भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बनी सहमति, अंतिम दौर में पहुंची बातचीत: एस जयशंकर

वाशिंगटन  विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका ने प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े ज्यादातर मुद्दों को सुलझा लिया है और शेष चिंताओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि इस समझौते को जल्द ही अंतिम रूप दिया जा सकता है। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र…

भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर बनी सहमति, अंतिम दौर में पहुंची बातचीत: एस जयशंकर

वाशिंगटन 
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शनिवार को कहा कि भारत और अमेरिका ने प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े ज्यादातर मुद्दों को सुलझा लिया है और शेष चिंताओं को दूर करने के लिए बातचीत जारी है। उन्होंने कहा कि इस समझौते को जल्द ही अंतिम रूप दिया जा सकता है। उनकी यह टिप्पणी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जी20 शिखर सम्मेलन के लिए अमेरिका की संभावित यात्रा से एक महीने पहले आई है। इस सम्मेलन से इतर मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात हो सकती है, जिसमें वे द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक दिशा और व्यापार समझौते पर हुई प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं।

विदेश मंत्री ने 'एचटी लीडरशिप समिट' में एक संवाद सत्र के दौरान कहा कि बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि शेष बचे कई मुद्दे ''भारत की ओर से नहीं हैं और अमेरिकी पक्ष में अधिक बदलाव हुए हैं। उन्होंने व्यापार समझौते को लेकर जारी बातचीत पर एक सवाल के जवाब में कहा, ''हमें पूरी उम्मीद है और कई मायनों में यह भरोसा भी है कि बातचीत अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। यह कोई गोपनीय बात नहीं है।'' ऐसी अटकलें हैं कि भारत और अमेरिका 14 और 15 दिसंबर को मियामी में होने वाले जी20 शिखर सम्मेलन से इतर मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत के बाद व्यापार समझौते की घोषणा कर सकते हैं।

जयशंकर ने कहा कि उनकी समझ के मुताबिक ज्यादातर मुद्दों का समाधान हो चुका है। उन्होंने कहा, ''कुछ मुद्दे अभी अंतिम चरण में हैं और कई मामलों में ये चिंताएं भारत की तरफ से नहीं हैं, क्योंकि अमेरिका की ओर से भारत की तुलना में अधिक बदलाव हुए हैं।'' उन्होंने कहा, ''उम्मीद है कि हम इसे जल्द ही अंतिम रूप दे देंगे। बातचीत के अंतिम दौर में सभी पक्षों का अधीर होना स्वाभाविक है।'' पिछले महीने अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मुंबई में कहा था कि दोनों पक्ष व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं।

भारत और अमेरिका प्रस्तावित व्यापार समझौते को लेकर 2025 की शुरुआत से बातचीत कर रहे हैं। इसका उद्देश्य शुल्क संबंधी मतभेदों को दूर करना, गैर-शुल्क बाधाओं को खत्म करना और दोनों देशों के बीच बाजार तक पहुंच बढ़ाना है। भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके उत्पादों पर प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम शुल्क लगाया जाए। जयशंकर ने कहा, ''हमारे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हम ऐसा व्यापार समझौता चाहते हैं जो फायदेमंद और संतुलित हो।''

उन्होंने कहा, ''हम वास्तव में यही चाहते हैं और व्यापार समझौता होने के बाद हम खुद को इसी स्थिति में देखना चाहते हैं।'' विदेश मंत्री ने दोनों देशों के व्यापक हितों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित व्यापार समझौते को एक ''बड़े परिप्रेक्ष्य'' में देखने की भी अपील की। उन्होंने कहा, ''हमारे मामले में, कई शुरुआती व्यापार समझौते एशियाई अर्थव्यवस्थाओं के साथ किए गए थे और उनमें से कई अर्थव्यवस्थाएं वास्तव में प्रतिस्पर्धी थीं। इन मुक्त व्यापार समझौतों (एफटीए) से लोगों को जिस लाभ की उम्मीद थी, वह वास्तव में पूरी तरह नहीं मिल पाया।''

उन्होंने कहा, ''आज यदि पिछले कुछ वर्षों में हुए एफटीए पर गौर करें, तो मुझे लगता है कि उन पर कहीं अधिक सोच-विचार किया गया है। उनका रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से भी अधिक आकलन किया गया है।'' जयशंकर ने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार है और उसके साथ व्यापार समझौता होने से देश को फायदा होगा।

उन्होंने कहा, ''जब आप इस व्यापक परिप्रेक्ष्य में देखते हैं कि अमेरिका हमारा सबसे बड़ा बाजार है और दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था भी है, तो जाहिर है कि ऐसी अर्थव्यवस्था के साथ व्यापार समझौता होने से हमें फायदा होगा।'' विदेश मंत्री ने कहा, ''अमेरिका के लिए राष्ट्रपति ट्रंप जाहिर तौर पर अपने देश के लिए बाजारों में सुधार के उद्देश्य से कई द्विपक्षीय समझौते करना चाहते हैं। अब चुनौती दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य रास्ता तलाशने की है।'' उन्होंने यह भी संकेत दिया कि शुल्क से जुड़े मुद्दों का समाधान हो गया है।

'पूरी प्रक्रिया बेहद सावधानी से पूरी की है'
जयशंकर ने कहा, ''अगर आप इस मामले को गंभीरता से लेते हैं, तो आपको शुल्क की हर श्रेणी पर अलग-अलग विस्तार से बातचीत करनी पड़ती है। इसमें समय लगता है। हमने अब यह पूरी प्रक्रिया बेहद सावधानी से पूरी की है। हर किसी में इसके लिए धैर्य रखने या सच कहें तो इस प्रक्रिया को समझने की क्षमता नहीं रही है।'' उन्होंने कहा, ''लेकिन मुझे लगता है कि इतनी मेहनत करने के बाद अब हम लगभग अंतिम पड़ाव पर पहुंच गए हैं। मेरा मानना है कि थोड़ा और धैर्य रखें, उम्मीद है कि हम इसे हासिल कर लेंगे।'' यदि व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे दिया जाता है, तो इससे दोनों देशों के द्विपक्षीय संबंधों में व्यापक सुधार का नया दौर शुरू हो सकता है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports