चंडीगढ़
पंजाब में आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार और 3 लाख सरकारी मुलाजिमों के बीच आर-पार की लड़ाई शुरू हो गई है। सरकार ने ढ़ाई हजार मुलाजिमों की लिस्ट तैयार कर ली है, जो बीती 27 अगस्त को दफ्तर से गैरहाजिर होकर हड़ताल में शामिल हुए थे।
अब सरकार इन पर सर्विस रूल्स के मुताबिक सस्पेंड करने, फोर्स लीव पर भेजने, सेलरी काटने से लेकर नियमों से जुड़ी कोई भी कार्रवाई कर सकती है। वहीं मुलाजिमों ने भी सरकार के सामने झुकने से इनकार कर दिया है। मुलाजिमों ने सीधे CM भगवंत मान के खिलाफ डिजिटल स्ट्राइक शुरू कर दी है। जिसमें CM को फेसबुक, X (पहले ट्विटर) और इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने की अपील की गई है। कल मुलाजिमों की लुधियाना में मीटिंग भी रखी गई है।
मुलाजिमों पर एक्शन क्यों हो रहा पंजाब सरकार के करीब 3 लाख मुलाजिम बकाया DA, ओल्ड पेंशन स्कीम के अलावा कच्चे मुलाजिमों को पक्का करने समेत 8 मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। 27 अगस्त को मुलाजिमों ने सामूहिक छुट्टी लेकर महा हड़ताल की। इसके बाद सरकार ने उनसे मीटिंग तय कर ली। पहले चंडीगढ़ स्थित पंजाब भवन और फिर इसे जालंधर के PAP कॉम्प्लैक्स में तय किया गया।
हालांकि मीटिंग से एक घंटे पहले CM भगवंत मान ने साफ किया कि पहले हड़ताल खत्म करो, फिर बातचीत होगी। इसके बाद मुलाजिम नेता PAP कॉम्पलैक्स में पहुंचे लेकिन CM मीटिंग करने नहीं आए। एक अफसर ने मुलाजिम नेताओं को कहा कि पहले वे हड़ताल खत्म करने का वीडियो जारी करें, उसके बाद सीएम आएंगे। मुलाजिम नहीं माने तो सीएम ने मीटिंग रद्द कर दी।
इसके बाद सरकार ने सभी विभागों के सेक्रेटरीज को लेटर जारी कर कहा कि वह उन सब मुलाजिमों की लिस्ट भेजें, जो बिना वजह के ड्यूटी से गैरहाजिर रहे। इसके बाद सरकार ये एक्शन लेने की तैयारी में है।
सरकार की सख्ती पर मुलाजिमों के 2 बड़े एक्शन
1. लुधियाना मीटिंग में अगले संघर्ष का ऐलान सरकारी मुलाजिमों के सांझा मोर्चा की कल लुधियाना में मीटिंग बुलाई गई है। जिसमें सरकार की तरफ से किए जा रहे एक्शन के अलावा मांगें न माने जाने को लेकर आगे के संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। मुलाजिम नेताओं का कहना है कि सरकार चाहे एस्मा लगा दे लेकिन वह पीछे नहीं हटेंगे।
2. सोशल मीडिया पर अनफॉलो मुहिम मुलाजिम यूनियनों ने CM को सोशल मीडिया पर अनफॉलो करने की मुहिम शुरू कर दी है। लुधियाना के मुलाजिम नेता तेजिंदर सिंह नंगल ने लिखा- हम CM भगवंत मान को फॉलो करते थे, लेकिन इन्होंने हमें बुलाकर भी मीटिंग नहीं की। इसलिए सारे मुलाजिम उन्हें अनफॉलो कर रहे हैं।
















