,

मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को एकटक निहारते रहे योगी आदित्यनाथ, खुद को संभाल नहीं पाए सीएम

ऋषिकेश उत्तराखंड के पौढ़ी जिले के पंचूर गांव में अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। खुद को संयत करने की कोशिश में सीएम योगी रूमाल से अपनी आंखे पोंछते नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर…

मां सावित्री देवी के पार्थिव शरीर को एकटक निहारते रहे योगी आदित्यनाथ, खुद को संभाल नहीं पाए सीएम

ऋषिकेश
उत्तराखंड के पौढ़ी जिले के पंचूर गांव में अपनी मां सावित्री देवी को अंतिम विदाई देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ भावुक हो गए। उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। खुद को संयत करने की कोशिश में सीएम योगी रूमाल से अपनी आंखे पोंछते नजर आए। उन्होंने मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। कुछ देर तक मां के शरीर के सामने खड़े होकर उन्हें एकटक निहारते रहे। सीएम योगी कई बार भावुक होते दिखे।

सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार शाम जब अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे तो माहौल बेहद भावुक हो गया। शाम 4 बजकर 55 मिनट पर पैतृक आवास पहुंचते ही उन्होंने माता के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वह मां के सामने कुछ देर तक मौन खड़े रहे। उनकी नम आंखों को देखकर वहां मौजूद ग्रामीणों और रिश्तेदारों की आंखें भर आईं। घर पहुंचने पर योगी ने परिजनों से पूछा कि मां की तबीयत कब से खराब थी और उन्हें क्या-क्या परेशानियां हो रही थीं। मां के अंतिम दिनों से जुड़ी बातें जानने के दौरान माहौल गमगीन रहा। योगी के गांव पहुंचने की सूचना मिलते बड़ी संख्या में लोग उनके पैतृक आवास पहुंचने लगे। नाते-रिश्तेदारों के साथ गांव और दूर-दराज से आए लोग भी सावित्री देवी को श्रद्धांजलि देने पहुंचे। पूरे गांव में शोक का माहौल नजर आया। इस दौरान स्पीकर ऋतु खंडूड़ी, मंत्री सुबोध उनियाल, विधायक रेणु बिष्ट, बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी मौजूद रहे।

अंतिम विदाई की तैयारियों के दौरान फिर छलके आंसू
मां की अंतिम विदाई की तैयारियों के दौरान भी सीएम योगी की आंखों से बार-बार आंसू छलक रहे थे। निषाद पार्टी के मुखिया और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद भी पंचूर पहुंचे हैं। उन्होंने भी सीएम योगी की मां को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।

मां से था विशेष लगाव
सीएम आदित्यनाथ का अपनी मां सावित्री देवी के प्रति विशेष लगाव था। 2024 में जब योगी को मां के ऋषिकेश एम्स में भर्ती होने की सूचना मिली तो वे खुद को एम्स जाने से रोक नहीं सके। 16 जून 2024 को योगी ने एम्स में मां से मुलाकात की थी। सावित्री देवी को एम्स में मई 2024 को भर्ती कराया गया था, जिसके बाद 16 मई 2024 को छुट्टी मिली। 14 जून 2024 में भी उन्हें फिर एम्स में भर्ती कराया गया था। 16 जून को योगी ने उनसे मुलाकात की थी। 10 अक्तूबर 2024 को सावित्री को जौलीग्रांट में तबीयत बिगड़ने पर भर्ती कराया गया था, जहां योगी उनसे मिलने पहुंचे। बहन शशि बताती हैं कि बीते कुछ दिनों से मां का स्वास्थ्य खराब होने के कारण वह फोन पर बात नहीं कर पा रही थीं, लेकिन योगी भाइयों से फोन पर संपर्क में थे।

इसी महीने मां से मिलने पंचूर आने वाले थे योगी
संन्यास लेने के बाद योगी ने सांसारिक जीवन और पारिवारिक मामलों से दूरी बनाए रखी। फिर भी वे समय-समय पर पंचूर जाकर मां से मिलते रहे। योगी मुख्यमंत्री बनने के बाद मई 2022 में पहली बार मां से मिलने पंचूर गए थे, जहां उन्होंने मां के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। इसी माह वह फिर मां से मिलने पंचूर आने की योजना बना रहे थे। संन्यास के बाद भी मां से योगी का अटूट स्नेह रहा।

संन्यास के बाद योगी ने मां से ली थी भिक्षा
वर्ष 1998 में संन्यास के चार साल बाद जब योगी पंचूर पहुंचे, तो परंपरा के तहत उन्होंने अपनी मां से पहली भिक्षा ली। सावित्री देवी ने उन्हें फल, चावल और पैसे दिए थे। योगी की बहन शशि पयाल बताती हैं कि भिक्षा देते समय मां ही नहीं, पूरा परिवार रो पड़ा था। योगी की आंखें भी नम थीं। शशि बताती हैं कि योगी आदित्यनाथ लगातार परिजनों के संपर्क में रहकर मां का हाल जानते थे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed