मोहाली.
ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथाॅरिटी (गमाडा) ने मोहाली में नए के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूलों की स्थापना के लिए तीन शैक्षणिक प्लाॅट्स की ई नीलामी की घोषणा की है। इच्छुक शैक्षणिक संस्थानों, ट्रस्टों, सोसायटियों और अन्य पात्र आवेदकों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
यह नीलामी गमाडा की वर्ष-2025 की शैक्षणिक प्लाॅट आवंटन नीति के तहत टेक्निकल और फाइनेंशियल बिड प्रणाली के अनुसार आयोजित की जाएगी। सेक्टर-77 में 2.50 एकड़ का शैक्षणिक प्लाॅट 23.74 करोड़ रुपये, सेक्टर-79 में 2.00 एकड़ का प्लाॅट 20.71 करोड़ रुपये तथा सेक्टर-66 (बीटा, आईटी सिटी) में 4.10 एकड़ का प्लाॅट 48.53 करोड़ रुपये की आरक्षित कीमत पर ई नीलामी के लिए रखा गया है। इन तीनों प्लाॅट्स का उपयोग केवल के-12 और सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थापित करने के लिए किया जाएगा।
ऑनलाइन बिडिंग 10 जुलाई को दोपहर 12 बजे शुरू होगी, जबकि 10 अगस्त को दोपहर 12 बजे तक बोली लगाई जा सकेगी। इसके बाद तकनीकी बोली का मूल्यांकन किया जाएगा और पात्र आवेदकों की वित्तीय बोली खोलने की तिथि अलग से घोषित की जाएगी। पूरी नीलामी प्रक्रिया पूरी तरह आनलाइन, पारदर्शी और समयबद्ध होगी। इच्छुक आवेदकों को पंजाब ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करना होगा। पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, भुगतान शर्तों और अन्य नियमों की विस्तृत जानकारी गमाडा की आधिकारिक वेबसाइट और पंजाब ई-प्रोक्योरमेंट पोर्टल पर उपलब्ध कराई गई है।
गमाडा के अधिकारियों का कहना है कि मोहाली तेजी से शिक्षा और आईटी हब के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में नए स्कूलों की बढ़ती आवश्यकता को देखते हुए इन शैक्षणिक प्लाॅट्स की ई नीलामी की जा रही है, ताकि शहर के विभिन्न सेक्टरों में आधुनिक शैक्षणिक संस्थानों की स्थापना हो सके। इससे विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिलने के साथ साथ शहर के शिक्षा ढांचे को भी मजबूती मिलेगी।
















