,

मध्याह्न भोजन में अब मिलेगा लोकल स्वाद, हफ्ते में एक दिन परोसे जाएंगे खास व्यंजन

भोपाल  एमपी के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों की थाली में सिर्फ दाल-रोटी और सब्जी ही नहीं, बल्कि भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दाल-पानिया और बाजरे की राबड़ी जैसे लजीज पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे। बच्चों को रोज एक जैसा खाना खाने की मजबूरी से निजात दिलाने और उनके स्वाद को स्थानीय खानपान…

मध्याह्न भोजन में अब मिलेगा लोकल स्वाद, हफ्ते में एक दिन परोसे जाएंगे खास व्यंजन

भोपाल 

एमपी के सरकारी स्कूलों में अब बच्चों की थाली में सिर्फ दाल-रोटी और सब्जी ही नहीं, बल्कि भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी, दाल-पानिया और बाजरे की राबड़ी जैसे लजीज पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे। बच्चों को रोज एक जैसा खाना खाने की मजबूरी से निजात दिलाने और उनके स्वाद को स्थानीय खानपान से जोड़ने के लिए सरकार ने मध्याह्न भोजन योजना के मेन्यू में बदलाव किया है।

बथुआ-सहजन की पत्तियों की चपाती भी
अब सप्ताह में कम से कम एक दिन बच्चों को उनके अंचल का पारंपरिक और पौष्टिक भोजन देना अनिवार्य होगा। इतना ही नहीं, बच्चों की थाली में हरी और गुलाबी चपाती भी नजर आएगी। पालक, मेथी, बथुआ और सहजन की पत्तियों से हरी चपाती, जबकि गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती तैयार की जाएगी।

राज्य शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग ने मध्याह्न भोजन यानी पीएम पोषण शक्ति निर्माण योजना की नई मार्गदर्शिका जारी की है। इसमें भोजन की विविधता, पोषण स्तर, स्थानीय व्यंजनों, पकाने के तरीके और स्वच्छता से जुड़े कई बदलाव किए गए हैं।

मेन्यू तैयार करने में अब सिर्फ अधिकारियों की भूमिका नहीं होगी, बल्कि स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी), अभिभावकों और विद्यार्थियों से भी उनकी पसंद के बारे में फीडबैक लिया जाएगा।

अंचल के हिसाब से बदलेगा स्वाद
एमपी के अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक व्यंजनों को बच्चों के भोजन में शामिल किया गया है। मालवा में भुट्टे का कीस, दाल-बाफला, सेव-टमाटर की सब्जी और गेहूं की थूली मिलेगी, तो निमाड़ में दाल-पानिया और मक्का-ज्वार की भाकरी परोसी जाएगी।

विंध्य और महाकौशल में इंद्रहर, फुलौरी की कढ़ी, महेरी और कोदो-कुटकी के व्यंजन मेन्यू का हिस्सा होंगे। बुंदेलखंड में बेसन के चीले और महेरी, जबकि ग्वालियर-चंबल में बाजरे की राबड़ी और बेड़ई का स्वाद मिलेगा।

भोपाल-नर्मदापुरम में दाल-बाफला, पंचमेल दाल और लापसी जैसे व्यंजन शामिल किए गए हैं। वहीं, जनजातीय बहुल क्षेत्रों में महुआ-अलसी के लड्डू और कोदो-कुटकी की खीर व खिचड़ी परोसी जाएगी।

एनीमिया से बचाव के लिए हरी और गुलाबी चपाती
बच्चों में खून की कमी यानी एनीमिया से बचाव के लिए भोजन में पोषक तत्व बढ़ाने पर जोर दिया गया है। सामान्य आटे में पालक, मेथी, बथुआ या सहजन की पत्तियां मिलाकर हरी चपाती बनाई जाएगी।

वहीं, गाजर मिलाकर गुलाबी चपाती तैयार होगी। सहजन (मुनगा) की पत्तियों को छाया में सुखाकर उनका पाउडर भी बनाया जाएगा, जिसे आटे, दाल और खिचड़ी में मिलाया जा सकेगा।

तुअर महंगी हुई तो सेम-बरबटी से बनेगी सब्जी
बाजार में खाद्य सामग्री की कीमतों के कारण मेन्यू प्रभावित न हो, इसके लिए रसोइयों को विकल्प दिए गए हैं। तुअर दाल या काबुली चना महंगा होने पर उसके स्थान पर समान पोषण देने वाले सस्ते विकल्प इस्तेमाल किए जा सकेंगे।

इनमें बल्लर/सेम, बरबटी, हरा चना, मूंग दाल और सोया बड़ी शामिल हैं। यानी सामग्री की कीमत के हिसाब से भोजन में बदलाव किया जा सकेगा, लेकिन पोषण का स्तर बनाए रखना होगा।

हर स्कूल के लिए बनेगी रेसिपी बुक
प्रदेश के सभी स्कूलों में भोजन का स्वाद और गुणवत्ता एक जैसी रखने के लिए पोषण विशेषज्ञों की मदद से रेसिपी बुक तैयार की जाएगी। इसमें हर व्यंजन को बनाने की विधि, प्रति बच्चे के हिसाब से सामग्री की मात्रा और पकाने का समय दर्ज रहेगा।

मेन्यू को लेकर बच्चों, अभिभावकों और स्कूल प्रबंधन समिति से भी सुझाव लिए जाएंगे। उनकी पसंद और फीडबैक के आधार पर जरूरत के अनुसार बदलाव किया जा सकेगा।

सप्ताह में दो दिन हरी सब्जियां, एक दिन मौसमी फल
बच्चों के भोजन में हरी पत्तेदार सब्जियों को भी नियमित रूप से शामिल किया जाएगा। सालभर सप्ताह में कम से कम दो बार पालक और बथुआ जैसी सब्जियां खिलाने का प्रावधान है।

वर्षा ऋतु में संक्रमण के खतरे को देखते हुए हरी पत्तेदार सब्जियां मेन्यू से बाहर रहेंगी। इसके अलावा सप्ताह में एक दिन अमरूद, केला, पपीता, आंवला, बेर, सीताफल, जामुन और आम जैसे मौसमी फल दिए जाएंगे। इसके लिए स्कूलों की पोषण वाटिका, उद्यानिकी विभाग और स्थानीय समुदाय का सहयोग लिया जाएगा।

त्योहार और बाजार भाव के हिसाब से भी बदल सकेगा मेन्यू

स्थानीय त्योहारों, विशेष अवसरों और बाजार में खाद्य सामग्री की उपलब्धता व कीमतों को देखते हुए मेन्यू में बदलाव की छूट दी गई है। दही उपलब्ध नहीं होने पर कढ़ी में कबीट, आम या इमली की खटाई का इस्तेमाल किया जा सकेगा। इसी तरह खीर की जगह गुड़ से बना मीठा दलिया भी परोसा जा सकेगा।

अभी क्या व्यवस्था

एमपी में वर्तमान में सरकारी स्कूलों में दो तरह से भोजन जाता है। शहरी इलाके में अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा भोजन बनाया जाता है। वहीं ग्रामीण इलाकों में वहीं पर भोजन बनाने की व्यवस्था की जाती है। फिलहाल सामान्य तरीके का भोजन दिया जा रहा है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports