैं। सरकार की इच्छाशक्ति हो तो विकास के बड़े कार्य संभव हैं। सरकार ने स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत किया है, ताकि पूर्वांचल के सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर और बस्ती जैसे जिलों में लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके।

काला चावल बना सिद्धार्थनगर की पहचान
मुख्यमंत्री ने सिद्धार्थनगर के काला नमक चावल का उल्लेख करते हुए कहा कि इसकी मांग तेजी से बढ़ी है। बाजार में एक किलो काला नमक चावल की कीमत करीब 200 रुपये तक मिल रही है और मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं हो पा रही है। इसके लिए बड़े फैसिलिटेशन सेंटर को मंजूरी दी गई है। कपिलवस्तु में भगवान बुद्ध से जुड़े पर्यटन और आध्यात्मिक विकास को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। यहां विपश्यना केंद्र के निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत की गई है।

सपा सरकार में पनपी नकल संस्कृति
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की बेसिक और माध्यमिक शिक्षा व्यवस्था की स्थिति खराब थी। सपा शासन में नकल को बढ़ावा दिया जाता था। उस समय नकल को जैसे 'जन्मसिद्ध अधिकार' बना दिया गया था। इससे प्रदेश के युवाओं के सामने आगे बढ़ने के अवसर सीमित हो गए थे। सरकारी नौकरी निकलते ही भर्ती प्रक्रिया में वसूली और भ्रष्टाचार का सिंडिकेट सक्रिय हो जाता था। आज पारदर्शी तरीके से युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा रही हैं। पिछले 9 वर्षों में प्रदेश में 9 लाख से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान
सीएम योगी ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं, महिलाओं, गरीबों, किसानों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, ग्राम चौकीदारों, रसोइयों और कोटेदारों सहित समाज के विभिन्न वर्गों के लिए बजट में प्रावधान किया है। क्रांतिकारियों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के सपनों को साकार करने के लिए सभी को विकास और राष्ट्र निर्माण के अभियान का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने प्रदेशवासियों से 'हर घर तिरंगा' अभियान से जुड़ने और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा लगाने का आह्वान किया। साथ ही सिद्धार्थनगर, इटवा, कपिलवस्तु और शोहरतगढ़ क्षेत्र की जनता का आभार जताते हुए स्वतंत्रता दिवस की अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डुमरियागंज से बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल, विधायक जय प्रताप सिंह, विधायक विनय वर्मा, विधायक श्याम धनी राही, विधान परिषद सदस्य सुभाष यदुवंश, ध्रुव कुमार त्रिपाठी, सिद्धार्थनगर जिला पंचायत प्रशासक शीतल सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष दीपक मौर्य, ओबीसी मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष शिवनाथ चौधरी समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports