,

Ranchi Airport: जमीन की बाधा दूर होते ही शुरू होंगे 157 करोड़ के विकास कार्य, यात्रियों को मिलेगी राहत

रांची बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची अब विकास की नई उड़ान भरने की तैयारी में है। जमीन से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं, तो बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की तस्वीर आने वाले दिनों में पूरी तरह बदल सकती है। विमानों को रनवे पर कम इंतजार करना पड़ेगा, एक साथ अधिक विमानों की पार्किंग हो सकेगी और सर्दियों…

Ranchi Airport: जमीन की बाधा दूर होते ही शुरू होंगे 157 करोड़ के विकास कार्य, यात्रियों को मिलेगी राहत

रांची
बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची अब विकास की नई उड़ान भरने की तैयारी में है। जमीन से जुड़ी बाधाएं दूर होती हैं, तो बिरसा मुंडा एयरपोर्ट की तस्वीर आने वाले दिनों में पूरी तरह बदल सकती है। विमानों को रनवे पर कम इंतजार करना पड़ेगा, एक साथ अधिक विमानों की पार्किंग हो सकेगी और सर्दियों में कोहरे के कारण उड़ानें प्रभावित होने की समस्या भी काफी हद तक कम की जा सकेगी।

पैरेलल टैक्सी ट्रैक, रैपिड एग्जिट टैक्सीवे, तीन अतिरिक्त पार्किंग स्टैंड और कैट-2 लाइटिंग जैसी परियोजनाएं रांची को बेहतर विमानन सुविधाओं से जोड़ने की तैयारी हैं।

जिला प्रशासन की ओर से अधिग्रहित जमीन से जुड़ी प्रक्रियाओं को गति देने के प्रयास किए जा रहे हैं। 18 नवंबर को उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में चहारदीवारी निर्माण, अतिक्रमण हटाने, सड़क डायवर्सन और बिजली की लाइनों को स्थानांतरित करने जैसे कार्यों को समय सीमा में पूरा करने का निर्देश दिया गया।

इन बाधाओं के दूर होते ही एयरपोर्ट के विस्तार और आधारभूत संरचना को मजबूत करने की योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।

157 करोड़ की परियोजनाएं बदलेंगी परिचालन की तस्वीर
रांची एयरपोर्ट पर करीब 157.55 करोड़ रुपये की चार प्रमुख परियोजनाएं विकास की नई आधारशिला बनेंगी। इनमें सबसे बड़ी परियोजना पैरेलल टैक्सी ट्रैक और रैपिड एग्जिट टैक्सीवे की है, जिसकी घोषित लागत करीब 107 करोड़ रुपये है। एप्रन विस्तार पर 25 करोड़, टर्मिनल भवन के पुनर्गठन पर 12.86 करोड़ और कैट-2 लाइटिंग पर करीब 12.69 करोड़ रुपये की लागत बताई गई है।

पैरेलल टैक्सी ट्रैक बनने से विमान के लैंडिंग के बाद रनवे खाली करने और दूसरे विमान को टेकऑफ के लिए उपलब्ध कराने में कम समय लगेगा। रैपिड एग्जिट टैक्सीवे से विमान तेजी से रनवे से बाहर निकल सकेंगे। इससे रनवे की उपयोगिता बढ़ेगी और विमानों के परिचालन के बीच का अंतराल घटाने में मदद मिलेगी।

इस परियोजना के लिए 107.98 करोड़ रुपये का टेंडर निकाला गया था। अक्टूबर 2026 में गावर कंस्ट्रक्शन लिमिटेड को 82.60 करोड़ रुपये का ठेका दिए जाने की जानकारी है। निर्माण की निर्धारित अवधि 365 दिन है।

कोहरे में भी विमानों को मिलेगी सुरक्षित लैंडिंग की सुविधा
सर्दियों में रांची एयरपोर्ट के सामने सबसे बड़ी चुनौती कम दृश्यता की होती है। घना कोहरा होने पर विमानों की लैंडिंग प्रभावित होती है। कई बार उड़ानों को दूसरे शहरों की ओर डायवर्ट करना पड़ता है या रद करना पड़ता है। ऐसे में कैट-2 लाइटिंग सिस्टम एयरपोर्ट के लिए बड़ी उपलब्धि साबित हो सकता है। इससे कम दृश्यता में भी पायलटों को रनवे की पहचान और सुरक्षित लैंडिंग में मदद मिलेगी। हालांकि अत्यधिक खराब मौसम में उड़ानों का परिचालन प्रभावित हो सकता है।

तीन नए पार्किंग स्टैंड से बढ़ेगी विमानों की क्षमता
एयरपोर्ट के एप्रन का 25 करोड़ रुपये से विस्तार किया जाना है। इसके तहत तीन अतिरिक्त विमान पार्किंग स्टैंड बनाए जाएंगे। वर्तमान में सीमित पार्किंग क्षमता के कारण एक साथ अधिक विमानों के संचालन में व्यावहारिक परेशानी होती है। नए स्टैंड बनने से विमानों को खड़ा करने के लिए अतिरिक्त जगह मिलेगी। इससे एयरलाइंस को नई उड़ानें शुरू करने और मौजूदा उड़ानों के परिचालन की योजना बनाने में सहूलियत होगी।

वहीं, 12.86 करोड़ रुपये से टर्मिनल भवन का पुनर्गठन किया जाएगा। इससे उपलब्ध जगह का बेहतर इस्तेमाल और यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने में मदद मिलेगी।

रनवे विस्तार से बड़े विमानों के परिचालन की उम्मीद
एयरपोर्ट के भविष्य के विस्तार के लिए रनवे की लंबाई और क्षमता बढ़ाना भी महत्वपूर्ण है। इसके लिए अतिरिक्त 9.1 एकड़ जमीन की आवश्यकता बताई गई है। जमीन उपलब्ध होने पर रनवे विस्तार की योजना आगे बढ़ सकती है। इससे बड़े विमानों के परिचालन की संभावनाएं मजबूत होंगी। हालांकि इस परियोजना की लागत अभी घोषित नहीं हुई है।

27 लाख यात्रियों के दबाव के बीच विस्तार की जरूरत
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रांची एयरपोर्ट से करीब 27 लाख यात्रियों ने सफर किया। प्रतिदिन औसतन 40 से 50 विमानों का आवागमन होता है। यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ाना जरूरी हो गया है। अतिरिक्त पार्किंग, बेहतर टैक्सी ट्रैक और टर्मिनल की व्यवस्था से यात्रियों को अधिक सुविधाजनक सफर मिल सकेगा।

अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की उम्मीद होगी मजबूत
रांची से अंतरराष्ट्रीय विमान सेवा शुरू करने की दिशा में भी जमीन की उपलब्धता महत्वपूर्ण है। इसके लिए रनवे और पार्किंग के अलावा इमिग्रेशन, कस्टम, सुरक्षा और अन्य जरूरी सुविधाएं विकसित करनी होंगी। जिला प्रशासन की समीक्षा बैठक में इस दिशा में लंबित प्रक्रियाओं को गति देने पर जोर दिया गया है।

एयरपोर्ट तक पहुंचने वाली सड़कें भी विकास की इस योजना का हिस्सा हैं। राज्य सरकार ने करीब 45.03 करोड़ रुपये की पांच सड़क योजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें एयरपोर्ट से हिनू चौक तक छह लेन सड़क का विस्तार और हिनू-बिरसा चौक मार्ग का सुदृढ़ीकरण शामिल है।

एयरपोर्ट की प्रमुख परियोजनाएं और लागत

– पैरेलल टैक्सी ट्रैक और रैपिड एग्जिट टैक्सीवे

विमानों की आवाजाही तेज करने के लिए : 107 करोड़

– एप्रन विस्तार

तीन अतिरिक्त विमान पार्किंग स्टैंड : 25 करोड़

– टर्मिनल भवन का पुनर्गठन

यात्री क्षमता और आंतरिक व्यवस्था में सुधार : 12.86 करोड़

– कैट-2 लाइटिंग सिस्टम

कम दृश्यता और कोहरे में सुरक्षित लैंडिंग : 12.69 करोड़ 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports