Bharat Mobility Expo 2027: 10 लाख मेहमानों के आने की उम्मीद, दुनिया की बड़ी कंपनियां जुटेंगी

 नई दिल्ली ऑटोमोबाइल की दुनिया में भारत एक बार फिर अपनी ताकत दिखाने जा रहा है. इस बार मामला सिर्फ नई कारों और बाइक्स की लॉन्चिंग तक सीमित नहीं होगा. दुनिया की बड़ी ऑटो कंपनियां होंगी. फ्यूचर मोबिलिटी की तकनीक होगी. इलेक्ट्रिक वाहनों से लेकर बैटरी, टायर और ऑटो पार्ट्स तक का पूरा बाजार एक…

Bharat Mobility Expo 2027: 10 लाख मेहमानों के आने की उम्मीद, दुनिया की बड़ी कंपनियां जुटेंगी

 नई दिल्ली

ऑटोमोबाइल की दुनिया में भारत एक बार फिर अपनी ताकत दिखाने जा रहा है. इस बार मामला सिर्फ नई कारों और बाइक्स की लॉन्चिंग तक सीमित नहीं होगा. दुनिया की बड़ी ऑटो कंपनियां होंगी. फ्यूचर मोबिलिटी की तकनीक होगी. इलेक्ट्रिक वाहनों से लेकर बैटरी, टायर और ऑटो पार्ट्स तक का पूरा बाजार एक छत के नीचे नजर आएगा. और मंच होगा भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो (BMGE 2027) का। 

भारत मंडपम से लेकर यशोभूमि तक फैले इस महा आयोजन में दुनिया भर की ऑटोमोबाइल कंपनियां, वाहन निर्माता, टेक्नोलॉजी कंपनियां और निवेशक एक मंच पर जुटेंगे. इस बार आयोजन में 50 से ज्यादा देशों की भागीदारी होगी और 1,750 से अधिक एक्जीबीटर्स अपने प्रोडक्ट और नई तकनीक पेश करेंगे. 10 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने भी इस आयोजन को भारत के लिए विश्व बाजार में अपनी ताकत दिखाने का बड़ा मौका बताया है। 

कब और कहां होगा ये ऑटो एक्सपो

हैवी इंडस्ट्री मिनिस्ट्री ने 10 नवंबर को नई दिल्ली में भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2027 के तीसरे एडिशन का औपचारिक ऐलान किया. यह आयोजन 4 से 9 फरवरी 2027 तक नई दिल्ली के भारत मंडपम और द्वारका स्थित यशोभूमि में होगा. इस बार एक्सपो की थीम 'स्मार्टर मोबिलिटी फॉर बेटर टूमारो' रखी गई है. इसका मकसद भारत को मोबिलिटी मैन्युफैक्चरिंग, नई तकनीक, इनोवेशन और निवेश के लिए दुनिया के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है। 

इस बार ऑटो एक्सपो में 1,750 से ज्यादा कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है. इसमें अमेरिका, चीन, जापान, मैक्सिको, श्रीलंका, जर्मनी, इटली, स्पेन और ताइवान जैसे देशों की कंपनियां भी हिस्सा लेंगी. यह आयोजन ऑटोमोबाइल कंपनियों को नए वाहनों और तकनीकों को पेश करने के साथ-साथ दूसरे देशों की कंपनियों के साथ कारोबारी साझेदारी करने का मौका देगा. इस बार आयोजन स्थलों पर कुल 2.5 लाख वर्ग फीट का एग्जिबिशन स्पेस तैयार किया जाएगा। 

11 शो के लिए सजेगा मंच
इस बार भारत मोबिलिटी एक्सपो में ऑटोमोबाइल सेक्टर से जुड़े अलग-अलग क्षेत्रों को मिलाकर कुल 11 शो आयोजित किए जाएंगे. इनमें ऑटो एक्सपो- मोटर शो, इंडिया इंटरनेशनल टायर शो, भारत बैटरी शो, इंडिया साइकिल शो, मोबिलिटी टेक पवेलियन, स्टील एंड एडवांस मैटेरिलय पवेलियन और द कंपोनेंट एंड टेक्नोलॉजी शो शामिल हैं. इसके अलावा भारत कंस्ट्रक्शन इक्यूपमेंट एक्सपो, एग्री मोबिलिटी एंड टेक्नोलॉजी एक्सपो, एयर मोबिलिटी एक्सपो और मेट्रो एंड अर्बन मास ट्रांजिल एक्सपो भी आयोजित होंगे। 

इस तरह यह एक्सपो केवल कार और बाइक तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि टायर, बैटरी, ऑटो पार्ट्स, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, मैन्चुफैक्चरिंग एक्यूपमेंट, एग्रीकल्चर टेक्नोलॉजी और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से जुड़ी कंपनियों को भी एक बड़ा मंच मिलेगा. भारत मंडपम में 4 से 9 फरवरी तक और यशोभूमि में 4 से 7 फरवरी तक आयोजन होंगे। 

ऑटो इंडस्ट्री के लिए बड़ा टार्गेट
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने ऑटोमोबाइल और मोबिलिटी इंडस्ट्री से भारत के बाहर भी अपने कारोबार का विस्तार करने की अपील की. उन्होंने कहा कि भारतीय कंपनियों को ग्लोबल मार्केट में अपनी पहुंच बढ़ाने और देश में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को मजबूत करने पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने आयोजकों और उद्योग जगत से कहा कि एक्सपो में आने वाले अनुमानित 10 लाख लोगों में कम से कम 25,000 अंतरराष्ट्रीय विजिटर्स को शामिल करने का लक्ष्य रखा जाना चाहिए। 

मंत्री ने यह भी कहा कि इस आयोजन का फायदा केवल बड़ी वाहन निर्माता कंपनियों यानी OEMs तक सीमित नहीं रहना चाहिए. इसमें टायर डीलर्स, सप्लायर्स, ऑटो कंपोनेंट निर्माता और आफ्टर-सेल्स मार्केट से जुड़े कारोबारियों की भी भागीदारी भी होनी चाहिए। 

पीयूष गोयल ने भारत के एक्सपोर्ट बिजनेस को लेकर भी जानकारी दी. उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में 1 ट्रिलियन डॉलर के एक्सपोर्ट का लक्ष्य हासिल करने की दिशा में देश आगे बढ़ रहा है. सितंबर के आंकड़ों के अनुसार, वित्त वर्ष के शुरुआती छह महीनों में करीब 480 अरब डॉलर का एक्सपोर्ट हो चुका है. यह पूरे साल के टार्गेट का लगभग 48 फीसदी है. उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग सेक्टर में करीब 22 फीसदी की ग्रोथ दर्ज की गई है। 

गोयल के मुताबिक, भारत यूरोपीय यूनियन के 27 देशों के साथ बिजनेस को लेकर भी आगे बढ़ रहा है. उम्मीद है कि मार्च या अप्रैल तक भारतीय कारोबारियों को यूरोपीय यूनियन के बाजार में जीरो ड्यूटी पर कारोबार करने का अवसर मिल सकता है. इसके अलावा भारत 7 से 8 अन्य देशों के साथ भी बिजनेस एग्रीमेंट पर बातचीत कर रहा है. उन्होंने कहा कि इन समझौतों के बाद भारत को दुनिया की करीब 75 फीसदी GDP वाले बाजारों में प्रायोरिटी के आधार पर कारोबार करने की सुविधा मिलेगी. इससे भारतीय कंपनियों के लिए विदेशों में अपने प्रोडक्ट बेचने और मैन्युफैक्चरिंग बढ़ाने के नए रास्ते खुलेंगे। 

धनतेरस पर जमकर बिकीं कारें
पीयूष गोयल ने घरेलू ऑटोमोबाइल बाजार की बढ़ती मांग का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि नवरात्रि के दौरान देश में करीब 10 लाख कारों की बिक्री हुई थी. वहीं, धनतेरस के दो दिनों में लगभग 70,000 कारें बिकीं. उन्होंने कहा कि भारत में हर साल करीब 2.5 करोड़ दोपहिया वाहनों की बिक्री होती है. इसमें एक्सपोर्ट के आंकड़े शामिल नहीं हैं. मंत्री ने भारतीय ऑटोमोबाइल उद्योग के लिए एक बड़ा लक्ष्य भी रखा. उनके मुताबिक, भारत को घरेलू बाजार में हर साल 1 करोड़ पैसेंजर व्हीकल बेचने का टार्गेट रखना चाहिए। 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports