,

परिसीमन के बाद मुंगेर का होगा पुनर्गठन, बाढ़ को फिर मिल सकती है लोकसभा सीट

लखीसराय  लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के केंद्र सरकार के प्रस्ताव से बिहार के संसदीय क्षेत्रों का भी भूगोल बदलने की संभावना है। लोकसभा की 40 सीटें बढ़कर 60 हो जाएंगी। यदि महिला आरक्षण बिल पास हो गया तो 20 सीटें उनके लिए आरक्षित हो जाएगी। इसका बड़ा असर मुंगेर लोकसभा क्षेत्र पर पड़…

परिसीमन के बाद मुंगेर का होगा पुनर्गठन, बाढ़ को फिर मिल सकती है लोकसभा सीट

लखीसराय
 लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के केंद्र सरकार के प्रस्ताव से बिहार के संसदीय क्षेत्रों का भी भूगोल बदलने की संभावना है। लोकसभा की 40 सीटें बढ़कर 60 हो जाएंगी। यदि महिला आरक्षण बिल पास हो गया तो 20 सीटें उनके लिए आरक्षित हो जाएगी।

इसका बड़ा असर मुंगेर लोकसभा क्षेत्र पर पड़ सकता है। वर्तमान में मुंगेर संसदीय क्षेत्र तीन जिलों के छह विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर बना है। इसमें मुंगेर जिले के मुंगेर और जमालपुर, लखीसराय जिले के लखीसराय और सूर्यगढ़ा तथा पटना जिले के बाढ़ और मोकामा विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं।

लखीसराय के नाम से एक नए लोकसभा क्षेत्र
प्रस्तावित परिसीमन में इस संसदीय क्षेत्र का विखंडन हो सकता है और लखीसराय के नाम से एक नए लोकसभा क्षेत्र का उदय हो सकता है। हालांकि, यह अभी संभावित भौगोलिक पुनर्गठन का आकलन है, कोई आधिकारिक परिसीमन खाका नहीं है।वर्तमान संसदीय व्यवस्था में कई ऐसे भौगोलिक समीकरण हैं, जिनमें बदलाव की गुंजाइश दिख रही है।

पटना जिले का बाढ़ कभी स्वतंत्र लोकसभा क्षेत्र हुआ करता था, लेकिन पिछले परिसीमन में इसका अस्तित्व समाप्त कर दिया गया। इसके बाद बाढ़ और मोकामा विधानसभा क्षेत्र मुंगेर लोकसभा क्षेत्र में शामिल कर दिए गए।

मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के पुनर्गठन की संभावना
दूसरी ओर, मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा सीट जमुई संसदीय क्षेत्र का हिस्सा है। पिछले परिसीमन में हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र को भी समाप्त कर दिया गया था।

ऐसे में नए परिसीमन में जिलों की भौगोलिक एकरूपता और आबादी के अनुपात को आधार बनाया गया तो मुंगेर लोकसभा क्षेत्र के पुनर्गठन की संभावना बन सकती है।
मुंगेर में हवेली खड़गपुर का फिर हो सकता है सृजन, बाढ़ को मिल सकता है पुराना संसदीय अस्तित्व

संभावित नए समीकरण में मुंगेर लोकसभा क्षेत्र को मुंगेर जिले तक सीमित किया जा सकता है। इसके लिए हवेली खड़गपुर विधानसभा क्षेत्र का फिर से सृजन किए जाने की संभावना बन सकती है। ऐसी स्थिति में मुंगेर, जमालपुर, हवेली खड़गपुर और तारापुर विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर मुंगेर के नाम से नया संसदीय क्षेत्र गठित किया जा सकता है। इससे मुंगेर जिले की चारों विधानसभा सीटें एक ही लोकसभा क्षेत्र में आ जाएंगी।

वहीं, पटना जिले के बाढ़ और मोकामा को अलग संसदीय व्यवस्था में समायोजित किया जा सकता है। आबादी और भौगोलिक स्थिति के अनुकूल समीकरण बना तो बाढ़ को फिर से स्वतंत्र लोकसभा क्षेत्र का दर्जा मिल सकता है। इससे बाढ़ और आसपास के क्षेत्रों की संसदीय पहचान भी बहाल हो सकती है। ऐसे में बाढ़, माेकामा, बख्तियारपुर और फतुहा को इसमें शामिल किया जा सकता है।

लखीसराय लोकसभा क्षेत्र के गठन में आबादी का गणित अहम, शेखपुरा के दोनों
विधानसभा क्षेत्र भी विकल्प
लखीसराय के नाम से नए लोकसभा क्षेत्र के गठन की संभावना इस संभावित पुनर्गठन का महत्वपूर्ण पहलू है। वर्तमान में लखीसराय जिले में दो विधानसभा क्षेत्र लखीसराय और सूर्यगढ़ा हैं। पड़ोसी शेखपुरा जिले में शेखपुरा और बरबीघा दो विधानसभा क्षेत्र हैं। वर्तमान में शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र जमुई लोकसभा क्षेत्र में और बरबीघा नवादा लोकसभा क्षेत्र में शामिल है।

संभावित परिसीमन में लखीसराय लोकसभा क्षेत्र के गठन के लिए बड़हिया विधानसभा क्षेत्र का पुनर्सृजन कर लखीसराय, सूर्यगढ़ा, बड़हिया और शेखपुरा विधानसभा क्षेत्रों को मिलाया जा सकता है। लेकिन यदि आबादी के मानक के आधार पर बड़हिया विधानसभा क्षेत्र के गठन में अड़चन आती है तो दूसरा विकल्प शेखपुरा जिले के दोनों विधानसभा क्षेत्रों शेखपुरा और बरबीघा को लखीसराय लोकसभा क्षेत्र में शामिल करने का हो सकता है। इस स्थिति में लखीसराय, सूर्यगढ़ा, शेखपुरा और बरबीघा को मिलाकर नया संसदीय क्षेत्र बनाया जा सकता है।

जमुई जिला अंतर्गत ही रह सकती है लोकसभा सीट
उधर, जमुई लोकसभा क्षेत्र भी अपने जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों जमुई, सिकंदरा, झाझा और चकाई को मिलाकर अस्तित्व में रह सकता है। अभी छह विधानसभा क्षेत्रों को मिलाकर एक लोकसभा क्षेत्र बनाए जाने की व्यवस्था है। इस कारण मुंगेर की तारापुर और शेखपुरा की शेखपुरा सीट जमुई लोकसभा क्षेत्र अंतर्गत है।

सीटों में 50 प्रतिशत वृद्धि के बाद चार विधानसभा क्षेत्रों के आधार पर नए संसदीय क्षेत्रों की संरचना की संभावना बन सकती है। हालांकि, विधानसभा क्षेत्रों की संख्या और उनका निर्धारण केवल अनुमान के आधार पर तय नहीं होगा। इसके लिए जनसंख्या, भौगोलिक स्थिति, प्रशासनिक सीमाओं और परिसीमन आयोग के अंतिम निर्णय की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।

इस तरह परिसीमन की प्रक्रिया पूरी होने पर मुंगेर, लखीसराय, जमुई और बाढ़ के संसदीय नक्शे में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। खासकर लखीसराय को स्वतंत्र लोकसभा क्षेत्र का दर्जा मिलने की संभावना जिले की राजनीतिक और संसदीय पहचान के लिहाज से महत्वपूर्ण हो सकती है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports