भोपाल
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेश में संगठित अपराध, लूट एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार सघन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मैहर पुलिस ने लूट एवं वाहन चोरी की गंभीर वारदातों में संलिप्त एक अंतरराज्यीय शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। आरोपी फर्जी पहचान एवं किराये पर वाहन बुक करने के बहाने वाहन चालकों को अपने जाल में फंसाता था तथा अपने साथियों के साथ सुनसान स्थानों पर मारपीट एवं लूट कर वाहन लेकर फरार हो जाता था।
पुलिस अधीक्षक मैहर अवधेश प्रताप सिंह के निर्देशन में थाना कोतवाली मैहर की पुलिस टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।
किराये पर वाहन बुक कर लूट एवं चोरी की वारदातों को दिया अंजाम
जांच में सामने आया कि 02 सितंबर को जिला रीवा के वाहन चालक की बोलेरो पिकअप को सामान परिवहन के लिए किराये पर बुक कर मैहर क्षेत्र में ले जाया गया तथा अवसर पाकर वाहन चोरी कर लिया गया। इस संबंध में थाना कोतवाली मैहर में प्रकरण दर्ज किया गया था।
इसी प्रकार 19 सितंबर को छतरपुर निवासी एक अन्य वाहन चालक को किराये पर सामान परिवहन के बहाने मैहर बुलाया गया। सरलानगर रोड टोल प्लाजा के आगे सुनसान स्थान पर आरोपियों ने चालक के साथ मारपीट कर मोबाइल फोन एवं वाहन की चाबी छीन ली तथा पिकअप वाहन लूटकर फरार हो गए। इस घटना पर प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
सीसीटीवी फुटेज एवं तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
दोनों घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम द्वारा घटनास्थलों एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज का सूक्ष्म विश्लेषण किया गया। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तंत्र एवं सतत पतारसी के आधार पर वारदातों में संलिप्त आरोपियों की पहचान की गई। दोनों प्रकरणों में शामिल पांच आरोपियों को पूर्व में गिरफ्तार किया जा चुका था।
प्रकरण का मुख्य आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदलकर पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था। पुलिस टीम द्वारा उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान प्राप्त विश्वसनीय सूचना के आधार पर उसे छतरपुर से अभिरक्षा में लेकर विधिवत गिरफ्तार किया गया।
मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में भी वारदातों में संलिप्तता उजागर
पूछताछ एवं विवेचना के दौरान आरोपी की मैहर के अतिरिक्त सतना, छतरपुर एवं विदिशा जिलों में हुई चोरी एवं लूट की घटनाओं में संलिप्तता सामने आई है। इसके अतिरिक्त आरोपी के विरुद्ध मध्यप्रदेश एवं उत्तरप्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, कूटरचना एवं अन्य गंभीर अपराधों से संबंधित कुल 21 आपराधिक प्रकरणों का विवरण सामने आया है।
अपराध करने का तरीका
पुलिस विवेचना में आरोपी के अपराध करने के विभिन्न तरीके सामने आए हैं। आरोपी अलग-अलग स्थानों पर फर्जी पहचान बनाकर स्वयं को पुलिसकर्मी, डॉक्टर, वकील अथवा शासकीय कर्मचारी बताता था। कई बार पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर आम नागरिकों से अवैध वसूली एवं ठगी भी करता था।
इसके अतिरिक्त किराये पर कमरा लेकर स्थानीय लोगों से मेलजोल बढ़ाकर उनका विश्वास अर्जित करता तथा परिचित व्यक्तियों से बहाने से वाहन लेकर फरार हो जाता था। वहीं, सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचाने के बहाने वाहन बुक कर चालकों को सुनसान स्थानों पर ले जाकर अपने साथियों के साथ मारपीट एवं लूट की वारदातों को अंजाम देता था।
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना तंत्र एवं पुलिस की सतत मेहनत से फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी तथा चोरी एवं लूटे गए दोनों पिकअप वाहनों की बरामदगी मध्यप्रदेश पुलिस की प्रभावी अपराध नियंत्रण रणनीति और पेशेवर पुलिसिंग का महत्वपूर्ण उदाहरण है।
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संगठित एवं अंतरराज्यीय अपराधों में संलिप्त अपराधियों की पहचान कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई तथा अपराधों से अर्जित संपत्ति की बरामदगी के लिए अभियान निरंतर जारी है।
















