,

हरियाणा में पंचायतों के डिजिटल सिग्नेचर से सेंधमारी, 100 करोड़ के फ्रॉड से हड़कंप

चंडीगढ़  हरियाणा की पंचायतों और पंचायती राज संस्थाओं के खजाने पर अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों ने सुनियोजित हमला किया है। पंचायत विभाग और पंचायती राज संस्थाओं के खातों से करोड़ों रुपये की रकम निकालने के पीछे अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी समूह ‘क्रैफ्टी फाल्कन’ का हाथ होने की बात सामने आई है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व आधुनिक साइबर…

हरियाणा में पंचायतों के डिजिटल सिग्नेचर से सेंधमारी, 100 करोड़ के फ्रॉड से हड़कंप

चंडीगढ़
 हरियाणा की पंचायतों और पंचायती राज संस्थाओं के खजाने पर अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधियों ने सुनियोजित हमला किया है। पंचायत विभाग और पंचायती राज संस्थाओं के खातों से करोड़ों रुपये की रकम निकालने के पीछे अंतरराष्ट्रीय साइबर अपराधी समूह ‘क्रैफ्टी फाल्कन’ का हाथ होने की बात सामने आई है।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) व आधुनिक साइबर तकनीकों से लैस यह गिरोह भारत के वित्तीय संस्थानों को निशाना बना रहा है। हरियाणा में करीब 100 करोड़ के साइबर फ्रॉड की जानकारी सामने आई है। रकम अधिक होने की आशंका है। मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पंचायतों के डिजिटल सिग्नेचर से छेड़छाड़ कर खातों में सेंधमारी की गई।

पंचकूला के साइबर अपराध थाने में मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी मुकेश व वैशाली निवासी उत्पल कांत को भी गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपित इस साइबर गिरोह के लिए काम करते हैं।

साइबर अपराधियों ने पंचायत एवं विकास विभाग के सर्वर को हैक करने की बजाय सीधे बैंक के सर्वर को निशाना बनाया। हरियाणा के पंचायत विभाग और साइबर पुलिस की शुरुआती जांच में बैंकिंग सिस्टम में सेंधमारी के संकेत मिले हैं।

पंचायत एवं विकास विभाग का सर्वर हैक होने की जानकारी सामने नहीं आई है। जांच का फोकस बैंकिंग सिस्टम, डिजिटल सिग्नेचर के दुरुपयोग और उन खातों पर है, जिनसे धन स्थानांतरित हुआ।

जिलों में हुए नुकसान का किया जा रहा आकलन
पंचायत एवं विकास विभाग ने सभी जिला पंचायत एवं विकास अधिकारियों को संबंधित खातों में लेनदेन रोकने के निर्देश दिए हैं। हर जिले में साइबर फ्रॉड से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

साथ ही संबंधित जिलों में एफआइआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, निकाली गई रकम नोएडा की एक खेल कंपनी के बैंक खातों में स्थानांतरित की गई है। यह कंपनियां और भी हो सकती हैं, जिनकी जांच जारी है। पता लगाया जा रहा है कि खातों के पीछे कौन लोग हैं।

वित्तीय सिस्टम को निशाना बनाता है गिरोह ‘क्रैफ्टी फाल्कन’
आम लोगों को फर्जी फोन काल कर ओटीपी हासिल करने या लिंक भेज बैंक खाते खाली करने के तरीकों पर निर्भर नहीं रहता। वह सीधे बड़े वित्तीय संस्थानों और उनकी भुगतान प्रणालियों को निशाना बनाता है।

इसके प्रमुख निशाने गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (एनबीएफसी), फिनटेक कंपनियां, डिजिटल लोन देने वाले प्लेटफार्म, पेमेंट एग्रीगेटर्स और क्रिप्टोकरेंसी एक्सचेंज हैं।

इंटरनेट पर खुले रह जाने वाले टेस्टिंग सर्वर और क्लाउड सेवाओं की करते हैं तलाश
‘क्रैफ्टी फाल्कन’ गिरोह के सदस्य सबसे पहले उन कंपनियों के टेस्टिंग सर्वर और क्लाउड सेवाओं को तलाशते हैं जो सुरक्षा में चूक के कारण इंटरनेट पर खुले रह जाते हैं। इसके बाद पुराने पासवर्ड और सॉफ्टवेयर की कमजोरियों का फायदा उठाकर मुख्य सिस्टम तक पहुंच बनाते हैं।

इसके बाद कंपनी के पेमेंट और लोन डिस्बर्समेंट एप्लीकेशन प्रोग्रामिंग इंटरफेस (एपीआइ) पर नियंत्रण हासिल करते हैं। एपीआइ दरअसल अलग-अलग साफ्टवेयर प्रणालियों के बीच संवाद और लेनदेन का माध्यम होता है। इस पर कब्जे के बाद अपराधी अपने हिसाब से फंड ट्रांसफर के आदेश जारी कर सकते हैं।

सप्ताहांत या सार्वजनिक छुट्टी के दिन देते वारदात को अंजाम
यह गिरोह जानबूझकर सप्ताहांत या सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान वारदात को अंजाम देता है। क्रिप्टोकरेंसी कंपनियों को निशाना बनाने की स्थिति में गिरोह सर्वर से डिजिटल वालेट की प्राइवेट की चुराने की कोशिश करता है, जिससे क्रिप्टो संपत्तियों पर नियंत्रण हासिल किया जा सके।

जारी किया था अलर्ट
इस अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह की गतिविधियों को लेकर भारत की राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा एजेंसी कंप्यूटर इमरजेंसी रिस्पांस टीम (सीईआरटी-इन) ने अक्टूबर व नवंबर 2026 में गंभीर अलर्ट जारी किए थे।

एआइ आधारित साइबर हमलों व भारतीय वित्तीय संस्थानों के लिए पैदा हो रहे खतरे को लेकर आगाह किया था। सुरक्षा शोधकर्ताओं ने इसके कुछ टूल्स के तार चीन से जुड़े होने की आशंका जताई है। गिरोह ने कंपनियों के आंतरिक रिकॉर्ड व भुगतान की मंजूरी से जुड़े वर्कफ्लो में बदलाव करने की तकनीक भी अपनाई।

अनुदान पर दी गई राशि कहां है…
हरियाणा सरकार इस मामले की तह तक पहुंचने में जुटी है। वहीं, जांच का बड़ा सवाल पंचायती राज संस्थाओं को मिले सरकारी अनुदान की सुरक्षा से जुड़ा है। वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में राज्य वित्त आयोग के अनुदान के तहत पंचायती राज संस्थाओं को 580 करोड़ रुपये जारी किए थे। सरकार यह पता लगा रही है कि यह पूरी राशि कहां है।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports