,

छठ पूजा से पहले रांची नगर निगम का बड़ा फैसला, घाटों पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई

रांची छठ घाटों पर अर्घ्य देने के लिए स्थान घेरने और अवैध रूप से बुकिंग करने वालों की अब खैर नहीं। कोई भी व्यक्ति घाट पर अपना नाम या मोबाइल नंबर लिखकर अथवा किसी अन्य तरीके से स्थान पर एकाधिकार स्थापित नहीं कर सकेगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल दंडात्मक…

छठ पूजा से पहले रांची नगर निगम का बड़ा फैसला, घाटों पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कार्रवाई

रांची
छठ घाटों पर अर्घ्य देने के लिए स्थान घेरने और अवैध रूप से बुकिंग करने वालों की अब खैर नहीं। कोई भी व्यक्ति घाट पर अपना नाम या मोबाइल नंबर लिखकर अथवा किसी अन्य तरीके से स्थान पर एकाधिकार स्थापित नहीं कर सकेगा। ऐसा करते पकड़े जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

रांची नगर निगम ने छठ महापर्व के दौरान घाटों पर अवैध कब्जे और मनमानी रोकने के लिए सख्त रुख अपनाया है। नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने शनिवार को चार प्रमुख छठ घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को इस संबंध में स्पष्ट निर्देश दिए।

नगर आयुक्त ने अरगोड़ा तालाब, बटन तालाब (डोरंडा), स्वर्णरेखा नदी घाट (नामकुम) और तिरिल तालाब (कोकर) का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि छठ महापर्व से पहले सभी घाटों पर सफाई, सुरक्षा, रोशनी और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं।

घाटों पर अतिरिक्त सफाईकर्मियों की तैनाती कर विशेष सफाई अभियान चलाने को कहा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि घाटों पर अवैध बुकिंग या स्थान घेरने की गतिविधि दिखने पर निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर सूचना दें।

स्वर्णरेखा घाट की सफाई के लिए लगेंगी दो पोकलेन
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने घाटवार तैयारियों को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग निर्देश दिए। अरगोड़ा तालाब की क्षतिग्रस्त बाउंड्री की मरम्मत, आवश्यक घेराबंदी और पेंटिंग कराने के साथ दो दिनों में पूरे परिसर की सफाई सुनिश्चित करने को कहा। तालाब के पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यकतानुसार फिटकरी, ई-बॉल और ब्लीचिंग पाउडर का इस्तेमाल करने तथा नालियों का गंदा पानी तालाब में जाने से रोकने का निर्देश दिया।

बटन तालाब में सिविल वर्क और पेंटिंग के साथ अतिरिक्त रोशनी की व्यवस्था करने को कहा गया। वहीं, स्वर्णरेखा नदी घाट की सफाई के लिए तत्काल दो पोकलेन मशीनें लगाने, नदी से गाद हटाने और जल का प्राकृतिक प्रवाह बनाए रखने का निर्देश दिया गया। घाट तक पहुंचने वाले रास्तों की सफाई और घास की कटाई भी कराई जाएगी। तिरिल तालाब के संपर्क पथों को स्टोन डस्ट से समतल करने और शेष निर्माण कार्य जल्द पूरा करने को कहा गया।

घाटों पर चलाया जाएगा विशेष डॉग रेस्क्यू अभियान
छठ महापर्व तक प्रमुख घाटों और उनके संपर्क रास्तों पर विशेष डॉग रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य आवारा कुत्तों के कारण श्रद्धालुओं को होने वाली परेशानी से बचाना है। नगर आयुक्त ने छठ पूजा समितियों से भी विशेष सफाई अभियान में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छठ घाटों की स्वच्छता और सुंदरता बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, इसमें पूजा समितियों और आम नागरिकों की सहभागिता भी जरूरी है।

नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व के बाद भी तालाबों की स्वच्छता, सुंदरता और पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने के लिए नियमित व्यवस्था विकसित की जाए। निरीक्षण के दौरान अपर नगर आयुक्त संजय कुमार, सहायक नगर आयुक्त, कार्यपालक अभियंता, नगर प्रबंधक, वार्ड पार्षद और निगम के विभिन्न शाखाओं के पदाधिकारी मौजूद थे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports