चंडीगढ़.
पंजाब राज्य चुनाव आयोग ने चार नगर निकायों के चुनाव के लिए आधिकारिक कार्यक्रम जारी कर दिया है। इसके तहत गुरदासपुर, दीनानगर, कादियां और शाम चौरासी में 13 जून को मतदान कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम घोषित होते ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है।
राज्य चुनाव आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार शनिवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। इच्छुक उम्मीदवार निर्धारित प्रपत्रों के साथ अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक निर्धारित किया गया है। उम्मीदवार तीन जून तक अपने नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे।
4 जून को होगी नामांकन की जांच
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के अनुसार चार जून को दाखिल किए गए नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। इसके बाद पांच जून तक उम्मीदवारों को अपना नामांकन वापस लेने का अवसर मिलेगा। नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में बचे उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही चुनावी मुकाबले की तस्वीर भी स्पष्ट हो जाएगी। चुनाव आयोग ने बताया कि चारों निकायों में 13 जून को सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना शुरू कर दी जाएगी। आयोग का लक्ष्य है कि उसी दिन मतगणना पूरी कर परिणाम घोषित कर दिए जाएं, ताकि चुनाव प्रक्रिया समयबद्ध तरीके से पूरी हो सके।
चुनाव आयोग ने तैयारियां की पूरी
राज्य चुनाव आयुक्त राज कमल चौधरी ने बताया कि चुनाव को निष्पक्ष, स्वतंत्र और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और चुनाव कर्मियों की नियुक्ति सहित सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा चुका है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके तहत सरकारी संसाधनों के उपयोग, नई घोषणाओं और चुनावी प्रचार से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन किया जाएगा। आयोग ने सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों से चुनावी नियमों का पालन करने की अपील की है।
चार निकायों में होने वाले ये चुनाव स्थानीय राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। अब नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनावी गतिविधियां और तेज होने की संभावना है तथा राजनीतिक दलों ने भी अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं।
















