,

पूर्व की सरकारों के एजेंडे में था सिर्फ स्वयं का विकास, सरकारी धन लूटकर छिपाते थे दुबई में : सीएम योगी

गोरखपुर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर बिना नाम लिए पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों के एजेंडे में प्रदेश का विकास नहीं था। उनका विकास केवल ‘सैफई सिंडिकेट’ के विकास तक सीमित रह गया था। उनका मानना था कि स्वयं का विकास हो, बाकी प्रदेश भाड़…

पूर्व की सरकारों के एजेंडे में था सिर्फ स्वयं का विकास, सरकारी धन लूटकर छिपाते थे दुबई में : सीएम योगी

गोरखपुर
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक बार फिर बिना नाम लिए पूर्व की सपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले की सरकारों के एजेंडे में प्रदेश का विकास नहीं था। उनका विकास केवल ‘सैफई सिंडिकेट’ के विकास तक सीमित रह गया था। उनका मानना था कि स्वयं का विकास हो, बाकी प्रदेश भाड़ में जाए। इसीलिए वे दंगा, गुंडागर्दी, लूटपाट करवाते थे। प्रदेश के सरकारी खजाने की लूटपाट करवाते थे। लूट का यह धन वे दुबई में छिपाते थे ताकि भविष्य में उनके या संतानों के काम आए। यही कारण है कि ईरान जब दुबई पर मिसाइल दागता है तो तकलीफ इनको होती है।

मंगलवार को गोरखपुर के योगिराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह में आयोजित पीआरडी जवानों के सम्मेलन में मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में पीआरडी जवानों के कार्यों की प्रशंसा की, उन्हें प्रोत्साहित किया और 2017 के पूर्व प्रदेश की स्थिति एवं अब आए बदलाव का भी विस्तार से उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 2017 के बाद जो प्रगति प्रदेश के अंदर हुई है वह सामूहिक प्रयास का परिणाम है। उनकी सरकार समग्रता के साथ सर्वसमावेशी विकास की बात करती है। सीएम ने कहा, ‘हमने गांव, गरीब, नौजवान, महिलाओं की बात की है तो साथ ही जवान की बात भी की है। सरकार ने युवाओं के कल्याण, महिलाओं के उत्थान, अन्नदाता किसानों की खुशहाली, गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाने के साथ सरकारी कर्मचारियों, अपने जवानों के सम्मान, सुविधा और संरक्षण के लिए कार्य किया।’ सीएम योगी ने कहा कि जब सबने मिलकर प्रयास किया तो परिवर्तन भी हुआ है।

मिसाइल गिरने पर चिल्ला रहे दुबई में पैसा छिपाने वाले
मुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग प्रदेश को लूटते और लुटवाते थे उनसे प्रदेश की प्रगति की उम्मीद भी नहीं की जा सकती। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए निशाना साधा कि प्रदेश को लूटने वालों ने अपने बाल-बच्चों के लिए, आने वाली कई पीढ़ियों के लिए भारी भरकम पैसा दुबई में संचित करके रखा हुआ है। इनको लगता है कोई खतरा आएगा और वे वहां भाग जाएंगे। सीएम ने तल्ख चुटकी लेते हुए कहा, ‘जिन लोगों ने दुबई में पैसा छिपाया था, आपने देखा होगा अभी अमेरिका-ईरान के युद्ध में मिसाइल ठीक वहीं गिर रही थी। मौतें दुबई में हो रही थीं, मिसाइल वहां गिर रही थी और चिल्लाहट इन नेताओं के घर में हो रही थी। क्योंकि, उनका सब अवैध कमाई का पैसा जा रहा था। वे मिसाइलें उनके अवैध कमाई पर भी गिर रही थीं। और, यह ऐसी लूट करने वालों पर ऐसे ही होता है।’

जो खुद कुछ कर नहीं पाए, आज लगा रहे आरोप
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में विकास और सकारात्मक परिवर्तन नजर आता है। जबकि इसी प्रदेश में पहले रोज दंगे होते थे,  कर्फ्यू लगता था। न बेटी सुरक्षित थी, न व्यापारी सुरक्षित था। आवागमन के साधन नहीं थे। चारों ओर अव्यवस्था थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश के विकास को लेकर वे ही लोग आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं, जो मौका मिलने पर खुद कुछ कर नहीं पाए। आज जब कोई परिणाम दे रहा है तो उन्हें सबसे ज्यादा बुरा यह लग रहा है कि हम कर नहीं पाए, यह कैसे कर दिए।

माफिया को प्रश्रय देकर यूपी को बना दिया था बीमारू
सीएम योगी ने कहा कि आज जो लोग आरोप लगा रहे हैं वे अपनी सत्ता में कुछ कर भी नहीं सकते थे। क्योंकि, वे अक्षम और भ्रष्ट थे। माफिया के सामने घुटने टेकते थे। प्रदेश में हर प्रकार के माफिया को प्रश्रय देकर उत्तर प्रदेश जैसे समृद्ध राज्य को उन्होंने बीमारू राज्य बना दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की सबसे उर्वरा भूमि, सबसे अच्छी ऊर्जावान युवा शक्ति, सबसे अच्छे प्रगतिशील किसान, पढ़ी-लिखी बेटी, अच्छे व्यापारी यानी सब कुछ होने के बाद भी उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य हो गया था। सीएम ने कहा अपने कृत्यों से जिन्होंने प्रदेश को बीमार बनवा दिया हो, वे यहां के नागरिकों की बीमारी का उपचार क्या कर पाते।

प्रदेश से दंगाई और माफिया गायब
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 के पूर्व प्रदेश के नौजवान के सामने पहचान का संकट था। गरीब भुखमरी से मरने के लिए मजबूर था। किसान आत्महत्या करने के लिए मजबूर था। बेटी की सुरक्षा में कोई माफिया सेंध लगा देता था। हर दूसरे दिन दंगा होता था। बिजली नदारद, सड़कें गायब थीं। यही तो थी प्रदेश की पहचान। अब तो सड़क भी अच्छी है तथा बिजली भी खूब आती है। प्रदेश से माफिया गायब हैं, दंगे समाप्त हैं। दंगाई और माफिया हमेशा के लिए रसातल की तरफ गायब हो गए हैं यानी समाप्त।

यूपी अब बीमारू नहीं, देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन
सीएम योगी ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य नहीं है, बल्कि भारत की अर्थव्यवस्था का एक ग्रोथ इंजन बनकर उभरा है। हमने नौ वर्ष में उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था को तीन गुना किया है। कभी कुल 12 लाख करोड़ रुपये वाली उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था आज 36 लाख करोड़ रुपये की है। प्रति व्यक्ति आय 43000 रुपये थी, आज वह 1 लाख 20 हजार रुपये है। यहां का जो सालाना बजट 3 लाख करोड़ का था, आज वह 9 लाख 70 हजार करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। सीएम ने कहा यह प्रगति के साथ प्रगति का नया मानक भी है।
 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed