,

लखनऊ के चौक में फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण, राजनाथ सिंह बोले- विकास लोगों के जीवन में महसूस होना चाहिए

लखनऊ  राजधानी के चौक क्षेत्र में नवनिर्मित फ्रेगरेंस पार्क का शनिवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर पार्क परिसर में स्थापित पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीदे आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। साथ ही लगभग 43 करोड़ रुपये की…

लखनऊ के चौक में फ्रेगरेंस पार्क का लोकार्पण, राजनाथ सिंह बोले- विकास लोगों के जीवन में महसूस होना चाहिए

लखनऊ
 राजधानी के चौक क्षेत्र में नवनिर्मित फ्रेगरेंस पार्क का शनिवार को रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद राजनाथ सिंह ने लोकार्पण किया। इस अवसर पर पार्क परिसर में स्थापित पंजाब केसरी लाला लाजपत राय और शहीदे आजम भगत सिंह की आदमकद प्रतिमाओं का भी अनावरण किया गया। साथ ही लगभग 43 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित विभिन्न विकास कार्यों का शिलान्यास किया गया।

समारोह को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि सरदार भगत सिंह युवा भारत की ऊर्जा के प्रतीक थे जबकि लाला लाजपत राय अनुभवी भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं। राष्ट्र निर्माण के लिए ऊर्जा और अनुभव, दोनों की आवश्यकता होती है। फ्रेगरेंस पार्क में स्थापित दोनों महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं सही अर्थों में दो पीढ़ियों के संवाद का संदेश देती हैं।

उन्होंने कहा कि आज की जीवनशैली में लोग एक-दूसरे को पर्याप्त समय नहीं दे पा रहे हैं। बच्चे भी बड़ी मात्रा में स्क्रीन के सामने समय बिता रहे हैं। ऐसे समय में पार्क और खुले सार्वजनिक स्थल लोगों को एक-दूसरे से जोड़ने का काम करते हैं। पार्क किसी भी शहर के सोशल इंफ्रास्ट्रक्चर का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि विकास ऐसा होना चाहिए जिसमें कंक्रीट और प्रकृति के बीच बेहतर समन्वय हो।

राजनाथ सिंह ने कहा कि वह लखनऊ का समग्र और समावेशी विकास चाहते हैं। शहर में स्थान-स्थान पर हरियाली, बेहतर कनेक्टिविटी और नागरिक सुविधाओं का विस्तार होना चाहिए। उनका प्रयास है कि लखनऊ का विकास केवल आंकड़ों में नहीं बल्कि लोगों के जीवन में महसूस हो। शहर केवल सड़कों, मॉल और इमारतों से नहीं बनता, बल्कि पार्क, खुले मैदान, हरियाली और नागरिक सुविधाएं भी शहर के विकास का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उन्होंने इस दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण के कार्यों की सराहना की।

कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के सामूहिक गायन से हुई। तत्पश्चात क्षेत्रीय विधायक डा. नीरज बोरा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। अपने उद्बोधन में  उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन की विभीषिका का दंश झेलकर पाकिस्तान से भारत आए परिवारों ने देश के विभिन्न हिस्सों में नए सिरे से अपना जीवन शुरू किया। विस्थापित परिवारों को जहां-जहां बसाया गया वहां लाजपत नगर जैसे नामों के माध्यम से उनके संघर्ष और स्मृतियों को सम्मान दिया गया। उन्होंने कहा कि उनकी इच्छा थी कि लाला लाजपत राय के नाम पर एक सुंदर पार्क विकसित हो और परिसर में पंजाब केसरी लाला लाजपत राय तथा शहीदे आजम भगत सिंह की प्रतिमाएं स्थापित हों। इस संबंध में उन्होंने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से अनुरोध किया था।

कार्यक्रम के दौरान रक्षा मंत्री ने एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पार्क परिसर में चंदन का पौधा रोपा। इसके बाद बटन दबाकर दोनों महान स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया। फ्रेगरेंस पार्क में विभिन्न प्रकार के सुगंधित एवं औषधीय पौधे लगाए गए हैं। इससे यह क्षेत्र के नागरिकों के लिए हरित, सुगंधित और स्वास्थ्यवर्धक सार्वजनिक स्थल के रूप में विकसित होगा।

कार्यक्रम में भारत विभाजन की 80 वर्ष पूर्व हुई मानवीय त्रासदी पर केंद्रित लघु फिल्म का प्रसारण किया गया। फिल्म के माध्यम से विभाजन के दौरान विस्थापन और पीड़ा झेलने वाले परिवारों के संघर्ष को प्रस्तुत किया गया। इसके साथ ही लखनऊ में हो रहे विभिन्न विकास कार्यों पर आधारित लखनऊ विकास प्राधिकरण की लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

इस अवसर पर रक्षा मंत्री ने विभाजन के समय पाकिस्तान से भारत आए परिवारों का अभिनन्दन किया। इनमें पूर्व विधायक विद्यासागर गुप्ता, पूर्व महापौर संयुक्ता भाटिया तथा जसवंत कौर शामिल रहीं।

कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यसभा सांसद एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा, सांसद बृजलाल, संजय सेठ, महापौर सुषमा खर्कवाल, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा, विधायक योगेश शुक्ला, ओपी श्रीवास्तव, उमेश द्विवेदी, सांसद प्रतिनिधि दिवाकर त्रिपाठी, उत्तर प्रदेश सहकारी ग्राम विकास बैंक के सभापति विवेक तोमर, मंडल अध्यक्ष दयाशंकर पांडे, क्षेत्रीय पार्षद अनुराग मिश्रा, वैज्ञानिक डॉ. शरद श्रीवास्तव सहित भाजपा पदाधिकारी, पार्षद, जनप्रतिनिधि, लखनऊ विकास प्राधिकरण के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र गान के साथ हुआ।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports