,

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

दुनिया में मुस्लिम से मुस्लिम, कम्युनिस्ट से कम्युनिस्ट और क्रिश्चियन से क्रिश्चियन लड़ रहे हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्यनगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रामलीला कार्यक्रम को किया संबोधित भारत में सनातन की छाया में…

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

दुनिया में मुस्लिम से मुस्लिम, कम्युनिस्ट से कम्युनिस्ट और क्रिश्चियन से क्रिश्चियन लड़ रहे हैं: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

जाति के नाम पर समाज को बांटने वालों में रावण की आत्मा: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आर्यनगर में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित रामलीला कार्यक्रम को किया संबोधित

भारत में सनातन की छाया में सबको मिल रही सुरक्षा : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा- रामलीला में किसी की जाति नहीं पूछी जाती, कर्म और संवाद का महत्व

नशे के सौदागरों और दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ एकजुट हो समाज

विजयादशमी पर मुख्यमंत्री ने सामाजिक एकता और राष्ट्रहित का किया आह्वान

 गोरखपुर
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि दुनिया में मुस्लिम से मुस्लिम, कम्युनिस्ट से कम्युनिस्ट और क्रिश्चियन से क्रिश्चियन लड़ रहे हैं, जबकि भारत सनातन की छाया में हर जाति, संप्रदाय, मत और मजहब को सुरक्षा देने के साथ बिना भेदभाव समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत की यह परंपरा उसकी सांस्कृतिक चेतना और समन्वय की भावना को दर्शाती है। मुख्यमंत्री ने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोग राष्ट्र की एकता को कमजोर करते हैं। उन्होंने समाज से दुष्प्रचार, नशे और विभाजनकारी प्रवृत्तियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

आर्यनगर रामलीला मैदान में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभु श्रीराम का जीवन मर्यादा, संकल्प और वचन-कर्म की एकरूपता का संदेश देता है। रामलीलाएं इसी आदर्श को गांव-गांव तक पहुंचाने के साथ सामाजिक समरसता की मिसाल प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कहा कि विजयादशमी का संकल्प केवल रावण के दस सिर जलाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अन्याय, अत्याचार, अधर्म, भ्रष्टाचार, दुराचार, दुष्प्रचार, भ्रम और नशे के खिलाफ संघर्ष को भी मजबूत करना चाहिए।

सनातन की छाया में सभी को सुरक्षा और समृद्धि
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में दुनिया के विभिन्न समुदायों और विचारधाराओं के बीच संघर्ष का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया में मुस्लिम से मुस्लिम, कम्युनिस्ट से कम्युनिस्ट और क्रिश्चियन से क्रिश्चियन आपस में लड़ रहे हैं। इसके विपरीत, भारत सनातन की छाया में हर जाति, संप्रदाय, मत और मजहब को सुरक्षा दे रहा है और बिना भेदभाव समृद्धि के पथ पर आगे बढ़ा रहा है।

उन्होंने भारत की सांस्कृतिक परंपरा को सामाजिक समन्वय और सह-अस्तित्व से जोड़ते हुए कहा कि देश की एकता और मजबूती ही उसकी विरासत तथा सम्मान की रक्षा का आधार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब भारत कमजोर होता है, तब उसकी सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत पर आघात होता है। राम जन्मभूमि, कृष्ण जन्मभूमि और काशी विश्वनाथ जैसे धार्मिक स्थलों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश की मजबूती से ही अपनी परंपराओं और सम्मान को सुरक्षित रखने की क्षमता बढ़ती है।

मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण को संकल्प और एकता का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि राम मंदिर आंदोलन के दौरान सत्ता नहीं, बल्कि संकल्प था। रामभक्तों ने कठिनाइयों के बावजूद मंदिर निर्माण का विश्वास बनाए रखा। उनके अनुसार, सनातन समाज की एकजुटता ने इस संकल्प को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

जाति के नाम पर बांटने वाले रावण की प्रवृत्ति से प्रेरित
मुख्यमंत्री ने जाति, क्षेत्र और भाषा के नाम पर समाज को बांटने वालों पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग समाज की एकता को खंडित करके राष्ट्र को कमजोर करना चाहते हैं, वे रावण की प्रवृत्ति से प्रेरित हैं। उन्होंने कहा कि रावण भी समाज की एकता को खंडित करता था। भारत को कमजोर करने की कोशिश करने वाली ऐसी प्रवृत्तियों के विरुद्ध लोगों को एकजुट रहना चाहिए।

उन्होंने कहा कि रामलीलाएं समाज को जोड़ने और समरसता का संदेश देने का काम करती हैं। गांवों में राम, लक्ष्मण, भरत, शत्रुघ्न, सीता, दशरथ, कौशल्या, कैकेयी, हनुमान, सुग्रीव, अंगद, जामवंत, शबरी और निषादराज जैसे पात्र स्थानीय लोग निभाते हैं। इस प्रक्रिया में समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ आते हैं और सामूहिक रूप से परंपरा का निर्वहन करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रामलीला में किसी पात्र की जाति नहीं पूछी जाती। उसके कार्य, संवाद और समाज के प्रति योगदान को महत्व दिया जाता है। यह परंपरा समानता, एकता और सामाजिक समरसता का आदर्श प्रस्तुत करती है। उन्होंने लोगों से जाति, क्षेत्र और भाषा के आधार पर विभाजन के बजाय राष्ट्रहित और सामाजिक एकता को प्राथमिकता देने की अपील की।

दुष्प्रचार और भ्रम फैलाने वालों से सावधान रहने की अपील
मुख्यमंत्री ने अयोध्या और राम मंदिर को लेकर दुष्प्रचार किए जाने का आरोप लगाते हुए लोगों से सही और गलत के बीच अंतर पहचानने की अपील की। हनुमान जी और कालनेमि के प्रसंग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि छल और कपट को पहचानना आवश्यक है। केवल राम-राम कहने से किसी की मंशा सही साबित नहीं होती, उसके आचरण और उद्देश्य को भी देखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और दीपोत्सव जैसे आयोजन देश की सांस्कृतिक चेतना के प्रतीक हैं। मुख्यमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि समाज में भ्रम फैलाकर एकता को कमजोर करने वाले प्रयासों का मिलकर मुकाबला करें।

हनुमान जी के संकल्प का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, “राम काजु कीन्हें बिनु मोहि कहाँ विश्राम।” मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग के माध्यम से समाज और राष्ट्र के हित में अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संदेश दिया।

नशे के खिलाफ समाज को भी निभानी होगी जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने नशे को समाज और युवा पीढ़ी के लिए गंभीर खतरा बताते हुए कहा कि इसके खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की जिम्मेदारी नहीं है। सरकार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के विरुद्ध कार्रवाई कर रही है और उनकी संपत्तियां जब्त करने सहित कठोर कदम उठा रही है, लेकिन समाज को भी अपनी भूमिका निभानी होगी।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का जीवन बर्बाद करने वाली गतिविधियों को अपने आसपास पनपने नहीं देना चाहिए। परिवार, मोहल्ले और समाज के स्तर पर नशे के खिलाफ आवाज उठाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने विजयादशमी के पर्व को इस अभियान से जोड़ते हुए कहा कि रावण के प्रतीकात्मक वध के साथ समाज को उन बुराइयों के विरुद्ध भी संकल्प लेना चाहिए, जो नई पीढ़ी और सामाजिक जीवन को नुकसान पहुंचा रही हैं।

उन्होंने नशे के खिलाफ संघर्ष को सनातन धर्म की रक्षा और समाज के कल्याण का हिस्सा बताते हुए हर नागरिक से इस लड़ाई में सहभागी बनने की अपील की। उनके अनुसार, दुष्प्रचार करने वाले, समाज में भ्रम पैदा करने वाले और नशे के माध्यम से युवाओं को बर्बाद करने वाले तत्वों के खिलाफ युवाओं, नारी शक्ति और पूरे समाज को एकजुट होना होगा।

परिवार और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें लोग
मुख्यमंत्री ने आधुनिक जीवनशैली में परिवार के लिए समय निकालने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक ही घर में रहने के बावजूद कई बार परिवार के सदस्य सोशल मीडिया और अपने-अपने कार्यों में व्यस्त रहते हैं। लोगों को परिवार के साथ समय बिताने, धार्मिक ग्रंथों और महापुरुषों की जीवनियों को पढ़ने तथा अपनी परंपराओं से जुड़ने का प्रयास करना चाहिए।

उन्होंने देश के प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों की यात्रा करने की सलाह देते हुए कैलाश मानसरोवर, बदरीनाथ, केदारनाथ, जगन्नाथपुरी, द्वारकापुरी, कन्याकुमारी, रामेश्वरम और धनुषकोटि का उल्लेख किया। कहा कि ऐतिहासिक और धार्मिक स्थलों पर जाकर वहां की परंपराओं को समझने से नई प्रेरणा मिलती है। इसका लाभ बच्चों को भी मिलता है और वे अपनी सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से जान पाते हैं।

जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया रामराज्य की अवधारणा का आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने रामराज्य की अवधारणा को आदर्श शासन की प्रेरणा के रूप में स्वीकार किया है। इसका उद्देश्य ऐसा समाज बनाना है, जहां किसी को दुख और दरिद्रता का सामना न करना पड़े, हर व्यक्ति को सम्मान मिले और अन्याय-अत्याचार के लिए कोई जगह न हो।

उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, विद्युत कनेक्शन, रसोई गैस कनेक्शन और प्रधानमंत्री मुफ्त अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि जरूरतमंदों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का काम किया जा रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रदेश में 67 लाख विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति दी जा रही है। गरीब परिवारों की बेटियों की शिक्षा और विवाह के लिए भी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत बेटियों के विवाह के लिए एक लाख रुपये तक का अनुदान दिए जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने रोजगार और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के प्रयासों की भी जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से लाभार्थियों के खातों में सीधे धनराशि पहुंचाने से भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। नारी गरिमा और सुरक्षा को शासन की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं के सम्मान पर आघात करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जन्मभूमि और मातृभूमि के सम्मान का संदेश
मुख्यमंत्री ने रामायण के प्रसंग का उल्लेख करते हुए कहा कि लंका पर विजय प्राप्त करने के बाद भी प्रभु श्रीराम वहां के वैभव से मोहित नहीं हुए। उन्होंने लक्ष्मण को जन्मभूमि का महत्व समझाते हुए कहा था, “जननी जन्मभूमिश्च स्वर्गादपि गरीयसी।” मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग के माध्यम से राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने और भारत की एकता एवं अखंडता के लिए संकल्पबद्ध रहने की अपील की।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता यदि देश की एकता और राष्ट्रहित के संकल्प के साथ आगे बढ़ेगी तो समाज को बांटने और अराजकता फैलाने वाली ताकतों को परास्त किया जा सकेगा। अन्याय करने, नारी गरिमा को ठेस पहुंचाने तथा सनातन धर्म और भारत के खिलाफ दुष्प्रचार करने वालों को उनके कृत्यों का परिणाम भुगतना पड़ेगा।

विजय शोभायात्रा में शामिल हुए गोरक्षपीठाधीश्वर
विजयादशमी के पावन अवसर पर गोरखनाथ मंदिर के तत्वावधान में आयोजित पारंपरिक विजय शोभायात्रा में गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। नाथपंथ के पारंपरिक परिधान में सुसज्जित होकर वह विजयरथ पर सवार हुए और गोरखनाथ मंदिर से निकलने वाली भव्य शोभायात्रा की अगुवाई की। तुरही, नगाड़ों और बैंड-बाजे की गूंज के बीच शोभायात्रा मानसरोवर मंदिर पहुंची, जहां मुख्यमंत्री ने देवाधिदेव भगवान शिव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

इसके बाद शोभायात्रा मानसरोवर रामलीला मैदान पहुंची। यहां मुख्यमंत्री ने मंच पर पहुंचकर भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी की पूजा-आरती की तथा प्रभु श्रीराम का राजतिलक किया। इस अवसर पर आर्यनगर रामलीला समिति के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने अंगवस्त्र पहनाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। समिति के पदाधिकारियों दीप अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सुधीर जैन, कीर्तिरमण, अनुराग गुप्ता, विकास जालान और महेश पोद्दार ने विशाल माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। अतुल सराफ, अनूप सराफ, शोभित मोहन दास और पुष्पदंत जैन ने मुख्यमंत्री को स्मृति चिह्न के रूप में भगवान श्रीराम की प्रतिमा भेंट की। रामलीला का निर्देशन कर रहे स्वामी नेमाई ने उन्हें श्रीरामचरितमानस भेंट की।

पुष्पदंत जैन ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
आर्यनगर रामलीला समिति के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन ने रामलीला मैदान और मंच को सनातन धर्म के लिए मुख्यमंत्री की अमूल्य देन बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री केवल एक मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि एक विचार हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश को उत्तम प्रदेश बनाने और अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के संकल्प को साकार करने में मुख्यमंत्री की भूमिका की सराहना की।

जैन ने कहा कि गोरक्षपीठ की परंपरा सदियों से धर्म और राष्ट्र की रक्षा करती आई है। आर्यनगर की रामलीला केवल मंचीय आयोजन नहीं, बल्कि बच्चों को राम के आदर्शों से परिचित कराने का माध्यम है। राम मर्यादा, त्याग और न्याय के प्रतीक हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री की जनसेवा को रामराज्य की अवधारणा से जोड़ते हुए उन्हें प्रदेश के लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बताया।

कार्यक्रम में रहे मौजूद
कार्यक्रम में गोरखपुर के महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र सिंह, गोरखपुर ग्रामीण के विधायक विपिन सिंह, आर्यनगर रामलीला समिति के अध्यक्ष पुष्पदंत जैन, उपाध्यक्ष अतुल सराफ, महामंत्री दीप अग्रवाल और कोषाध्यक्ष मनीष अग्रवाल सहित समिति के पदाधिकारी सुधीर जैन, कीर्तिरमण, अनुराग गुप्ता, विकास जालान, महेश पोद्दार और शोभित मोहन दास उपस्थित रहे। मंच पर पूज्य संतजन तथा रामलीला आयोजन से जुड़े पदाधिकारी और श्रद्धालु भी मौजूद थे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed