,

तुष्टिकरण छोड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में खुलकर बोलें सपा अध्यक्ष: सीएम योगी

रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने का देर-सबेर सार्वजनिक पश्चाताप करेंगे अखिलेश: सीएम योगी मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात एवं कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों, नगर निगम व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तुष्टिकरण छोड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में खुलकर बोलें सपा अध्यक्ष:…

तुष्टिकरण छोड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में खुलकर बोलें सपा अध्यक्ष: सीएम योगी

रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने का देर-सबेर सार्वजनिक पश्चाताप करेंगे अखिलेश: सीएम योगी

मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात एवं कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों, नगर निगम व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने

तुष्टिकरण छोड़कर श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में खुलकर बोलें सपा अध्यक्ष: सीएम योगी

कुंदरकी उप चुनाव में जनता ने बता दिया कि अब बाबर का नहीं, रामराज ही चलेगा: मुख्यमंत्री

गुरु जम्भेश्वर मंदिर कॉरिडोर का होगा विकास, लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर 'दाऊ दयाल खन्ना नगर' किया जाएगा

मुरादाबाद
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि क्या उन्हें कुछ सद्बुद्धि आई है या जनता की आंख में धूल झोंक रहे हैं। वह कह रहे हैं कि उनकी सरकार बनी तो अयोध्या को चमकाएंगे, जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार पहले ही अयोध्या का अभूतपूर्व विकास कर चुकी है। वहां अब उनके सहयोग की कोई आवश्यकता नहीं। लेकिन, इस बात के लिए धन्यवाद देता हूं कि उन्होंने आखिरकार अयोध्या को स्वीकार किया। यह भाजपा की वैचारिक विजय है। देर-सवेर सपा मुखिया भी भगवान श्रीराम का संकीर्तन करते दिखाई देंगे और रामभक्तों पर लाठी-गोली चलाने के पाप का सार्वजनिक पश्चाताप करेंगे।

मुख्यमंत्री सोमवार को मुरादाबाद में मुरादाबाद नगर, मुरादाबाद देहात एवं कुंदरकी विधानसभा क्षेत्रों, नगर निगम व मुरादाबाद विकास प्राधिकरण की 365 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास करने के उपरांत जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दानवीर भामाशाह जी की जयंती पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और व्यापारी कल्याण दिवस पर व्यापारियों को सम्मान पत्र वितरित किए। सीएम ने कार्यक्रम स्थल में लगे स्टाल्स का निरीक्षण किया। उन्होंने एक नन्ही बच्ची को गोद में लेकर चम्मच से दूध पिलाकर दुलारा और उसे खिलौना भी दिया। सीएम योगी ने नगर निगम की कॉफी टेबल बुक का विमोचन भी किया।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में बोलें अखिलेश यादव
मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या को डबल इंजन सरकार पहले ही नई पहचान दे चुकी है। फोरलेन सड़क संपर्क, रेलवे की डबल लाइन, महर्षि वाल्मीकि के नाम पर एयरपोर्ट, निषादराज के नाम पर रैन बसेरे, माता शबरी के नाम पर भोजनालय और राम की पैड़ी जैसे कार्य सरकार ने कराए हैं। अब समय मथुरा-वृंदावन और बांके बिहारी क्षेत्र के विकास का है। अखिलेश यादव वास्तव में धार्मिक आस्था का सम्मान करना चाहते हैं तो उन्हें खुलकर मथुरा-वृंदावन और श्रीकृष्ण जन्मभूमि के पक्ष में बोलना चाहिए। तुष्टिकरण से उबरना चाहिए। तभी जनता उनके बदले हुए रुख पर विश्वास करेगी।

समाजवादी पार्टी की सोच बाबरी वाली
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की बाबरी सोच है। यह समाज को जाति, क्षेत्र व भाषा के नाम पर बांटने का काम करती है। संभल का जिक्र करते हुए सीएम ने कहा कि यदि समाज जागरूक रहता तो वहां के प्राचीन हरिहर मंदिर, 67 तीर्थों और 19 प्राचीन कुओं पर किसी प्रकार का अतिक्रमण या क्षति नहीं होती। समाज को अपनी विरासत और संस्कृति की रक्षा के लिए सदैव सजग रहना चाहिए।

बाबर का नहीं, रामराज ही चलेगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में दंगे, कर्फ्यू व उपद्रव नहीं होते। कुंदरकी विधानसभा उपचुनाव में जनता ने साबित कर दिया कि अब बाबर का नहीं, रामराज ही चलेगा। लोगों ने विकास व सुशासन के पक्ष में मतदान किया और भाजपा प्रत्याशी ठाकुर रामवीर सिंह को विजयी बनाया। पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री बनाने और तुष्टीकरण की राजनीति पर खर्च होता था, जबकि आज वही धन मंदिरों के पुनरुद्धार, धार्मिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, रामायण वाटिका, संविधान वाटिका और सेना के शौर्य को सम्मानित करने वाले कार्यों पर लगाया जा रहा है। श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम, नैमिषारण्य, विदुर कुटी और मथुरा-वृंदावन सहित अनेक धार्मिक स्थलों का अभूतपूर्व विकास किया गया है। प्रदेश में विरासत और विकास दोनों साथ-साथ आगे बढ़ रहे हैं।

नो कर्फ्यू, नो दंगा यूपी में सब चंगा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब "नो कर्फ्यू, नो दंगा, यूपी में सब चंगा” की स्थिति है। सरकार अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। कोई बेटी की सुरक्षा से खिलवाड़ करेगा, व्यापारी का अपहरण करेगा, नौजवान की नौकरी में सेंध लगाएगा या किसान के अधिकारों का हनन करेगा तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

समाजवादी पार्टी की साइकिल पंक्चर हो चुकी
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा की राजनीतिक जमीन लगातार कमजोर हुई है। जनता ने विकास व सुशासन को चुना है। अराजकता व तुष्टीकरण की राजनीति को नकार दिया। सपा की साइकिल अब पंक्चर हो चुकी है, उसकी गति समाप्त हो गई है। अब उसके आगे बढ़ने की कोई संभावना नहीं बची है। यदि विपक्ष राम का नाम लेता है तो यह भी सकारात्मक परिवर्तन है और इससे उसका भविष्य में भला ही होगा।

गुरु जम्भेश्वर मंदिर कॉरिडोर का होगा विकास
मुख्यमंत्री ने मुरादाबाद के लिए महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि सरकार गुरु जम्भेश्वर के प्राचीन मंदिर के कॉरिडोर विकास का कार्य करेगी। यह स्थल प्रदेश की धार्मिक व सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है और सरकार इसके संरक्षण एवं विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगी। गुरु जम्भेश्वर के नाम पर विश्वविद्यालय की स्थापना और मंदिर परिसर के समग्र विकास से मुरादाबाद की नई पहचान बनेगी।

लाइनपार क्षेत्र का नाम होगा दाऊ दयाल खन्ना नगर
मुख्यमंत्री ने श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन के वरिष्ठ नेता और मुरादाबाद की विभूति दाऊ दयाल खन्ना को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए घोषणा की कि लाइनपार क्षेत्र का नाम बदलकर 'दाऊ दयाल खन्ना नगर' किया जाएगा। वर्ष 1983 में गठित श्रीराम जन्मभूमि मुक्ति यज्ञ समिति में उनके पूज्य गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ अध्यक्ष थे, जबकि दाऊ दयाल खन्ना महासचिव के रूप में पूरे आंदोलन से जुड़े रहे। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को समर्पित किया। सरकार उनके योगदान को सम्मान देने के लिए यह निर्णय ले रही है।

दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग व राष्ट्रभक्ति की मिसाल
मुख्यमंत्री ने कहा कि दानवीर भामाशाह का जीवन त्याग, राष्ट्रभक्ति और समर्पण का अद्वितीय उदाहरण है। हल्दीघाटी युद्ध के बाद जब महाराणा प्रताप के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया और उनके पास संसाधन नहीं बचे। तब भामाशाह ने अपनी संपूर्ण संपत्ति राष्ट्र रक्षा के लिए समर्पित कर दी। उसी धन के बल पर महाराणा प्रताप ने वर्षों तक संघर्ष जारी रखा और मेवाड़ के अनेक दुर्गों पर दोबारा अधिकार स्थापित किया। भामाशाह का जीवन आज भी समाज और व्यापारियों को राष्ट्रहित में योगदान देने की प्रेरणा देता है।

व्यापारियों के लिए 10 लाख रुपये का बीमा कवर
सीएम योगी ने कहा कि व्यापारी प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं। प्रदेश सरकार ने व्यापारी कल्याण के लिए अनेक योजनाएं लागू की हैं। जीएसटी में पंजीकृत व्यापारियों को सरकार 10 लाख रुपये का बीमा कवर देती है। उन्होंने व्यापारियों से प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

मुरादाबाद की बदल गई तस्वीर
मुख्यमंत्री ने कहा कि नौ वर्ष पहले का मुरादाबाद दंगे, कर्फ्यू, अराजकता, गंदगी व अव्यवस्था के लिए जाना जाता था। आज वही मुरादाबाद गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय की स्थापना, पीतल उद्योग की नई पहचान, युवाओं की प्रतिभा, किसानों के नवाचार और उत्तर प्रदेश के प्रमुख एक्सपोर्ट हब के रूप में देशभर में पहचान बना चुका है। अब शहर में चौड़ी सड़कें हैं, स्मार्ट सिटी के अनुरूप विकास हो रहा है। श्रीराम वाटिका, संविधान वाटिका, पार्कों का सौंदर्यीकरण तथा ऐतिहासिक और पौराणिक धरोहरों का संरक्षण किया जा रहा है।

9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
सीएम योगी ने कहा कि वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश ने विकास, रोजगार, निवेश व कानून व्यवस्था के क्षेत्र में नई पहचान बनाई है। पहले प्रदेश को बीमारू राज्य कहा जाता था, लेकिन आज वही उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था का 'ग्रोथ इंजन' बन चुका है। यह परिवर्तन मोदी जी के नेतृत्व और डबल इंजन सरकार की नीतियों का परिणाम है। पिछले नौ वर्षों में प्रदेश सरकार ने 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। युवाओं को बिना भेदभाव और बिना भ्रष्टाचार के सरकारी सेवाओं में अवसर मिल रहे हैं।

एमएसएमई बना रोजगार का सबसे बड़ा आधार
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 96 लाख से अधिक एमएसएमई इकाइयां सवा तीन करोड़ से अधिक लोगों को रोजगार दे रही हैं। कृषि के बाद सर्वाधिक रोजगार देने वाला क्षेत्र अब एमएसएमई बन चुका है। प्रदेश सरकार ने एमएसएमई क्षेत्र को नया जीवन दिया है। बेहतर कानून व्यवस्था, निवेश अनुकूल वातावरण और सरकार की उद्योग नीति के कारण प्रदेश में लगातार नए उद्योग स्थापित हो रहे हैं। इससे रोजगार के अवसर बढ़े हैं और उत्तर प्रदेश देश के सबसे बड़े औद्योगिक राज्यों में शामिल हो रहा है।

वर्ल्ड क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर की ओर बढ़ता उत्तर प्रदेश
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में सर्वाधिक एक्सप्रेसवे वाला राज्य बन चुका है। सबसे अधिक घरेलू व अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट भी उत्तर प्रदेश में हैं। प्रदेश तेजी से लॉजिस्टिक हब के रूप में विकसित हो रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे, पूर्वांचल एक्सप्रेसवे, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे सहित आधुनिक सड़क नेटवर्क से प्रदेश के विकास को नई गति मिली है। नए विश्वविद्यालय, मेडिकल कॉलेज और आधुनिक अधोसंरचना के निर्माण से उत्तर प्रदेश निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। अब उत्तर प्रदेश रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और देश की अर्थव्यवस्था को गति देने वाले प्रमुख राज्यों में शामिल हो चुका है।

सपा व कांग्रेस का विकास मॉडल परिवार तक सीमित
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा व कांग्रेस के पास विकास का कोई विजन नहीं। इन दलों के लिए विकास का मतलब केवल अपने परिवार हैं, जबकि भाजपा सरकार के लिए प्रदेश के 25 करोड़ लोगों का विकास ही सर्वोपरि है। जहां-जहां भाजपा के सांसद, विधायक, महापौर व अन्य जनप्रतिनिधि चुने गए हैं, वहां विकास कार्य तेजी से हुए हैं।

लाभार्थियों को दी आवास की चाबी, प्रमाण व आवंटन पत्र और चेक

मुख्यमंत्री ने विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास पर मुरादाबाद नगर, कुंदरकी और मुरादाबाद देहात की जनता को बधाई दी। उन्होंने नेहा दिवाकर, पायल जैन को आवंटन पत्र, स्वाति वर्मा, काजल सैनी, चंचल चौहान, गार्गी चौहान, रुपेश रानी को स्वयं सहायता समूह के रूप में 9 करोड़ का चेक और अनीता शर्मा को आयुष्मान कार्ड सौंपा। इसके साथ ही सीएम ने सत्यप्रकाश गुप्ता, विभोर कुमार गुप्ता, अमित कुमार गोयल, बनवारी लाल तोमर, वीरेंद्र कुमार, अमित वाधवा, लोकपाल सिंह, चारु गुप्ता, राहुल सिंह, शैलेन्द्र प्रकाश को भामाशाह सम्मान पत्र दिया।

इस अवसर पर मंत्री चौधरी भूपेंद्र सिंर, अनिल कुमार, विधायक रितेश गुप्ता, विधायक रामवीर सिंह, महापौर विनोद अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष शैफाली सिंह चौहान, विधान परिषद सदस्य सत्यपाल सिंह सैनी, जयपाल सिंह व्यस्त, राम गोपाल अंजान,  भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला, जिलाध्यक्ष आकाश पाल, आरएलडी जिलाध्यक्ष अनिल सिंह आदि मौजूद रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports