,

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा से मध्यप्रदेश के पर्यटन को मिली नई उड़ान

आस्था, विरासत और वन्यजीव स्थलों तक आसान हुई पहुंच, अब तक 5 हजार 333 यात्रियों ने उठाया लाभ भोपाल प्रदेश में पर्यटन को त्वरित, सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ एक सफल और महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक…

पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा से मध्यप्रदेश के पर्यटन को मिली नई उड़ान

आस्था, विरासत और वन्यजीव स्थलों तक आसान हुई पहुंच, अब तक 5 हजार 333 यात्रियों ने उठाया लाभ

भोपाल
प्रदेश में पर्यटन को त्वरित, सुगम और आरामदायक बनाने की दिशा में ‘पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा’ एक सफल और महत्वपूर्ण पहल बनकर उभरी है। इस सेवा के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख आध्यात्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ा गया है। इनमें उज्जैन और ओंकारेश्वर के पवित्र ज्योतिर्लिंग, मैहर स्थित मां शारदा मंदिर, भगवान श्रीराम की तपोभूमि चित्रकूट, झीलों की नगरी भोपाल, इंदौर, ओरछा और चंदेरी की ऐतिहासिक धरोहरें तथा कान्हा और बांधवगढ़ जैसे विश्वप्रसिद्ध टाइगर रिजर्व शामिल हैं। कम समय में प्रदेश के विविध पर्यटन स्थलों तक सुगम पहुंच होने के कारण देश-विदेश के पर्यटक यात्रा का अनूठा अनुभव प्राप्त कर रहे हैं।

आवास, भोजन और दर्शन सहित संपूर्ण यात्रा पैकेज की सुविधा
पीएमश्री हेली पर्यटन सेवा के अंतर्गत यात्रियों की सुविधा और आराम को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए एक संपूर्ण यात्रा पैकेज उपलब्ध कराया जा रहा है। इस पैकेज में गंतव्य स्थल पर ठहरने, भोजन और स्थानीय भ्रमण के लिए टैक्सी जैसी सभी आवश्यक सुविधाएं सम्मिलित हैं। धार्मिक पर्यटन को अधिक सहज बनाने के लिए प्रमुख मंदिरों में दर्शन की पूर्व निर्धारित व्यवस्था की गई है, साथ ही पर्यटन स्थलों के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से परिचित कराने के लिए प्रशिक्षित गाइड भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को हेलीपैड तक लाने और ले जाने के लिए पिक-अप एवं ड्रॉप की सुविधा भी दी जा रही है, जिससे उनकी पूरी यात्रा बेहद आरामदायक और यादगार बन रही है।

आध्यात्मिक सर्किट से 2 हजार 477 श्रद्धालुओं ने किए प्रमुख तीर्थों के दर्शन
आध्यात्मिक सर्किट के अंतर्गत इंदौर, उज्जैन और ओंकारेश्वर जैसे प्रमुख धार्मिक केंद्रों को हवाई सेवा से जोड़ा गया है, जिसके तहत श्रद्धालुओं के लिए तीन विशेष यात्रा पैकेज संचालित किए जा रहे हैं। इनमें इंदौर–उज्जैन–ओंकारेश्वर–इंदौर यात्रा का किराया 30 हजार रूपये, इंदौर–उज्जैन–इंदौर यात्रा का किराया 14 हजार 500 रूपये और इंदौर–ओंकारेश्वर–इंदौर यात्रा का किराया 18 हजार रूपये निर्धारित किया गया है। श्रद्धालुओं के बीच इस सेवा की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि नवम्बर 2025 से सितम्बर 2026 की अवधि में इस सर्किट के माध्यम से 2 हजार 477 से अधिक यात्रियों ने हेली पर्यटन सेवा का लाभ उठाया है।

हेरिटेज सर्किट और जॉय राइड से ऐतिहासिक धरोहरों की सैर
प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत से पर्यटकों को रूबरू कराने के लिए हेरिटेज सर्किट के तहत बेहतरीन हवाई कनेक्टिविटी उपलब्ध कराई गई है। इस सर्किट में भोपाल–ओरछा–भोपाल यात्रा का किराया 14 हजार 500 रूपये, भोपाल से चंदेरी का किराया 5 हजार 500 रूपये, भोपाल से ओरछा का किराया 6 हजार 500 रूपये और चंदेरी से ओरछा की यात्रा का किराया 2 हजार 750 रूपये रखा गया है। इसके साथ ही, आकाश से रोमांचक दृश्य देखने के इच्छुक पर्यटकों के लिए 3 हजार 500 रूपये के किराए पर विशेष ‘जॉय राइड’ की सुविधा भी उपलब्ध है। अप्रैल 2026 से सितम्बर 2026 तक इस सर्किट के माध्यम से कुल 684 पर्यटकों ने हवाई यात्रा का आनंद लिया है।

वाइल्डलाइफ एवं आस्था सर्किट बना पर्यटकों की पहली पसंद
वन्यजीव पर्यटन स्थलों और प्रमुख धार्मिक केंद्रों को आपस में जोड़ने वाले वाइल्डलाइफ एवं आस्था सर्किट के अंतर्गत पर्यटकों के लिए कई आकर्षक पैकेज उपलब्ध हैं। इसके तहत जबलपुर–मैहर यात्रा का किराया 5 हजार रूपये, जबलपुर–बांधवगढ़ का 6 हजार 500 रूपये, जबलपुर–चित्रकूट का 7 हजार 500 रूपये और जबलपुर–कान्हा यात्रा का किराया 6 हजार रूपये निर्धारित किया गया है। वहीं, मैहर–चित्रकूट यात्रा के लिए 5 हजार रूपये तथा बांधवगढ़–कान्हा यात्रा के लिए 7 हजार रूपये किराया तय किया गया है। नवम्बर 2025 से सितम्बर 2026 तक इस सर्किट के माध्यम से 2 हजार 172 यात्रियों ने सफर किया है, जिससे आध्यात्मिक, हेरिटेज और वाइल्डलाइफ सहित तीनों सेक्टरों में कुल लाभान्वित यात्रियों की संख्या 5 हजार 333 तक पहुंच गई है।

ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आसान बुकिंग सुविधा
इस नवाचारी पहल के तहत कोई भी पर्यटक घर बैठे अत्यंत सरलता से अपनी हवाई यात्रा की योजना बना सकता है। इस सुविधाजनक और किफायती यात्रा पैकेज का लाभ उठाने के लिए इच्छुक यात्री आधिकारिक वेबसाइट www.flyola.in, air.irctc.co.in/flyola और www.transbharat.in पर जाकर ऑनलाइन टिकट बुकिंग कर सकते हैं।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports