आचार्य चाणक्य की नीतियां आज भी जीवन को सही दिशा देने में बेहद उपयोगी मानी जाती हैं। उनके विचार कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलने का रास्ता दिखाते हैं। जब जीवन में चारों ओर संकट दिखाई दे, तब चाणक्य नीति की ये सीखें मानसिक मजबूती और सही निर्णय लेने में मदद कर सकती हैं। यहां जानिए चाणक्य नीति में बताई गई वो 3 जरूरी सीख, जो व्यक्ति को उसके मुश्किल समय में साहस देती है और उनका सामना करना सिखाती है।
शत्रुओं से निपटने की सही रणनीति
खलानां कण्टकानां च द्विविधैव प्रतिक्रिया।
उपानन्मुखभंगो वा दूरतो वा विसर्जनम्॥
चाणक्य नीति में बताया गया है कि दुष्ट और शत्रु स्वभाव के लोगों से निपटने के केवल दो ही रास्ते हैं—या तो उन्हें पूरी तरह नियंत्रित कर लिया जाए या फिर उनसे दूरी बना ली जाए। अनावश्यक विवाद में पड़ने के बजाय समझदारी इसी में है कि ऐसे लोगों को नजरअंदाज किया जाए, ताकि वे आपके जीवन में बाधा न बन सकें।
घर में सुख-समृद्धि का रहस्य
मूर्खाः यत्र न पूज्यन्ते धान्यं यत्र सुसंचितम् ।
दाम्पत्योः कलहो नास्ति तत्र श्री स्वयमागता॥
चाणक्य नीति के अनुसार जहां घर में ज्ञान का सम्मान होता है, अन्न और धन का सही प्रबंधन किया जाता है और पति-पत्नी के बीच कलह नहीं होती, वहां मां लक्ष्मी का वास होता है। ऐसे घरों में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और जीवन में स्थिरता व समृद्धि बढ़ती जाती है।
गलत संगति से तुरंत दूरी
दुराचारी च दुर्दृष्टिर्दुराऽऽवासी च दुर्जनः ।
यन्मैत्री क्रियते पुम्भिर्नरः शीघ्र विनश्यति ।।
चाणक्य कहते हैं कि दुराचारी और गलत सोच वाले लोगों की संगति व्यक्ति के जीवन को धीरे-धीरे बर्बादी की ओर ले जाती है। ऐसे लोगों के साथ संबंध रखने से मान-सम्मान और मानसिक शांति दोनों प्रभावित होते हैं। इसलिए बुद्धिमानी इसी में है कि बुरी संगति से तुरंत दूरी बना ली जाए।
















