,

मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार, हनुमानगढ़ी और जामा मस्जिद का जिक्र कर साधा निशाना

हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगेः मुख्यमंत्री   मुख्यमंत्री ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास  मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का भी किया अनावरण  आस्था का दिखावा करने…

मुख्यमंत्री योगी का विपक्ष पर तीखा प्रहार, हनुमानगढ़ी और जामा मस्जिद का जिक्र कर साधा निशाना

हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप करने वाले क्या जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा करा पाएंगेः मुख्यमंत्री  

मुख्यमंत्री ने बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण/शिलान्यास 

मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का भी किया अनावरण 

आस्था का दिखावा करने वाले दलों पर सीएम योगी ने किया प्रहार

सीएम की बड़ी घोषणा- भरतपुर भरतकुंड नगर पंचायत के नाम से जाना जाएगा भदरसा नगर पंचायत, मां ज्वाला के नाम पर होगी खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत

सपा वाले वक्फ के नाम पर जिस श्रृंग्वेरपुर में कब्जा करा रहे थे, वहां भाजपा सरकार ने भगवान राम व निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा व स्मारक का निर्माण करायाः सीएम योगी 

अयोध्या,
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आस्था का दिखावा करने वाले दलों पर रामनगरी में कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि इन लोगों ने हनुमानगढ़ी में नमाज पढ़वाई थी, लेकिन क्या सपा, कांग्रेस या अन्य सरकारें जामा मस्जिद में हनुमान चालीसा का पाठ करवा पाएंगी। यदि नहीं करा पाएंगी तो हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप क्यों कराया गया था? आस्था का दिखावा कर रहे लोगों ने यह पाप किया था, जबकि भाजपा ने अयोध्या को सनातन धर्म की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में स्थापित किया। 

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण/शिलान्यास किया। इस अवसर पर अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने यहां पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया और लोकार्पण व शिलान्यास वाली तमाम योजनाओं का जिक्र कर इनका श्रेय जनता व जनप्रतिनिधियों को दिया।

मां ज्वाला के नाम पर होगी खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत, भदरसा नगर पंचायत होगा भरतपुर भरतकुंड होगा
सीएम ने कहा कि बीकापुर विधायक ने पिछली बार ग्राम पंचायत खिरौनी-सुचित्तागंज को नगर पंचायत बनवाया था। अब उनकी मांग पर यह नगर पंचायत मां ज्वाला देवी के नाम पर होगी। समाजवादी पार्टी का असली चरित्र सभी ने देखा होगा, जब इनके नमूने चेयरमैन ने भदरसा में गुस्ताखी की थी। भदरसा नगर पंचायत अब भरतनगर भरतकुंड होगा। भाई-भाई का संबंध भरत जी से सीखिए। 14 वर्ष तक भरतकुंड के पास रहकर उन्होंने भगवान राम की आज्ञा का पालन किया। भगवान राम की चरण पादुकाएं अयोध्या का संचालन कर रही थीं। भरत जैसा भाई मिलना मुश्किल है, लेकिन अयोध्या में राम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न जैसे भाई हुए। चारों दिशाओं में अयोध्या की पहचान आज भी मौजूद है।

सक्रिय जनप्रतिनिधि से आते हैं सकारात्मक परिणाम
मुख्यमंत्री ने कहा कि नीयत साफ और नीति स्प्ष्ट हो तो नियंता भी साथ देता है। प्रभु राम और पवनसुत के आशीर्वाद से सभी कार्य अपने आप बढ़ते हैं। बीकापुरवासियों ने अच्छा विधायक चुना तो विकास दौड़ता दिखाई देता है। जैसे अयोध्या का वैभव देश में चरम पर दिखाई देता है, वैसे ही बीकापुर में भी विकास की योजनाएं दिखाई दे रही हैं। सक्रिय जनप्रतिनिधि जब विकास में रूचि लेते हैं तो परिणाम वैसे ही सकारात्मक आते हैं, जैसे आज अयोध्या, बीकापुर, मिल्कीपुर, गोसाईगंज, रुधौली में दिखाई दे रहे हैं। 

कभी विकास से वंचित थी अयोध्या
सीएम ने कहा कि 19 जून को हमने रुदौली में विकास योजनाओं की सौगात दी थी। पहले जो असंभव था, वह इन जनप्रतिनिधियों के कारण संभव हो पाया। लंबे समय तक सड़क, बिजली, पानी नहीं मिलने से अयोध्या उपेक्षित होने के साथ विकास से वंचित रहती थी। व्यवस्था न होने से श्रद्धालु मां सरयू का आशीर्वाद लेने में विफल रहता था, लेकिन अब मां सरयू की पवित्र धारा अयोध्या को अभिसिंचित करती है। 

तीनों लोकों से न्यारी हो गई अयोध्या 
सीएम ने कहा कि अयोध्या अब वैभवशाली और तीनों लोकों से न्यारी है। गलियां चमक रही हैं, लाइट भी रहती है। सूर्यवंश की राजधानी अयोध्या पीएम मोदी के विजन के अनुरूप सोलर सिटी बन गई है। नए घाट से लेकर गुप्तार घाट तक घाटों की श्रृंखला है। सीएम ने सभी का आह्वान किया कि कभी उपेक्षित रहे गुप्तार घाट में अब परिवार के साथ घूमने जाइए। हमने सूरजकुंड का पुनरुद्धार किया। स्थानीय विधायक के प्रस्ताव पर भरतकुंड का सौंदर्यीकरण भी हो रहा है।

सपा-कांग्रेस कुछ नहीं कर सकीं तो अयोध्या के विरोध में जुटीं
सीएम ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा कि ये लोग एयरपोर्ट के नाम पर गुमराह करते थे, लेकिन अब महर्षि वाल्मीकि के नाम पर अयोध्या में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बन गया है। अयोध्या सभी शहरों के साथ जुड़ गई है। सपा व कांग्रेस वाले कुछ नहीं कर पाए, इसलिए अयोध्या का विरोध कर रहे हैं। डबल इंजन सरकार ने निषादराज के नाम पर रैनबसेरा और मां शबरी के नाम पर भोजनालय बनवाकर समरसता फैलाई। हरिद्वार में हरि की पैड़ी की तरह ही अयोध्या में राम की पैड़ी दिख रही है। रोज सरयू मैया की आरती होती है। सपा जिस वक्फ के नाम पर श्रृंग्वेरपुर में कब्जा करा रही थी, भाजपा सरकार ने वहां भगवान राम व निषादराज के मिलन की भव्य प्रतिमा व स्मारक बनाया है। सपा के लोग जाकर देखें कि श्रृंग्वेरपुर सौंदर्यीकरण की नई ऊंचाइयों तक पहुंच गया है।

सपा-कांग्रेस ने बाधा पहुंचाई, डबल इंजन सरकार आई तो राम मंदिर बन गया
सीएम ने कहा कि कांग्रेस व सपा ने मंदिर निर्माण में बाधाएं डालीं, राम के नाम पर प्रश्न खड़ा किया। रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं, लेकिन डबल इंजन सरकार आई तो राम मंदिर बन गया। अयोध्या आने वाला हर व्यक्ति अब अभिभूत होकर जाता है। भक्ति पथ, धर्मपथ, रामपथ, जन्मभूमिपथ अयोध्या की पहचान बन रहे हैं। सिंगल लेन की जगह अब फोरलेन व सिक्स लेन हैं। एयर, रेल व रोड कनेक्टिविटी अयोध्या को नई पहचान दिला रही है। बीकापुर, रुदौली, मिल्कीपुर व गोसाईगंज को भी लाभ प्राप्त हो रहा है।

देश-दुनिया में अयोध्या व प्रदेशवासियों को मिल रहा सम्मान 
सीएम ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने मर्यादा के दायरे में रहकर अनवरत कार्य किया। 2017 के पहले लोग शक की निगाहों से देखते थे, लेकिन आज अयोध्या और प्रदेशवासी देश-दुनिया में जहां भी जाते हैं तो उन्हें सम्मान मिलता है। अयोध्या में अब विकास व विरासत का अद्भुत समन्वय हो रहा है। जो 500 वर्ष में नहीं हो पाया, अयोध्या अब वह करके दिखा रही है। संतों, राजाओं, युवराजों समेत समाज के प्रत्येक तबके ने रामजन्मभूमि मुक्ति के लिए संघर्ष किया। जो कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, वे देख लें कि अयोध्या में दर्शन करने लाखों श्रद्धालु आ रहे हैं। 

विपरीत परिस्थितियों में जूझने का जज्बा अयोध्या की पहचान 
सीएम ने विपरीत मौसम में उमड़े जनसैलाब के प्रति आभार जताया। कहा कि कल-परसों से यहां अनवरत वर्षा हो रही है। मुझे शंका थी कि बारिश के कारण यहां लोग आ पाएंगे या नहीं, लेकिन मौसम की चुनौती के बीच भी लोग आए, क्योंकि विपरीत परिस्थितियों में जूझने का जब्बा ही अयोध्या की पहचान है। 

इस अवसर पर महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्य़क्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान, गोरखनाथ बाबा, इंद्रप्रताप तिवारी ‘खब्बू’, भाजपा के जिलाध्य़क्ष राधेश्याम त्यागी, महानगर अध्यक्ष कमलेश श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे। बीकापुर के विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed