जर्मनी ने कोटे डी आइवर को 2-1 से हराया, उन्दाव के दो गोल बने मैच का टर्निंग पॉइंट

नई दिल्ली  फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार का दिन बेहद रोमांचक और बड़े उलटफेरों से भरा रहा, जहां ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। ग्रुप-एफ के एक एकतरफा मुकाबले में नीदरलैंड्स ने ब्रायन ब्रॉबी और कोडी गैकपो के दो-दो गोलों की मदद से स्वीडन को 5-1 से…

जर्मनी ने कोटे डी आइवर को 2-1 से हराया, उन्दाव के दो गोल बने मैच का टर्निंग पॉइंट

नई दिल्ली
 फीफा वर्ल्ड कप 2026 में शनिवार का दिन बेहद रोमांचक और बड़े उलटफेरों से भरा रहा, जहां ग्रुप स्टेज के मुकाबलों में टीमों के बीच जोरदार टक्कर देखने को मिली। ग्रुप-एफ के एक एकतरफा मुकाबले में नीदरलैंड्स ने ब्रायन ब्रॉबी और कोडी गैकपो के दो-दो गोलों की मदद से स्वीडन को 5-1 से करारी शिकस्त देकर अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इसी ग्रुप के दूसरे मैच में जापान ने भी ट्यूनीशिया पर 4-0 से धमाकेदार जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत की। दूसरी ओर, ग्रुप-ई में जर्मनी ने डेनिज उन्दाव के शानदार दो गोलों के दम पर कोटे डी आइवर के खिलाफ 2-1 से रोमांचक वापसी करते हुए राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली। वहीं, इक्वाडोर और कुरासाओ के बीच खेला गया मुकाबला दोनों टीमों के मजबूत डिफेंस के कारण 0-0 की गोलरहित बराबरी पर समाप्त हुआ।

नीदरलैंड्स ने स्वीडन को रौंदा
फीफा वर्ल्ड कप 2026 में ग्रुप एफ के मुकाबले में नीदरलैंड्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वीडन को 5-1 से रौंदा। इस जीत के साथ ही नीदरलैंड्स ने ग्रुप में पहला स्थान भी हासिल कर लिया है।
नीदरलैंड्स ने नॉकआउट स्टेज में पहुंचने की अपनी दावेदारी को मजबूत कर लिया है। नीदरलैंड्स की तरफ से इस मुकाबले में ब्रायन ब्रॉबी और कोडी गैकपो दोनों ने दो-दो गोल किए। मैच की शुरुआत से ही नीदरलैंड्स आक्रामक अंदाज में खेलता नजर आया। टीम ने पांचवें मिनट में ही पहला गोल कर बढ़त बना ली।

कोडी गैकपो के शानदार पास पर ब्रायन ब्रॉबी ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचाकर टीम का खाता खोला। इसके बाद 17वें मिनट में ब्रॉबी ने नीदरलैंड्स की बढ़त को दोगुना कर दिया। डेनजेल डमफ्रीज के लो क्रॉस को उन्होंने करीब से गोल में तब्दील करते हुए टीम की बढ़त को 2-0 कर दिया। स्वीडन ने वापसी का प्रयास किया, लेकिन पहले हाफ में वह नीदरलैंड्स के डिफेंस को भेदने में पूरी तरह से नाकाम रहे।

दूसरे हाफ की शुरुआत में ही नीदरलैंड्स ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। 47वें मिनट में कोडी गैकपो ने शानदार फिनिश के साथ टीम के लिए तीसरा गोल किया। इसके सिर्फ सात मिनट बाद उन्होंने अपना दूसरा गोल भी दागा और नीदरलैंड्स की लीड को 4-0 कर दिया। गैकपो ने अंदर की ओर कट करते हुए जोरदार शॉट लगाया, जिसे स्वीडिश गोलकीपर रोकने में नाकाम रहे।

स्वीडन के लिए मैच का पहला गोल 59वें मिनट में आया। सबस्टीट्यूट खिलाड़ी के तौर पर आए एंथनी एलंगा ने शानदार गोल करते हुए अंतर को कम करने का प्रयास किया। हालांकि, इसके बाद नीदरलैंड्स के डिफेंस ने स्वीडन को गोल करने का कोई और मौका नहीं दिया। मैच के अंतिम मिनटों में भी नीदरलैंड्स का दबदबा जारी रहा। 89वें मिनट में क्राइसेंसियो समरविले ने शानदार गोल कर टीम की जीत पर मुहर लगा दी। 5-1 की धमाकेदार जीत के साथ ही नीदरलैंड्स के अब 2 मुकाबलों में 4 प्वाइंट्स हो गए हैं। वहीं, स्वीडन की टीम दूसरे स्थान पर खिसक गई है।

जर्मनी ने जीता अपना मुकाबला
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप-ई मुकाबले में जर्मनी ने शानदार वापसी करते हुए कोटे डी आइवर को 2-1 से हराया। टीम की इस जीत के हीरो डेनिज उन्दाव रहे, जिन्होंने दो गोल दागे। कोटे डी आइवर के खिलाफ मिली रोमांचक जीत के साथ ही जर्मनी ने राउंड ऑफ 32 में अपनी जगह पक्की कर ली है। यह मुकाबला शुरुआत से लेकर अंत तक बेहद रोमांचक रहा। मुकाबले के शुरुआती मिनटों में ही काई हैवर्ट्ज के पास गोल करने का शानदार मौका था, लेकिन उनका हेडर क्रॉसबार के ऊपर से निकल गया।

इसके बाद जोशुआ किमिच ने एक बेहतरीन क्रॉस दिया, जिस पर हैवर्ट्ज ने फिर कोशिश की, लेकिन कोटे डी आइवर के गोलकीपर याहिया फोफाना ने शानदार बचाव किया। जर्मनी को एक और मौका कॉर्नर किक पर मिला, जब एलेक्जेंडर पावलोविच ने हेडर से गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दी। हालांकि, रेफरी ने फाउल का फैसला देते हुए गोल को अमान्य करार दिया।

दूसरी ओर, कोटे डी आइवर ने भी जवाबी हमले जारी रखे। यान डियोमांडे ने बाईं ओर से तेजी से एक लो क्रॉस दिया जो अमाद डियालो के पैरों पर गिरा। हालांकि, नैथेनियल ब्राउन इस शॉट को ब्लॉक करने में सफल रहे, लेकिन वह केसी को रिबाउंड पर गोल करने से नहीं रोक सके। इस गोल के साथ ही कोटे डी आइवर ने मैच में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली।

दूसरे हाफ में भी अफ्रीकी टीम ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन जर्मनी के कोच जूलियन नेगल्समैन ने समय रहते बदलाव किए। उन्होंने लगभग एक घंटे के खेल के बाद नदीम अमीरी और डेनिज उन्दाव को मैदान पर उतारा। यह फैसला मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ। सबस्टिट्यूट खिलाड़ी के तौर पर उतारे गए डेनिज उन्दाव ने दो गोल करते हुए मैच का पासा पलटा। उन्दाव को जब मैदान पर उतारा गया, तो कोटे डी आइवर 1-0 से आगे था। हालांकि, आठ मिनट के अंदर उन्दाव ने पहला गोल दागते हुए स्कोर को 1-1 से बराबर किया।

कोटे डी आइवर के पास भी दोबारा बढ़त हासिल करने का शानदार मौका था। निकोलस पेपे और साइमन एडिंगरा ने एक अच्छा हमला बनाया, लेकिन वह अंतिम क्षणों में गेंद पर नियंत्रण नहीं रख सके और मौका हाथ से निकल गया। मैच जब ड्रॉ की ओर बढ़ता दिख रहा था, तभी स्टॉपेज टाइम में जर्मनी के लिए उन्दाव ने निर्णायक गोल किया। लुकास नेमेचा ने उन्दाव को शानदार पास दिया। उन्दाव ने गेंद को नियंत्रित करते हुए बेहतरीन फिनिश किया और जर्मनी की जीत पक्की कर दी। उन्दाव के लिए यह प्रदर्शन खास रहा, क्योंकि जर्मनी के लिए उनके पिछले 8 मैचों में यह 9वां गोल रहा।

इक्वाडोर और कुरासाओ का मैच ड्रॉ
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के एक बेहद रोमांचक मुकाबले में इक्वाडोर और कुरासाओ की टीमें आमने-सामने थीं। फुल-टाइम (निर्धारित समय) खत्म होने तक दोनों ही टीमें गोल करने में नाकाम रहीं, जिसके चलते यह मुकाबला 0-0 की बराबरी पर छूटा। इस मैच में दोनों टीमों के डिफेंस ने शानदार खेल दिखाया और विरोधी फॉरवर्ड लाइन को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।

इस गोलरहित ड्रॉ के बाद दोनों टीमों को अंक तालिका में एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा है। इस मुकाबले के बाद ग्रुप स्टैंडिंग्स में भी बदलाव देखने को मिला है, जहां इक्वाडोर की टीम फिलहाल तीसरे स्थान पर मौजूद है, वहीं कुरासाओ की टीम चौथे पायदान पर काबिज है। दोनों ही टीमों के लिए आगामी मैचों के लिहाज से यह एक-एक अंक बेहद महत्वपूर्ण साबित होने वाला है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports