,

बिहार में हेली टूरिज्म की शुरुआत, यात्रियों ने 1200 फीट से देखा पटना

 पटना मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत शनिवार से शुरू हुई हेलीकाॅप्टर जाय राइड ने यात्रियों को रोमांच और उत्साह से भर दिया। पहली उड़ान पूरी कर लौटे यात्रियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि करीब 1200 फीट की ऊंचाई से पटना को देखना ऐसा…

बिहार में हेली टूरिज्म की शुरुआत, यात्रियों ने 1200 फीट से देखा पटना

 पटना
मुख्यमंत्री बिहार हेली टूरिज्म एवं एयर टूरिज्म सेवा योजना के तहत शनिवार से शुरू हुई हेलीकाॅप्टर जाय राइड ने यात्रियों को रोमांच और उत्साह से भर दिया।

पहली उड़ान पूरी कर लौटे यात्रियों के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने बताया कि करीब 1200 फीट की ऊंचाई से पटना को देखना ऐसा अनुभव था, जिसे शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता।

पहली जाय राइड में पांच यात्रियों ने हिस्सा लिया। ये 13 जुलाई को ही अपनी टिकट बुक करा ली थी। पर्यटकों ने बताया कि हेलीकाॅप्टर के आसमान में पहुंचते ही शहर का अलग ही स्वरूप दिखाई दिया।

ऊपर से गंगा नदी का विस्तृत किनारा, शहर की हरियाली, चौड़ी सड़कें, नए पुल और तेजी से विकसित हो रहा पटना सभी का ध्यान आकर्षित कर रहे थे।

ऊंचाई से अपने शहर की प्रसिद्ध जगहों को पहचानने का अलग ही आनंद था। मरीन ड्राइव, अशोक राजपथ का डबल डेकर पुल, पटना जू, बिहार म्यूजियम, बेली रोड समेत कई प्रमुख स्थलों को देखकर सभी उत्साहित नजर आए।

यात्रियों के अनुसार हेलीकाॅप्टर का धीरे-धीरे ऊंचाई लेना और फिर हवा में मोड़ लेना पूरे सफर का सबसे रोमांचक हिस्सा रहा। कुछ मिनटों की यह उड़ान उनके लिए यादगार बन गई।

हवाई सफर के साथ आतिथ्य का भी मिला आनंद
जाय राइड के दौरान यात्रियों के लिए हल्के नाश्ते की भी व्यवस्था की गई थी। हेलीकाॅप्टर में कोल्ड ड्रिंक, काॅफी, कुकीज, चाॅकलेट और पेयजल उपलब्ध कराया गया।

यात्रियों ने कहा कि आसमान की सैर करते हुए इन सुविधाओं का आनंद लेना अनुभव को और भी खास बना देता है। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपने शहर को एक बार आसमान से जरूर देखना चाहिए।

पटना समेत चार शहरों के लिए हेली टूरिज्म सेवा
पटना समेत राज्य के चार प्रमुख पर्यटन स्थल के लिए हेली टूरिज्म सेवा शुरू की गई है। पटना जाय राइड 21 सौ रुपये में 10 मिनट पटना का भ्रमण कराएगी।

वहीं पटना से राजगीर 4000 रुपये, पटना से वाल्मीकिनगर 5000 रुपये व पटना से कैमूर 6000 रुपये में पर्यटक इस सेवा का आनंद ले सकेंगे।

इसकी बुकिंग के लिए पर्यटकों को पर्यटन विभाग की वेबसाइट पर जाना होगा। वहां से इसके लिए टिकट बुक कर सकेंगे। शनिवार को पटना जाय राइड सेवा की शुरुआत हुई।

पर्यटन को बढ़ावा देना उद्देश्य : मंत्री
हेली सेवा के शुभारंभ के मौके पर पर्यटन मंत्री केदार गुप्ता ने कहा कि राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिलहाल पटना के लिए हेली सेवा शुरू की गई है।

इसके माध्यम से पर्यटक और आम लोग अब हेलीकाप्टर से राजधानी के प्रमुख दर्शनीय स्थलों का हवाई नजारा देख सकेंगे।

उन्होंने बताया कि पटना दर्शन हेली सेवा का किराया 2,100 रुपये निर्धारित किया गया है। वहीं, जल्द ही नालंदा और कैमूर के लिए भी हेली सेवा शुरू की जाएगी।

कैमूर हेली टूर का प्रस्तावित किराया 6,000 रुपये रखा गया है। पर्यटन मंत्री ने कहा कि बिहार में धार्मिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को बेहतर कनेक्टिविटी देने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल है।

यात्रियों ने साझा किए अपने अनुभव
पहली बार अपने शहर को इतनी ऊंचाई से देखने का अवसर मिला। ऊपर से पूरा पटना हरियाली से घिरा हुआ नजर आ रहा था। गंगा जी का विहंगम दृष्य व पटना जू का उपर से नजारा देखकर मन आनंदित हो गया। यह अनुभव जीवनभर याद रहेगा।- वर्षा ज्योति, बेली रोड

जिन रास्तों और स्थानों से हम रोज गुजरते हैं, उन्हें आसमान से देखना बेहद अलग एहसास था। गंगा, सड़कें और पुलों का दृश्य मन मोह लेने वाला था। गंगा जी का पूरा
व्यू एक साथ देख कर आनंदित हो उठे। -रिंकी, छज्जूबाग

ऊपर से शहर की इमारतों और प्रमुख स्थानों की पहचान करना अपने आप में रोमांचक था। पहली बार गांधी मैदान, गोलघर व गंगा नदी का व्यू आसमान से देखने को मिला। हर किसी को कम से कम एक बार इस हवाई यात्रा का अनुभव लेना चाहिए।- राहुल आनंद, शाहगंज

हेलीकाप्टर का उड़ान भरना और हवा में दिशा बदलना बेहद रोमांचकारी रहा। इस सफर की यादें हमेशा मेरे साथ रहेंगी। गांधी मैदान, अशोक राजपथ का डबल डेकर फ्लाइ ओवर व पूरा पटना का एरियल व्यू देखकर अच्छा लगा।- गुलाम मुर्तजा, अमझर शरीफ, औरंगाबाद

कुछ मिनटों की यह हवाई सैर रोजमर्रा की भागदौड़ से बिल्कुल अलग दुनिया का एहसास कराती है। शहर को ऊपर से देखने और साथ में हल्के नाश्ते का आनंद लेने का अनुभव बेहद खास रहा। – शंटू कुमार, राजाबाजार

 

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports