,

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की दुर्लभ पांडुलिपियों ने खींचा सबका ध्यान

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र बने आकर्षण का केंद्र 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण प्रदेश की ऐतिहासिक और अभिलेखीय विरासत की दिख रही झलक छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग की विशेष प्रदर्शनी में प्राचीन ज्ञान परंपरा से परिचित हो रहे आगंतुक रायपुर…

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की दुर्लभ पांडुलिपियों ने खींचा सबका ध्यान

अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र बने आकर्षण का केंद्र

16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण

प्रदेश की ऐतिहासिक और अभिलेखीय विरासत की दिख रही झलक

छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग की विशेष प्रदर्शनी में प्राचीन ज्ञान परंपरा से परिचित हो रहे आगंतुक

रायपुर
 नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित 45 वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में छत्तीसगढ़ की सदियों पुरानी दुर्लभ पांडुलिपियां और प्राचीन ताम्रपत्र आगंतुकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। छत्तीसगढ़ पवेलियन में प्रदर्शित 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों में लिखित श्रीमद्भगवद्गीता की दुर्लभ पांडुलिपि विशेष आकर्षण का केंद्र है। गोंडवाना की शासिका रानी दुर्गावती के समकालीन कालखंड से संबंधित यह पांडुलिपि प्रदेश की समृद्ध साहित्यिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत की महत्वपूर्ण झलक प्रस्तुत करती है। इसके साथ ही वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र भी प्रदर्शनी में रखा गया है, जो तत्कालीन अभिलेखीय परंपरा और ऐतिहासिक धरोहर का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

छत्तीसगढ़ के दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र प्रदर्शित 

              छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग के अंतर्गत पुरातत्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा लगाई गई इस विशेष प्रदर्शनी में विभिन्न कालखंडों की दुर्लभ पांडुलिपियां और ताम्रपत्र प्रदर्शित किए गए हैं। इनमें रामायण के बालकांड और किष्किंधा कांड से संबंधित पांडुलिपियों के साथ राधा विनोद महाकाव्य, ज्योतिष शास्त्र, आयुर्वेद तथा अन्य साहित्यिक और धार्मिक विषयों से जुड़े हस्तलिखित ग्रंथ शामिल हैं।

ताड़पत्र पर लिखित पांडुलिपियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र 

            प्रदर्शनी में ताड़पत्र पर लिखित पांडुलिपियां भी विशेष आकर्षण का केंद्र हैं। प्राचीन काल में कागज के व्यापक प्रचलन से पहले ताड़पत्रों पर ग्रंथों और महत्वपूर्ण जानकारियों को लिखकर सुरक्षित रखा जाता था। वहीं ताम्रपत्रों का उपयोग महत्वपूर्ण अभिलेखों, राजकीय आदेशों और अन्य ऐतिहासिक विवरणों को दर्ज करने के लिए किया जाता था। वर्ष 1735 का मराठाकालीन ताम्रपत्र इसी ऐतिहासिक अभिलेखीय परंपरा का परिचय कराता है।

दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों का यह संग्रह नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराने में सहायक

         यह प्रदर्शनी छत्तीसगढ़ की उस समृद्ध विरासत को सामने ला रही है, जिसमें लोककला और जनजातीय संस्कृति के साथ साहित्य, धर्म, इतिहास और पारंपरिक ज्ञान का भी महत्वपूर्ण स्थान रहा है। विशेष रूप से 16वीं शताब्दी की स्वर्ण अक्षरों वाली गीता की पांडुलिपि उस काल की उत्कृष्ट लेखन कला और आध्यात्मिक परंपरा का परिचय कराती है। दुर्लभ पांडुलिपियों और ताम्रपत्रों का यह संग्रह नई पीढ़ी को अपनी ऐतिहासिक धरोहर से परिचित कराने के साथ उनके संरक्षण के महत्व को भी रेखांकित कर रहा है। भारत मंडपम के हॉल नंबर 4 के प्रथम तल पर 1000 वर्गमीटर क्षेत्र में स्थापित छत्तीसगढ़ पवेलियन में इन ऐतिहासिक धरोहरों के साथ प्रदेश की पारंपरिक कला, शिल्प, स्थानीय उत्पादों और विकास की संभावनाओं को भी प्रस्तुत किया जा रहा है। पवेलियन का स्टॉल नंबर 4F-03-A है।

             भारत व्यापार संवर्धन संगठन (इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन)  द्वारा आयोजित 45वां भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 13 से 27 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस आयोजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ अपनी प्राचीन विरासत और आधुनिक विकास की तस्वीर को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत कर रहा है।

जूरी के सदस्यों ने  पवेलियन का किया भ्रमण

           भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के जूरी सदस्यों ने भी छत्तीसगढ़ पवेलियन का भ्रमण किया। इस अवसर पर प्रदेश के लोक कलाकारों ने पारंपरिक गेंड़ी नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर जूरी सदस्यों का स्वागत किया। जूरी सदस्यों ने पवेलियन में प्रदर्शित छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, पारंपरिक शिल्प, स्थानीय उत्पादों और ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया तथा विभिन्न स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों और उनकी विशेषताओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports