,

400 एकड़ में फैले हाथी पुनर्वास केंद्र में सर्दी से बचाव के लिए किए गए विशेष इंतजाम

छछरौली बानसंतौर स्थित चौधरी सुरेंद्र सिंह हाथी पुनर्वास केंद्र में सर्दियों से बचाव के साथ हाथियों के खानपान में बदलाव लाया गया है। यहां लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू, लिली व चंचल नाम की हथिनियों के लिए मौसम अनुसार पौष्टिक आहार दिया जाने लगा है। इसमें उन्हें गुड़-चना, देसी घी से बनी बाजरे की खिचड़ी, गन्ना व केला…

400 एकड़ में फैले हाथी पुनर्वास केंद्र में सर्दी से बचाव के लिए किए गए विशेष इंतजाम

छछरौली
बानसंतौर स्थित चौधरी सुरेंद्र सिंह हाथी पुनर्वास केंद्र में सर्दियों से बचाव के साथ हाथियों के खानपान में बदलाव लाया गया है।

यहां लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू, लिली व चंचल नाम की हथिनियों के लिए मौसम अनुसार पौष्टिक आहार दिया जाने लगा है। इसमें उन्हें गुड़-चना, देसी घी से बनी बाजरे की खिचड़ी, गन्ना व केला खिलाया जाता है। साथ ही महावत तिल के तेल से उनकी मालिश कर रहे हैं।

पति की याद में 2007 में स्थापित कराया केंद्र
400 एकड़ में फैले केंद्र की स्थापना वर्ष 2007 में तत्कालीन वन मंत्री किरण चौधरी ने अपने पति एवं दिवंगत कांग्रेस नेता चौधरी सुरेंद्र सिंह की स्मृति में कराई थी।

इसका उद्देश्य सर्कस व अन्य गतिविधियों में इस्तेमाल होने वाले और प्रतिकूल परिस्थितियों में रह रहे हाथियों को सुरक्षित आश्रय व बेहतर देखभाल देना था। किरण चौधरी वर्तमान में भाजपा से राज्यसभा सदस्य हैं, वहीं उनकी बेटी श्रुति चौधरी हरियाणा सरकार में सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री हैं।

वन एवं वन्य प्राणी विभाग के निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि दूरदराज के क्षेत्रों से लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू, लिली, चंचल व मोती हथिनियों को यहां लाया गया था। मोती की बुढ़ापे के कारण मृत्यु हो चुकी है। अब चार हथिनियां केंद्र में हैं।

वन विभाग व एसओएस संस्था संभालते जिम्मेदारी
हथिनियों की सुरक्षा वन विभाग के जिम्मे है, जबकि खानपान व स्वास्थ्य की देखभाल वाइल्डलाइफ एसओएस संस्था करती है। विभाग की ओर से वन्यजीव रक्षक और दरोगा स्तर के कर्मचारी तैनात हैं। संस्था का एक प्रबंधक, एक पशु चिकित्सक व चार महावत उनकी देखभाल में जुटे हैं।

उम्र के हिसाब से अलग खुराक
निरीक्षक लीलू राम ने बताया कि गर्मियों में लक्ष्मी-वन, लक्ष्मी-टू व लिली को प्रतिदिन करीब ढाई क्विंटल हरा चारा, पांच किलोग्राम फल व छह किलोग्राम खिचड़ी दी जाती है। चंचल को 150 किलोग्राम हरा चारा, 20 किलोग्राम फल, 30 किलोग्राम हरी सब्जियां व 15 किलोग्राम खिचड़ी दी जाती है।

इसके अलावा 250 ग्राम देसी घी, 100 ग्राम च्यवनप्राश व आधा किलोग्राम उबले चने भी खिलाए जाते हैं। सर्दियों में सभी की खुराक में गुड़-चना, बाजरे की खिचड़ी, गन्ना व केला शामिल किया जाता है। नहाने के लिए अलग-अलग तालाब व सर्दी से बचाव के लिए तीन शेड बनाए गए हैं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports