,

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी नियोजन की उच्चस्तरीय समीक्षा कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

संपूर्ण लखनऊ जनपद तक होगा एलडीए का विस्तार, बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की तैयारी प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों के भी आवश्यकतानुसार सीमा विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के नियोजित विकास को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल कर आगे बढ़ाई जाए कार्यवाही: मुख्यमंत्री गाजियाबाद में…

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहरी नियोजन की उच्चस्तरीय समीक्षा कर दिए महत्वपूर्ण निर्देश

संपूर्ण लखनऊ जनपद तक होगा एलडीए का विस्तार, बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की तैयारी

प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों के भी आवश्यकतानुसार सीमा विस्तार के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के नियोजित विकास को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल कर आगे बढ़ाई जाए कार्यवाही: मुख्यमंत्री

गाजियाबाद में होगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण, जीडीए और यूपीसीए मिलकर बढ़ाएं काम: मुख्यमंत्री

सभी विकास प्राधिकरणों में रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज करने और स्थायी टाउन प्लानर नियुक्त करने के निर्देश

लखनऊ
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जनपद को इसके दायरे में लाने की आवश्यकता जताई है। मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भी विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा। साथ ही, प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

एलडीए के प्रस्तावित सीमा विस्तार पर चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ जनपद की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है। बढ़ती आबादी की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में अवैध एवं अनियंत्रित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1974 में गठित एलडीए का वर्ष 1999, 2009 और 2014 में विस्तार किया गया था। वर्तमान में इसके अधिकार क्षेत्र में नगर महापालिका क्षेत्र और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है।

लखनऊ से सटे बाराबंकी में भी तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नए विकास प्राधिकरण के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजधानी के निकट होने के कारण बाराबंकी में भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। ऐसे में जरूरी है कि विकास को शुरुआत से ही सुनियोजित दिशा दी जाए, ताकि भविष्य में बुनियादी ढांचे, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न पैदा हों। मुख्यमंत्री ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए। अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं। पिछले एक दशक में इस क्षेत्र का निर्मित दायरा दोगुने से अधिक हो चुका है। वर्ष 2015 में यह 1,962 हेक्टेयर (4.19 प्रतिशत) था, जो वर्ष 2020 में बढ़कर 2,656 हेक्टेयर (5.67 प्रतिशत) और वर्ष 2025 में 3,902 हेक्टेयर (8.33 प्रतिशत) हो गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इस कॉरिडोर का एकीकृत नियोजन करते हुए आर्थिक विकास की संभावनाओं को आगे बढ़ाया जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना चाहिए। इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करें और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें।

बैठक में उत्तर प्रदेश राज्य राजधानी क्षेत्र की जीआईएस आधारित क्षेत्रीय योजना-2051 की प्रगति और प्रस्तावित परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि योजना के तहत सर्वेक्षण, बेस मैप तैयार करने और क्षेत्रीय विकास की परिकल्पना से जुड़े प्रारंभिक चरण पूरे कर लिए गए हैं। अब आमजन की आपत्तियों और सुझावों के लिए क्षेत्रीय योजना का प्रारूप तैयार किया जा रहा है, जिसे 30 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि निर्धारित समयसीमा में प्रारूप योजना को अंतिम रूप दिया जाए। आमजन से प्राप्त आपत्तियों और सुझावों का पारदर्शी तरीके से निस्तारण किया जाए। अंतिम स्वीकृति के बाद अगले पांच वर्षों की अल्पकालीन परियोजनाओं की डीपीआर तैयार करने का कार्य भी तेजी से आगे बढ़ाया जाए।

राज्य राजधानी क्षेत्र की भौगोलिक एवं आर्थिक रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए अधिकारियों ने बताया कि लखनऊ (जनसंख्या 45,89,838), सीतापुर (44,74,446), हरदोई (40,92,845), बाराबंकी (32,60,699), उन्नाव (31,08,367) और रायबरेली (29,03,507) को मिलाकर यह क्षेत्र 27,826 वर्ग किलोमीटर में फैला है। इसकी वर्तमान आबादी 2.92 करोड़ है, जिसके वर्ष 2051 तक बढ़कर 4.9 करोड़ होने का अनुमान है। इस अवधि में शहरीकरण का स्तर भी 29 प्रतिशत से बढ़कर 46 प्रतिशत तक पहुंचने की संभावना है। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 2025 में ₹3.58 लाख करोड़ की नॉमिनल जीडीपी और 6.7 प्रतिशत की वार्षिक विकास दर के साथ यह क्षेत्र प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 12 प्रतिशत का योगदान दे रहा है।
 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports