,

जनवरी 2027 में भोपाल में सैन्य परेड का भव्य आयोजन, 352 पोल पर दिखेगी तिरंगे की शान

भोपाल   मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए जनवरी 2027 ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार भेल दशहरा मैदान रोड पर होने वाली भव्य आर्मी-डे परेड की तैयारियां अब अंतिम दौर की ओर बढ़ने लगी हैं। जयपुर में जनवरी में आयोजित हुई आर्मी-डे परेड की तर्ज पर जंबूरी-कालीबाड़ी रोड से लेकर दशहरा मैदान तक…

जनवरी 2027 में भोपाल में सैन्य परेड का भव्य आयोजन, 352 पोल पर दिखेगी तिरंगे की शान

भोपाल 
 मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के लिए जनवरी 2027 ऐतिहासिक होने जा रहा है। पहली बार भेल दशहरा मैदान रोड पर होने वाली भव्य आर्मी-डे परेड की तैयारियां अब अंतिम दौर की ओर बढ़ने लगी हैं। जयपुर में जनवरी में आयोजित हुई आर्मी-डे परेड की तर्ज पर जंबूरी-कालीबाड़ी रोड से लेकर दशहरा मैदान तक की 2.5 किलोमीटर लंबी सड़क को खास तौर पर संवारा जा रहा है। सादगी और गरिमा के साथ होने वाले इस आयोजन में पूरे परेड मार्ग पर 352 स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी।

सूत्रों के अनुसार इन बिजली के खंभों पर देश का तिरंगा और भारतीय सेना का ध्वज एक साथ लहराता नजर आएगा। इसके लिए खंभों पर अलग से विशेष राड लगाने की व्यवस्था की गई है।

बिजली के फाउंडेशन का 90 प्रतिशत काम पूरा
परेड मार्ग को रोशन करने के लिए पांच नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं, जिन्हें इस रविवार को चार्ज कर दिया जाएगा। बिजली के खंभों के लिए फाउंडेशन बनाने का 90 प्रतिशत और अंडरग्राउंड केबल बिछाने का 70 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। अगले चार से पांच दिनों में खंभे खड़े करने का काम भी शुरू होगा।

सेना की निगरानी में हुई मार्किंग
आर्मी-डे परेड की तैयारियों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो, इसके लिए सेना के अधिकारी खुद निर्माण कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। शुक्रवार को सैन्य अधिकारियों ने अपनी देखरेख में दर्शक दीर्घा के लिए स्थान की मार्किंग कराई। माना जा रहा है कि शनिवार या रविवार से दर्शक दीर्घा के निर्माण का काम भी शुरू हो जाएगा।

हड़ताल से धीमी पड़ी डामरीकरण की रफ्तार
2.5 किलोमीटर लंबी और 15 मीटर चौड़ी इस सड़क
के चौड़ीकरण और खोदाई से जुड़ी सभी बाधाएं हटा ली गई हैं। सड़क पर अब तक 30 प्रतिशत डामरीकरण का काम हो चुका है, लेकिन ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के कारण निर्माण सामग्री की आपूर्ति प्रभावित होने से काम की रफ्तार कुछ धीमी पड़ी है। पीडब्ल्यूडी के अधिकारी जिला प्रशासन की मदद से इस बाधा को दूर करने में जुटे हैं।

टैंकों के लिए बन रहा सीमेंटेड बेस, टेंट सिटी का इंतजार
परेड के मुख्य आकर्षण यानी सेना के भारी-भरकम टैंकों को खड़ा करने के लिए भेल दशहरा मैदान में मजबूत सीमेंटेड बेस तैयार किया जा रहा है। दूसरी ओर, जंबूरी मैदान में देशभर से आने वाले सेना के जवानों के ठहरने के लिए प्रस्तावित टेंट सिटी का काम अभी शुरू नहीं हो पाया है। यह जिम्मेदारी नगर निगम को सौंपी गई है।

    आर्मी-डे परेड की तैयारियों को लेकर काम तेजी से चल रहा है। ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल से कुछ दिक्कतें जरूर आई हैं, लेकिन जिला प्रशासन के सहयोग से गिट्टी के ट्रकों की आवाजाही सुचारू कराई जा रही है। काम पूरा करने की समय सीमा 30 नंवबर है, लेकिन दिक्कतों के चलते दिसंबर के पहले सप्ताह तक सभी निर्माण कार्य पूरे कर मैदान और सड़क सेना को सौंपने दिया जाएगा। एससी वर्मा, चीफ इंजीनियर, पीडब्ल्यूडी

छावनी से निकलकर शहर के बीच होगी सेना दिवस परेड
अब तक सेना दिवस की परेड सैन्य छावनियों में आयोजित होती रही है, लेकिन भोपाल में इसे शहर के सार्वजनिक क्षेत्र में आयोजित करने की तैयारी है। परेड में सेना के अनुशासित दस्ते, टैंक, ड्रोन और आधुनिक सैन्य प्रणालियां प्रदर्शित की जाएंगी। इससे आम नागरिकों को सेना की कार्यप्रणाली, तकनीक और सामरिक क्षमता को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।

मंत्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रीय सैन्य आयोजनों को दिल्ली से बाहर देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित करने के दृष्टिकोण के अनुरूप भोपाल में यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। उनके मुताबिक, आयोजन से नागरिकों में राष्ट्रभक्ति, सैनिकों के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।

बड़े तालाब पर दिखेगी सेना की युद्ध क्षमता
सेना दिवस के तहत भोपाल के अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम होंगे। बीएचईएल के कालीबाड़ी मार्ग पर 15 जनवरी को मुख्य आर्मी-डे परेड होगी। बड़े तालाब के वीआईपी बोट क्लब क्षेत्र में इंटीग्रेटेड कॉम्बैट डिस्प्ले के जरिए सेना की सामरिक क्षमता, रणनीतिक कौशल और समन्वित सैन्य कार्रवाई का प्रदर्शन किया जाएगा।

जंबूरी मैदान में सेना के आधुनिक उपकरणों का स्टेटिक और डायनेमिक डिस्प्ले होगा। यहां नागरिक सैन्य प्रणालियों को करीब से देख सकेंगे और उनके संचालन व कार्यक्षमता की जानकारी ले सकेंगे।

वहीं, टीटी नगर स्टेडियम में 15 जनवरी की शाम शौर्य संध्या ‘रणहुंकार’ होगी। इसमें देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियों के साथ मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक और जनजातीय विरासत दिखाई जाएगी। आड़ा-खड़ा और भगोरिया जैसे पारंपरिक लोकनृत्य भी कार्यक्रम का हिस्सा होंगे।

सेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव पर जोर
‘आपकी सेना-आपके पास’ थीम के जरिए सेना और आम नागरिकों के बीच जुड़ाव मजबूत करने पर जोर रहेगा। समारोह में सैन्य प्रदर्शन के साथ देशभक्ति और प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को भी स्थान दिया जाएगा।

तैयारियों की समीक्षा बैठक में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संचालक चंचल शेखर, संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव, अपर सचिव अजय श्रीवास्तव, भारतीय सेना के पश्चिम मध्यप्रदेश सब एरिया के मेजर जनरल विकास लाल, कर्नल सुब्रत मिश्रा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

आंकड़ों में: आर्मी-डे परेड की तैयारी

2.5 किमी: जंबूरी-कालीबाड़ी से भेल दशहरा मैदान तक परेड मार्ग की कुल लंबाई।

15 मीटर: परेड के लिए तैयार की जा रही मुख्य सड़क की चौड़ाई।

352: पूरे मार्ग पर लगने वाली स्ट्रीट लाइटों की संख्या ।

05: परेड रूट को रोशन रखने के लिए लगाए गए नए ट्रांसफार्मर।

90 प्रतिशत : बिजली के पोल लगाने के लिए फाउंडेशन का काम पूरा।

70 प्रतिशत : सड़क किनारे अंडरग्राउंड बिजली केबल बिछाने का काम पूरा।

30 प्रतिशत : मुख्य परेड मार्ग पर डामरीकरण का काम पूरा।

30 नवंबर : सभी कार्य पूरा करने की समय सीमा

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports