,

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 22 नवंबर को करेंगे अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ

सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मांडविया एवं मंत्री श्री सारंग रहेंगे उपस्थित भव्य समारोह में 6 देशों की महिला हॉकी टीमें करेंगी मार्च पास्ट मंत्री श्री सारंग ने नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर का किया निरीक्षण जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश…

मुख्यमंत्री डॉ. यादव 22 नवंबर को करेंगे अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ

सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण
केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मांडविया एवं मंत्री श्री सारंग रहेंगे उपस्थित
भव्य समारोह में 6 देशों की महिला हॉकी टीमें करेंगी मार्च पास्ट
मंत्री श्री सारंग ने नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर का किया निरीक्षण
जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों को दिए निर्देश
भारतीय महिला हॉकी टीम से मिले मंत्री श्री सारंग, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह

भोपाल
भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण के शुभारंभ की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मंगलवार को खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD) सहित विभिन्न संबंधित विभागों के प्रमुख अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के उपरांत मंत्री श्री सारंग ने भारतीय महिला हॉकी टीम की खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

22 नवंबर को मुख्यमंत्री डॉ. यादव करेंगे प्रथम चरण का शुभारंभ
मंत्री श्री सारंग ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का भव्य शुभारंभ 22 नवंबर को शाम 6 बजे मुख्यमंत्री मोहन डॉ. यादव के मुख्य आतिथ्य में होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मानसुख मांडविया की विशेष उपस्थिति रहेगी।

बॉलीवुड गायक सुखविंदर सिंह की प्रस्तुति होगी मुख्य आकर्षण
मंत्री श्री सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह का मुख्य आकर्षण अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त गायक श्री सुखविंदर सिंह की संगीतमय प्रस्तुति होगी। सुखविंदर सिंह ने 'चक दे इंडिया' और 'जय हो' जैसे लोकप्रिय गीतों से देश-दुनिया में अपनी विशेष पहचान बनाई है। उनकी प्रस्तुति से समारोह में संगीत और खेल का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम शाम 6 बजे से प्रारंभ होगा।

छह देशों की टीमें करेंगी मार्च पास्ट, एशियन गेम्स पदक विजेता खिलाड़ियों का होगा सम्मान
मंत्री सारंग ने बताया कि शुभारंभ समारोह में महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भाग लेने वाली सभी छह देशों की महिला हॉकी टीमें मार्च पास्ट करेंगी। इसके साथ ही एशियन गेम्स में पदक जीतकर देश और प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान भी किया जाएगा। इस आयोजन के माध्यम से अंतर्राष्ट्रीय महिला हॉकी खिलाड़ियों का स्वागत करने के साथ भारतीय खेल प्रतिभाओं की उपलब्धियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

परिसर में सजेगा खेल गांव, दिखेगी मध्यप्रदेश की समृद्ध संस्कृति
मंत्री सारंग ने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और स्थानीय विशेषताओं को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से खेल गांव भी विकसित किया जाएगा। इसके माध्यम से देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों, अधिकारियों एवं अतिथियों को मध्यप्रदेश की संस्कृति, कला और परंपराओं से परिचित होने का अवसर मिलेगा। खेल और संस्कृति के इस समन्वय से आयोजन को विशेष पहचान मिलेगी।

पार्किंग, सुरक्षा, फायर सेफ्टी और दर्शकों की आवाजाही पर विशेष निर्देश
मंत्री सारंग ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजन में बड़ी संख्या में दर्शकों एवं अतिथियों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद रखी जाएं। उन्होंने पार्किंग, पेयजल, दर्शकों के आवागमन के लिए निर्धारित रूट, स्ट्रीट लाइट, फायर सेफ्टी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि प्रवेश एवं निकास मार्गों पर पर्याप्त व्यवस्था हो, यातायात प्रबंधन प्रभावी रहे तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक इंतजाम पहले से सुनिश्चित किए जाएं।

भारतीय महिला हॉकी टीम एवं सपोर्ट स्टाफ से मिले मंत्री श्री सारंग, खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
निरीक्षण के बाद मंत्री सारंग ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टॉप से आत्मीय संवाद कर प्रतियोगिता की तैयारियों एवं प्रशिक्षण को लेकर चर्चा की। मंत्री श्री सारंग ने कहा कि भारतीय महिला हॉकी टीम ने अपने शानदार प्रदर्शन से देश को गौरवान्वित किया है। भोपाल में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भी टीम से उत्कृष्ट प्रदर्शन की अपेक्षा है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों एवं सपोर्ट स्टाफ को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं एवं अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

19 से 28 नवंबर तक भोपाल में होगा महिला हॉकी का अंतर्राष्ट्रीय मुकाबला
गौरतलब है कि महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का आयोजन 19 से 28 नवंबर तक नाथू बरखेड़ा स्थित अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर में किया जाएगा। प्रतियोगिता में एशिया की छह शीर्ष महिला हॉकी टीमें हिस्सा लेंगी। इस अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता के माध्यम से भोपाल को वैश्विक खेल मानचित्र पर नई पहचान मिलेगी। वहीं अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के प्रथम चरण का शुभारंभ इस आयोजन को प्रदेश की खेल अधोसंरचना के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बनाएगा।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports