,

विदेश में बैठकर चला रहा था गैंग, अब पंजाब पुलिस की गिरफ्त में जॉबन बिल्ला; इंडोनेशिया से हुआ डिपोर्ट

मोहाली   चार हत्या समेत कई संगीन मामलों में शामिल गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला आखिरकार पंजाब पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। वह विदेश में छिपा हुआ था। 6 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के बाद उसे भारत लाने में सफलता मिली। रविवार को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर उसे मोहाली स्थित शहीद…

विदेश में बैठकर चला रहा था गैंग, अब पंजाब पुलिस की गिरफ्त में जॉबन बिल्ला; इंडोनेशिया से हुआ डिपोर्ट

मोहाली
  चार हत्या समेत कई संगीन मामलों में शामिल गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जोबन बिल्ला आखिरकार पंजाब पुलिस के शिकंजे में आ ही गया। वह विदेश में छिपा हुआ था। 6 महीने तक चली अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई के बाद उसे भारत लाने में सफलता मिली।

रविवार को इंडोनेशिया से डिपोर्ट कर उसे मोहाली स्थित शहीद भगत सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लाया गया। यहां कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद अमृतसर पुलिस ने गैंगस्टर को अपनी हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

सूत्रों के अनुसार रविवार शाम एजीटीएफ की टीम गैंगस्टर को लेकर एयरपोर्ट पहुंची। सुरक्षा के मद्देनजर एयरपोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। बाहर निकलते ही अमृतसर पुलिस ने उसे अपने कब्जे में ले लिया। इस दौरान गैंग्सटर के चेहरे को काले कपड़े से ढक दिया गया और कड़ी सुरक्षा के बीच उसे अमृतसर ले जाया गया।

पुलिस के अनुसार गैंगस्टर जोबन बिल्ला लंबे समय से विदेश में रहकर गिरफ्तारी से बच रहा था। उसके खिलाफ पंजाब में चार हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामलों में केस दर्ज हैं। जांच एजेंसियों का मानना है कि विदेश में रहते हुए भी वह अपने नेटवर्क के संपर्क में था।

तकनीकी निगरानी और खुफिया इनपुट से मिला सुराग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार गैंगस्टर को भारत लाने के लिए विशेष अभियान चलाया गया। करीब 6 माह तक एजीटीएफ, ओएफटीईसी पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों ने तकनीकी निगरानी, खुफिया इनपुट और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समन्वय बनाकर कार्रवाई की। इसके बाद इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उसे डिपोर्ट कर भारत लाया गया।

6 महीने चला ऑपरेशन नोमैड हंट
जॉबन बिल्ला के विदेश में छिपे होने की जानकारी मिलने के बाद पंजाब पुलिस ने केंद्रीय एजेंसियों और अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर करीब 6 महीने तक ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ चलाया। इस दौरान आरोपी की गतिविधियों पर लगातार डिजिटल निगरानी रखी गई।

खुफिया इनपुट और तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को इंडोनेशिया के जकार्ता में ट्रेस किया गया। इसके बाद इंडोनेशियाई अधिकारियों के सहयोग से उसे हिरासत में लिया गया और कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद भारत डिपोर्ट कर दिया गया।

हत्या, हथियार और ड्रग्स तस्करी के मामलों में वांटेड
पुलिस जांच के मुताबिक, जॉबन बिल्ला लंबे समय से पंजाब में आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ हत्या के चार मामले दर्ज हैं। इसके अलावा वह हत्या के प्रयास, हथियारों की सप्लाई और नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामलों में भी वांटेड था।

पुलिस का आरोप है कि भारत से फरार होने के बाद भी वह विदेश में बैठकर अपने गुर्गों के जरिए आपराधिक नेटवर्क चला रहा था। उसके नेटवर्क पर रंगदारी वसूली और टारगेट किलिंग जैसी वारदातों की साजिश रचने के आरोप भी हैं।

पुलिस करेगी नेटवर्क और साथियों से पूछताछ
पंजाब पुलिस अब आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है। पूछताछ के दौरान उसके विदेश कनेक्शन, पंजाब में सक्रिय गुर्गों, हथियारों और ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े अहम खुलासे होने की उम्मीद है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि विदेश में बैठकर पंजाब में आपराधिक नेटवर्क चलाने वाले गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। दुनिया के किसी भी कोने में छिपे अपराधियों को कानून के दायरे में लाया जाएगा।

विदेशी संपर्कों और गैंग नेटवर्क की होगी पड़ताल
अब जांच का फोकस गैंगस्टर के अंतरराष्ट्रीय संपर्कों और पंजाब में सक्रिय उसके नेटवर्क पर रहेगा। पुलिस उससे पूछताछ कर यह पता लगाएगी कि विदेश में रहते हुए वह किन लोगों के संपर्क में था, गैंग का संचालन कैसे कर रहा था और किन मामलों में उसकी भूमिका रही है।

इसके अलावा उसके आर्थिक स्रोतों और अन्य फरार साथियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जाएगी। पंजाब पुलिस का कहना है कि संगठित अपराध के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। विदेशों में छिपे गैंगस्टरों को भी कानून के दायरे में लाने के लिए आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखी जाएगी।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports