चंडीगढ़
पंजाब में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। इसी कड़ी में 19 जुलाई को प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इस शिविर में पात्र मतदाता अपने गणना प्रपत्र भरकर मौके पर ही जमा कर सकेंगे।
चुनाव अधिकारियों का कहना है कि इस विशेष पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या आवश्यक जानकारी अपडेट कराने से वंचित न रहे।
दोपहर दो बजे तक चलेगा कैंप
उन्होंने बताया कि विशेष शिविर सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक चलेगा। इस दौरान सभी मतदान केंद्रों पर बूथ स्तरीय अधिकारी मौजूद रहेंगे, जो मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने और प्रपत्र जमा करने में पूरी सहायता देंगे। इससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और प्रक्रिया अधिक सरल व सुविधाजनक होगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने कहा कि चुनाव आयोग का लक्ष्य है कि 13 अगस्त, 2026 को प्रकाशित होने वाली प्रारंभिक मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र मतदाता का नाम शामिल हो। इसके लिए नागरिकों की सक्रिय भागीदारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और समय रहते अपनी सभी जानकारियां सत्यापित करवा लें।
हर परिवार तक पहुंच रहे बीएलओ
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि घर-घर चल रहे अभियान के दौरान बूथ स्तरीय अधिकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। यदि किसी कारणवश कोई मतदाता उस समय उपलब्ध नहीं हो पाया है या उसका गणना प्रपत्र अभी तक नहीं भर पाया है, तो वह 19 जुलाई के विशेष शिविर का लाभ उठाकर अपना प्रपत्र जमा कर सकता है।
चुनाव विभाग का मानना है कि विशेष शिविर से बड़ी संख्या में मतदाताओं को सुविधा मिलेगी और मतदाता सूची को अधिक सटीक तथा अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। विभाग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इस अभियान की जानकारी दें, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने या आवश्यक संशोधन कराने से वंचित न रह जाए।
















