,

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा का पूरे रास्ते पुष्पवर्षा से किया गया भव्य स्वागत

गोरखपुर अनगिनत गुब्बारों, झंडों के बीच तिरंगे में रंगा-सजा ढाई किलोमीटर का रास्ता। असंख्य हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज तिरंगा, वंदे मातरम और भारत माता की जय के बारंबार तरंगित होते उच्च स्वर। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पुष्पवर्षा की निर्बाधित श्रृंखला। राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को निकाली…

मुख्यमंत्री के नेतृत्व में निकाली गई तिरंगा यात्रा का पूरे रास्ते पुष्पवर्षा से किया गया भव्य स्वागत

गोरखपुर

अनगिनत गुब्बारों, झंडों के बीच तिरंगे में रंगा-सजा ढाई किलोमीटर का रास्ता। असंख्य हाथों में लहराता राष्ट्रध्वज तिरंगा, वंदे मातरम और भारत माता की जय के बारंबार तरंगित होते उच्च स्वर। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के बीच पुष्पवर्षा की निर्बाधित श्रृंखला। राष्ट्र प्रथम की भावना से ओतप्रोत, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में सोमवार को निकाली गई तिरंगा यात्रा के जरिये गोरखपुर महानगर भव्य और नयनाभिराम दृश्य का साक्षी बना। नगर निगम परिसर से रेलवे स्टेशन चौक तक निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में देशभक्ति की बयार बही तो राष्ट्र प्रथम का उद्घोष गुंजायमान होता रहा। हाथ में तिरंगा लेकर करीब ढाई किलोमीटर तक पदयात्रा करने वाले सीएम योगी पर पुष्पवर्षा करने के लिए गुरु गोरखनाथ की नगरी का हर नागरिक उत्साहित दिखाई दिया।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ करने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नगर निगम परिसर के पार्क में स्थापित वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्पार्चन कर प्रथम स्वातंत्र्य समर में उनके योगदान को याद किया। तत्पश्चात मंच पर पहुंचकर उन्होंने भारत माता के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। अपने संबोधन के जरिये तिरंगा को केंद्र में रखकर उन्होंने लोगों में राष्ट्र प्रथम और देशभक्ति की भावना का संचार किया। इसके बाद वह टाउन हाल पहुंचे और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर तिरंगा यात्रा की अगुवाई करते आगे बढ़े। तिरंगा यात्रा में सीएम के साथ सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव और अन्य जनप्रतिनिधि साथ-साथ कदम बढ़ा रहे थे। और, इनके समानांतर चल रहे थे उत्साह से सराबोर स्कूली बच्चे। सबके हाथ में लहरा रहा था राष्ट्रध्वज और राष्ट्रभक्ति के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज रहा था।  

यात्रा शुरू होने से पहले ही नगर निगम परिसर में बड़ी संख्या में लोग जुट चुके थे। देशभक्ति के गीतों के बीच स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग तिरंगा लेकर पहुंचे थे। बड़ी संख्या में लोग ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की टी-शर्ट व कैप पहने हुए थे। यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, लोगों का उत्साह भी बढ़ता गया। सीएम योगी की अगुवाई वाली तिरंगा यात्रा में अपार जनसमूह शामिल हुआ। सभी लोग हाथों में तिरंगा झंडा लहराते हुए चल रहे थे। ऐसा लग रहा था मानो सड़कों पर तिरंगे के साथ जनसमुद्र उमड़ पड़ा हो। जैसे जैसे यात्रा आगे बढ़ती रही, पूरा मार्ग राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से प्रतिबिंबित होता रहा। तिरंगा यात्रा में वंदे मातरम और भारत माता की जय के नारे देशभक्ति के ज्वार का माहौल बना रहे थे। नगर निगम से लेकर रेलवे स्टेशन चौक स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक सड़क के किनारे पहले से मौजूद हर उम्र वर्ग के लोगों, विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक, व्यापारिक संगठनों के लोगों ने जयघोष के बीच पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत किया। सीएम ने मुस्कुराते हुए सभी का अभिवादन स्वीकार किया। पदयात्रा करते हुए मुख्यमंत्री रेलवे स्टेशन के सामने स्थित महाराणा प्रताप की प्रतिमा तक पहुंचे। यहां उन्होंने प्रतिमा पर पुष्पार्चन कर यात्रा को विराम दिया। महाराणा प्रताप की प्रतिमा के पास मुख्यमंत्री ने तिरंगे गुब्बारे छोड़े और इसके बाद सेल्फी लेकर उन्होंने इस पल को कैमरे में कैद किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कुछ बच्चों को चॉकलेट भी दी।

16 स्थानों पर हुआ तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत

तिरंगा यात्रा के मार्ग पर 16 स्थानों पर विभिन्न संगठनों की तरफ से ढोल-नगाड़ों की गूंज के साथ पुष्पवर्षा कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। होटल शिवाय के सामने दवा विक्रेता समिति, पतंजलि स्टोर के सामने मारवाड़ी युवा मंच, कचहरी चौक पर अधिवक्ता परिषद, कृपाल वस्त्रालय के सामने सिंधी समाज, जलकल के सामने गोलघर व्यापार मंडल, गांधी आश्रम के सामने मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सेवा समिति, बलदेव प्लाजा के सामने बलदेव प्लाजा व्यापार एसोसिएशन, गणेश चौक पर सिख समाज, नेशनल मेडिकल स्टोर के समीप अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, काली मंदिर के पास पार्षद मनु जायसवाल, साइबर थाना के सामने पूर्वांचल उद्योग व्यापार मंडल, पुलिस लाइन तिराहा पर सराफा मंडल, सीओ कार्यालय के सामने अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, यातायात तिराहा पर राप्ती कॉम्प्लेक्स व्यापार एसोसिएशन, मालकिन होटल के पास चिकित्सा प्रकोष्ठ और वरदान होटल के सामने शिक्षक प्रकोष्ठ की तरफ से यात्रा का भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। 

8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से तिरंगा यात्रा का अभिनंदन

तिरंगा यात्रा को यादगार बनाने के लिए संस्कृतिकर्मियों और लोक कलाकारों ने भी कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। यात्रा का 8 स्थानों पर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अभिनंदन किया गया। होटल शिवाय के पास बंटी बाबा ग्रुप, कचहरी चौक पर सोनिका सिंह ग्रुप, जलकल पर सुगम सिंह ग्रुप, गोलघर सेंट्रल के सामने रुचि कोरी ग्रुप, काली मंदिर के पास हीना कोमल शर्मा ग्रुप, पुलिस लाइन तिराहा पर प्रेम पराया ग्रुप, यातायात तिराहा पर गजेंद्र ग्रुप और वरदान होटल के पास विंध्याचल आजाद ग्रुप ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। 

तिरंगा यात्रा को मोबाइल कैमरों में कैद करने की होड़

तिरंगा यात्रा का दृश्य ऐसा अपूर्व था कि सड़क के किनारे खड़े लोगों में इसे अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने और रील बनाने की होड़ मची रही। रोड के डिवाइडर पर,  दुकानों के बाहर, घर की छतों पर हर व्यक्ति तिरंगा यात्रा की याद को तस्वीरों के जरिये अहर्निश जीवंत बनाने को आतुर दिखाई दिया।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports