,

अलीगढ़ में शादी का बजट 2 से 3 लाख रुपये बढ़ा, खाद्य सामग्री से लेकर कपड़ों तक महंगाई

अलीगढ़ शादियों का सीजन आते ही अलीगढ़ में खाद्य तेल और दलहन की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर डाका डालना शुरू कर दिया है। पिछले 15 दिन में सरसों का तेल 20 रुपये लीटर और अरहर दाल 30 रुपये किलो तक महंगी हो गई है। शादी-विवाह के सीजन में मांग बढ़ते ही व्यापारियों…

अलीगढ़ में शादी का बजट 2 से 3 लाख रुपये बढ़ा, खाद्य सामग्री से लेकर कपड़ों तक महंगाई

अलीगढ़
शादियों का सीजन आते ही अलीगढ़ में खाद्य तेल और दलहन की कीमतों ने आम आदमी की जेब पर डाका डालना शुरू कर दिया है। पिछले 15 दिन में सरसों का तेल 20 रुपये लीटर और अरहर दाल 30 रुपये किलो तक महंगी हो गई है। शादी-विवाह के सीजन में मांग बढ़ते ही व्यापारियों ने भी दाम बढ़ा दिए हैं। हर उत्पाद पर 10 से 15 फीसदी की मंहगाई देखने को मिल रही है। कपड़ा, इलेक्ट्रानिक, सराफा, बर्तन, ऑटोमोबाइल, फर्नीचर, मेकअप, ब्यूटी पार्लर, होटल, बैंक्वेट हाल, कैटर, हलवाई सभी के रेट बढ़ गए हैं। जिसका बजट 15 लाख था उसको दो से तीन लाख रुपये का और बंदोबस्त करना पड़ रहा है।

20 नवंबर से सहालग शुरू हो रहे हैं। उसको लेकर लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। तैयारियों के बीच लोगों को महंगाई से दो चार होना पड़ रहा है। खाद्य पदार्थों की कीमतों में इजाफा होने से दावत भी महंगी हो गई है। कैटर, हलवाई व टेंट वालों ने रेट बढ़ा दिए हैं। कॉमर्शियल गैस सिलेंडर, चीनी, ट्रांसपोर्ट समेत अन्य चीजें महंगी हो गई हैं। घी, सरसों तेल, रिफाइंड, मैदा, आटा, सूजी, बेसन, मावा, पनीर, दूध सभी के रेट बढ़े हुए हैं। जो दावत 10 लाख में होती थी उसका बजट 12 से 15 लाख रुपये पहुंच गया है।

खाद्य पदार्थ ही नहीं कपड़ा और इलेक्ट्रानिक पर भी महंगाई की मार
अलीगढ़ में अब थीम पर आधारित शादियां हो रही हैं। इसलिए अलग-अलग कार्यक्रम के लिए अलग-अलग तरह के परिधान की खरीदारी लोग कर रहे हैं। महंगाई केवल खाद्य पदार्थों पर ही नहीं बल्कि कपड़ा, फुटवियर, इलेक्ट्रानिक, फर्नीचर पर भी पड़ रही है। त्योहार के बाद बुधवार से रेलवे रोड, मैरिस रोड, सेंटर प्वाइंट, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, महावीरगंज, मामू भांजा, जीटी रोड, सासनी गेट, आगरा रोड, नौरंगाबाद, अमीरनिशा मार्केट समेत अन्य स्थानों पर खरीदारी शुरू हो जाएगी। कपड़ा और होम फर्निशिंग के बाजार शादियों को लेकर सज गए हैं। साड़ियां, लंहगे, रेडीमेड, वेस्टर्न ड्रेस, कुर्ता पायजामा, टेक्सटाइल व शादी वाले घर के सजावटी उत्पादों की विस्तृत वैरायटी और रेंज बाजार में उपलब्ध है। एसी, फ्रिज, कूलर, एलईडी, बल्टी, मग्गा, लोटा, बैठक, गद्दे, बेड, सोफा, चार पहिया वाहन, किराने का सामन, घी, तेल, चावल, डालडा, रिफाइंड, घड़ी, पंखा, अलमारी समेत दहेज के लिए दी जाने वाली अन्य वस्तुओं के रेट में इजाफा हुआ है।

इस तरह से बढ़े हैं खाद्य सामग्री के रेट
सरसों तेल 175 रुपये लीटर से 220 रुपये, रिफाइंड तेल 135 रुपये लीटर से 152 रुपये, अरहर दाल 165 रुपये किलो से 195 रुपये, मूंग दाल 140 रुपये किलो से 158 रुपये, चना दाल 75 रुपये किलो से 92 रुपये, मसूर दाल 95 रुपये किलो से 112 रुपये किलो तक पहुंच गई है।

शादियों के चलते बढ़ी मांग
अलीगढ़ में इस महीने 500 से ज्यादा शादियां हैं। शादी वाले घरों में 50-50 लीटर तेल और 20-20 किलो दाल की खरीद हो रही है। मंडी के थोक व्यापारी भगवान स्वरूप ने बताया कि सहालग में हर साल दाम बढ़ते हैं, इस बार बाहर से माल कम आने से दाम और ज्यादा बढ़ गए हैं। त्योहारी सीजन के बाद अब सहालग के आर्डर आने लग जाएंगे। 20 नवंबर से सहालग शुरू हो जाएंगे।

क्या बोले व्यापारी
अलीगढ़ के महावीरगंज के थोक किराना कारोबारी भगवान स्वरूप ने कहा कि त्योहारी सीजन बीतने के बाद अब सहालग की खरीदारी होगी। जिनके घर शादी 20 नवंबर की है उनके पर्चे एडवांस में आ गए हैं। भाईदूज बाद माल की सप्लाई दी जाएगी। कुछ खाद्य पदार्थों के भाव में इजाफा हुआ है। कैटरर मनीष ने कहा कि शादियों को लेकर जो आर्डर लिए गए थे उसकी बुकिंग में इजाफा किया गया था। पिछले साल इन दिनों में जो बुकिंग 8 लाख की थी वह अब 10 लाख से अधिक की हो गई है। लेबर से लेकर गैस, आटा, मैदा, बेसन, तेल, ट्रांसपोर्ट सब महंगा हो गया है। वहीं सरसों तेल के थोक विक्रेता मुकुल गुप्ता ने कहा कि सरसों तेल और रिफाइंड के दाम में पिछले 10 से 15 फीसदी इजाफा हुआ है। कीमतों में वृद्धि लगातार हो रही है। ब्रांडेड से लेकर कोल्हू पर सरसों के तेल के रेट बढ़ गए हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports