,

एमपीएलयूएन अध्यक्ष भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया मध्यप्रदेश मंडप का शुभारंभ

मध्यप्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों के साथ समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति की दिखी अनूठी छटा बुंदेली लोक संगीत और भील जनजाति के पारंपरिक भगोरिया लोक नृत्य ने दर्शकों का मोहा मन श्री कुमार पुरुषोत्तम, जॉन किंग्सले एवं श्रीमती गीतांजलि जे रहीं उपस्थित भोपाल भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026…

एमपीएलयूएन अध्यक्ष भूषण ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया मध्यप्रदेश मंडप का शुभारंभ

मध्यप्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों के साथ समृद्ध लोक एवं जनजातीय संस्कृति की दिखी अनूठी छटा
बुंदेली लोक संगीत और भील जनजाति के पारंपरिक भगोरिया लोक नृत्य ने दर्शकों का मोहा मन
श्री कुमार पुरुषोत्तम, जॉन किंग्सले एवं श्रीमती गीतांजलि जे रहीं उपस्थित

भोपाल
भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित 45वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले (IITF)-2026 में मध्यप्रदेश मंडप का शुभारंभ मध्यप्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष सत्येन्द्र भूषण सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर अपर सचिव एवं आयुक्त, एमएसएमई कुमार पुरुषोत्तम, एमएसएमई सचिव जॉन किंग्सले तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO), एमएफपी-पार्क एवं विंध्य हर्बल्स, भोपाल श्रीमती गीतांजलि जे उपस्थित रहीं। अतिथियों ने मंडप का भ्रमण कर प्रदेश की औद्योगिक उपलब्धियों, निवेश संभावनाओं, स्थानीय उत्पादों एवं समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का अवलोकन किया।

'विकास और विरासत' की थीम पर प्रदर्शित हुई मध्यप्रदेश की उपलब्धियां
भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले की इस वर्ष की थीम 'विकास और विरासत' के अनुरूप मध्यप्रदेश मंडप को आकर्षक एवं विशिष्ट स्वरूप प्रदान किया गया। मंडप में प्रदेश की औद्योगिक नीतियों, एमएसएमई क्षेत्र, स्टार्टअप, निवेश की संभावनाओं, भौगोलिक संकेतक (जीआई टैग) प्राप्त उत्पादों तथा एक जिला-एक उत्पाद (ओडीओपी) की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया।

जरी-जरदोजी, गोंड पेंटिंग, ढोकरा कला, लौह शिल्प एवं अन्य पारंपरिक कलाओं का सजीव प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना। महाकाल लोक की स्थापत्य शैली से प्रेरित प्रवेश द्वार तथा खजुराहो, सांची, ग्वालियर किला और प्रदेश के अन्य ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों की झलक ने मंडप को विशिष्ट पहचान प्रदान की।

बुंदेली लोक संगीत और भगोरिया नृत्य ने बिखेरे सांस्कृतिक रंग
मध्यप्रदेश दिवस के अवसर पर 9 नवंबर को भारत मंडपम परिसर के एम्फीथिएटर-1 में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति और जनजातीय परंपराओं पर आधारित आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। बुंदेली लोक संगीत तथा भील जनजाति के पारंपरिक भगोरिया लोक नृत्य की प्रस्तुतियां प्रमुख आकर्षण रहीं।

बुंदेली लोक संगीत की प्रस्तुति ऋषि विश्वकर्मा एवं उनके समूह द्वारा दी गई। प्रस्तुतियों में बुंदेलखंड की सांस्कृतिक विरासत, वीरता, प्रेम, भक्ति, ग्रामीण जीवन और लोक परंपराओं की सुंदर अभिव्यक्ति देखने को मिली। ढोलक, नगड़िया, ढोल, नगाड़ा, मंजीरा, झांझ, मृदंग, खंजरी, तंबूरा और हारमोनियम जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों ने प्रस्तुतियों को और अधिक प्रभावशाली बनाया।

इसी क्रम में कैलाश शिशोदिया एवं उनके समूह, धार द्वारा भील जनजाति के पारंपरिक भगोरिया लोक नृत्य की प्रस्तुति दी गई। रंग-बिरंगी पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक श्रृंगार, विशिष्ट पदचाप, चक्रीपाली, समूहन पाली और पिरामिड जैसी नृत्य मुद्राओं के माध्यम से कलाकारों ने मध्यप्रदेश की जीवंत जनजातीय संस्कृति का प्रदर्शन किया। पारंपरिक तीर-कमान के साथ दी गई ऊर्जावान प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में विरासत के संरक्षण के साथ विकास को मिली नई गति
श्री सत्येन्द्र भूषण सिंह ने मध्यप्रदेश की विकास यात्रा और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को रेखांकित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश विरासत के संरक्षण के साथ विकास की दिशा में निरंतर अग्रसर रहा है। प्रदेश की गौरवशाली परंपराओं, स्थानीय कला एवं शिल्प को संरक्षित करते हुए उन्हें आधुनिक बाजार और वैश्विक पहचान से जोड़ने के प्रयास किए गए हैं। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश और विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने में उद्योग, एमएसएमई, निवेश, नवाचार एवं रोजगार सृजन की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। मध्यप्रदेश मंडप इसी विकास दृष्टि और प्रदेश के सांस्कृतिक गौरव का प्रतिनिधित्व करता रहा।

भारतीय अंतर्राष्ट्रीय व्यापार मेले में मध्यप्रदेश की औद्योगिक प्रगति, निवेश की संभावनाओं, स्थानीय उत्पादों, पर्यटन क्षमता और सांस्कृतिक विरासत का समग्र प्रदर्शन प्रदेश की विकास यात्रा को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण माध्यम बना।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed