,

बिजली की बढ़ती मांग के अनुरूप केंद्रीय अनआवंटित कोटे से 1,000 से 1,500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध

भोपाल  ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 27 एवं 28 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में सहभागिता कर प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं, विद्युत क्षेत्र की चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा। सम्मेलन में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध…

बिजली की बढ़ती मांग के अनुरूप केंद्रीय अनआवंटित कोटे से 1,000 से 1,500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध

भोपाल 

ऊर्जा मंत्री  प्रद्युम्न सिंह तोमर ने 27 एवं 28 नवंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित विद्युत मंत्रियों के सम्मेलन में सहभागिता कर प्रदेश की ऊर्जा आवश्यकताओं, विद्युत क्षेत्र की चुनौतियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रमुखता से रखा। सम्मेलन में किसानों को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने, सिंहस्थ-2028 के लिए अतिरिक्त विद्युत आवंटन, प्रदेश की बढ़ती बिजली मांग, ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं और विद्युत वितरण अधोसंरचना के आधुनिकीकरण सहित विभिन्न विषयों पर केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया ।

केंद्रीय विद्युत एवं आवासन तथा शहरी कार्य मंत्री  मनोहर लाल की अध्यक्षता में आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य राज्यों की ऊर्जा संबंधी समस्याओं पर विचार-विमर्श, उनके समाधान के लिए केंद्र एवं राज्यों के बीच समन्वय तथा विद्युत क्षेत्र में सुधारों के लिए साझा कार्ययोजना तैयार करना था।

ऊर्जा मंत्रियों के सम्मेलन में मंत्री  तोमर ने प्रदेश की वर्तमान और भावी ऊर्जा आवश्यकताओं के अनुरूप विभिन्न विषयों पर केंद्र सरकार से सहयोग का अनुरोध किया। उन्होने बताया कि प्रदेश सरकार का प्रयास केंद्र के समन्वय से ऊर्जा क्षेत्र की चुनौतियों का समाधान करने का है। इस सहयोग से कृषि, औद्योगिक और घरेलू उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जा सकेगी।

बैठक में मध्य प्रदेश द्वारा उत्तर प्रदेश के साथ किये गए पूरक अनुबंध की तारीफ़ की गयी और अन्य राज्यों को ऐसा करने के लिए कहा गया।

किसानों को दिन में 10 घंटे बिजली देने केंद्र से मांगी 5,918 करोड़ रुपये सहायता

केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मध्यप्रदेश में कृषि उपभोक्ताओं को दिन के समय 10 घंटे बिजली उपलब्ध कराने की योजना प्रस्तावित है। इसके लिए प्रदेश के 7,441 कृषि फीडरों के संपूर्ण लोड को दिन के समय स्थानांतरित करने तथा सस्ती सौर ऊर्जा के उपयोग के लिए पारेषण एवं वितरण अधोसंरचना का उन्नयन किया जाना है। योजना की अनुमानित लागत 9,864.79 करोड़ रुपये है। इसके लिए आरडीएसएस की तर्ज पर 60:40 के अनुपात में वित्तीय सहायता का अनुरोध किया गया है। इसमें 5,918.87 करोड़ रुपये की केंद्रीय सहायता और 3,945.92 करोड़ रुपये राज्य एवं वितरण कंपनियों का अंशदान प्रस्तावित है। इसके विकल्प के रूप में पॉवर फाइनेंस कॉर्पोरेशन (पीएफसी) से कम ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।

सिंहस्थ-2028 के लिए तीन माह तक 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता

उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के लिए ऊर्जा विभाग द्वारा लगभग 667 करोड़ रुपये के कार्य किए जा रहे हैं। 15 मार्च से 31 मई 2028 के दौरान लगभग 250 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की मांग संभावित है। इसके लिए केंद्र सरकार से केंद्रीय क्षेत्र के ताप विद्युत संयंत्रों से लगभग तीन माह तक अतिरिक्त बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।

बढ़ती मांग के अनुरूप 1,000 से 1,500 मेगावाट अतिरिक्त बिजली की आवश्यकता

प्रदेश में बिजली की मांग में तेजी से वृद्धि हो रही है। अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान अधिकतम मांग में औसतन 11.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह वृद्धि 1.8 प्रतिशत थी। अक्टूबर 2026 में अधिकतम बिजली मांग पिछले वर्ष की तुलना में 30.7 प्रतिशत अधिक है। इसे देखते हुए अभी से फरवरी की पीक अवधि के लिए केंद्र सरकार के अनआवंटित बिजली कोटे से मध्यप्रदेश को प्राथमिकता के आधार पर 1,000 से 1,500 मेगावाट बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।

पुरानी एनटीपीसी इकाइयों के स्थान पर नई इकाइयों से बिजली आवंटन की मांग

मध्यप्रदेश को एनटीपीसी के कोरबा और विंध्याचल-1 एवं 2 जैसे पुराने ताप विद्युत संयंत्रों से लगभग 1,225 मेगावाट बिजली का आवंटन प्राप्त है। इन इकाइयों के सेवानिवृत्त होने की स्थिति में भविष्य की बिजली उपलब्धता बनाए रखने के लिए एनटीपीसी लारा से 800 मेगावाट तथा एनटीपीसी सीपत से 800 मेगावाट बिजली आवंटित करने का अनुरोध किया गया है।

मध्यम अवधि की बिजली जरूरतों के लिए भी केंद्र से सहयोग अपेक्षित

प्रदेश की मध्यम अवधि की बिजली जरूरतों को देखते हुए जेपी निगरी ताप विद्युत परियोजना से 495 मेगावाट बिजली की अनुपलब्धता और महान एनर्जी परियोजना से मध्यप्रदेश के लिए अनुबंधित 1,230 मेगावाट बिजली को लेकर बनी अनिश्चितता का विषय भी उठाया गया। इसके समाधान के लिए महाराष्ट्र की सिनार ताप विद्युत परियोजना से 540 मेगावाट तथा झारखंड के पतरातू से 150 मेगावाट बिजली विनियमित टैरिफ पर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया गया है। इसके अतिरिक्त केंद्रीय अनआवंटित कोटे से मध्यम अवधि के लिए 1,200 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने की अपेक्षा की गई है।

बैटरी एवं पंप स्टोरेज परियोजनाओं के लिए वीजीएफ सहायता का आग्रह

नवकरणीय ऊर्जा के प्रभावी उपयोग और बिजली की उपलब्धता को संतुलित बनाए रखने के लिए ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं का विकास महत्वपूर्ण है। मध्यप्रदेश ने 1,000 मेगावाट क्षमता की बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली (BESS) और 1,700 मेगावाट क्षमता की पंप स्टोरेज परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार से वायबिलिटी गैप फंडिंग उपलब्ध कराने का अनुरोध किया है।

साझा ऊर्जा संसाधनों के उपयोग पर जोर

राज्य सरकार ने केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण से अन्य राज्यों की रिसोर्स एडिक्वेसी योजनाओं में पूरक विद्युत खरीद को भी विकल्प के रूप में शामिल करने का आग्रह किया है। इसके साथ ही बिजली की मांग वाले राज्यों के बीच साझा ऊर्जा भंडारण, सौर ऊर्जा और बैंकिंग की संभावनाएं विकसित करने का सुझाव दिया गया है। इससे दोहरी क्षमता निर्माण से बचने और ऊर्जा आपूर्ति की लागत कम करने में मदद मिलेगी।

बैठक में प्रमुख सचिव ऊर्जा  मनीष सिंह और सचिव  विशेष गड़पाले भी उपस्थित थे।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports