पुर्तगाल में नौकरी का सपना पड़ा भारी, वहां पहुंचते ही भारतीय महिला को बेच दिया गया

नागपुर  महाराष्ट्र के नागपुर की 28 साल की एक महिला के साथ विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ऐसा खेल हुआ, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएं। पुणे की एक कंसल्टेंसी ने महिला को पुर्तगाल में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाया। लेकिन विदेश पहुंचते ही उसकी जिंदगी मुसीबत में…

पुर्तगाल में नौकरी का सपना पड़ा भारी, वहां पहुंचते ही भारतीय महिला को बेच दिया गया

नागपुर 

महाराष्ट्र के नागपुर की 28 साल की एक महिला के साथ विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ऐसा खेल हुआ, जिसे सुनकर किसी के भी होश उड़ जाएं। पुणे की एक कंसल्टेंसी ने महिला को पुर्तगाल में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का सपना दिखाया। लेकिन विदेश पहुंचते ही उसकी जिंदगी मुसीबत में फंस गई।

महिला को कथित तौर पर पुर्तगाल में एक बीयर शॉप मालिक को बेच दिया गया, जहां उससे जबरन काम कराया गया। इतना ही नहीं, उसके साथ मानसिक और शारीरिक रूप से भी प्रताड़ना की गई।

1.5 लाख सैलरी, 8 घंटे काम का लालच
मामला पिछले महीने का बताया जा रहा है। महिला की इंस्टाग्राम के जरिए पुणे की 'We Migrate' नाम की कंसल्टेंसी से पहचान हुई थी। कंपनी के लोगों ने उसे पुर्तगाल में कैशियर की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया। उसे बताया गया कि हर महीने करीब 1.5 लाख रुपए सैलरी मिलेगी और दिन में सिर्फ 8 घंटे काम करना होगा।

महिला उनके झांसे में आ गई। वीजा और दूसरे कागजात तैयार कराने के नाम पर उससे अलग-अलग किस्तों में करीब 11 लाख रुपए ले लिए गए।

पासपोर्ट छीना, दो दिनों तक बंदी बनाया
इसके बाद जब महिला पुर्तगाल पहुंची तो कहानी पूरी तरह बदल गई। आरोप है कि वहां पहुंचते ही कथित एजेंटों ने उसका पासपोर्ट छीन लिया और उसे दो दिनों तक एक कमरे में बंद रखा।

इसके बाद महिला को कथित तौर पर एक बीयर शॉप के मालिक को बेच दिया गया। वहां उससे जबरन काम कराया गया। महिला ने विरोध किया तो उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना झेलनी पड़ी।

महिला ने जब अपना पासपोर्ट वापस मांगा तो आरोपियों ने उसे लौटाने के बजाय उससे और पैसे की मांग कर दी। करीब एक महीने तक किसी तरह यह सब सहने के बाद महिला को वहां से निकलने का मौका मिला।

महिला पहले बस से पुर्तगाल के लिस्बन पहुंची और फिर वहां से मैड्रिड गई। इसके बाद वह दोहा के रास्ते किसी तरह भारत वापस लौट आई।

भारत आने के बाद भी खत्म नहीं हुईं मुश्किलें
लेकिन भारत आने के बाद भी उसकी मुश्किलें खत्म नहीं हुईं। आरोप है कि कंसल्टेंसी से जुड़े लोगों ने उससे फिर 3 लाख रुपए मांगे। इस बार उसे माल्टा में नौकरी दिलाने का लालच दिया गया। महिला ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके पति को जान से मारने की धमकी दी।

आरोपियों ने महिला को झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दी। आखिरकार परेशान होकर महिला ने पुणे पुलिस से शिकायत की।

पुलिस ने इस मामले में 'We Migrate' के संचालकों समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर मानव तस्करी, धोखाधड़ी और जबरन पैसे वसूलने समेत कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। पुलिस फिलहाल आरोपियों की तलाश में जुटी है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports