अगर आप हर दिन एक जैसा नाश्ता खाकर बोर हो गए हैं और कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो झारखंड का पारंपरिक व्यंजन धुस्का आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. बाहर से कुरकुरा और अंदर से नरम धुस्का स्वाद में बेहद लाजवाब होता है. इसे आमतौर पर आलू की सब्जी, चने की सब्जी या चटनी के साथ परोसा जाता है.
अच्छी बात यह है कि इसे घर पर बहुत ही आसानी से तैयार किया जा सकता है. आइए जानते हैं झारखंड का फेमस धुस्का बनाते कैसे हैं और इसे बनाने के लिए किन-किन चीजों की जरूरत होती है.
इंग्रेडिएंट्स (ingredients)
1 कप भीगे हुए चावल
½ कप भीगी हुई चना दाल
¼ कप भीगी हुई उड़द दाल
4 हरी मिर्च
¾ इंच अदरक का टुकड़ा
2 बड़े चम्मच बारीक कटा हरा धनिया
1 छोटा चम्मच जीरा
½ चुटकी हींग
¼ छोटा चम्मच हल्दी पाउडर
1 छोटा चम्मच नमक (स्वादानुसार)
¼ छोटा चम्मच ईनो फ्रूट साल्ट
तलने के लिए रिफाइंड तेल
झारखंड का धुस्का घर पर कैसे बनाएं?
- झारखंड का धुस्का बनाने के लिए सबसे पहले चावल, चना दाल और उड़द दाल को अच्छी तरह धोकर 4 से 5 घंटे के लिए अलग-अलग पानी में भिगो दें.
- भिगोने के बाद चावल का सारा पानी निकालकर थोड़ा पानी डालते हुए मिक्सर में पीस लें और एक बाउल में निकाल लें.
- अब चना दाल, उड़द दाल, हरी मिर्च और अदरक को भी थोड़ा पानी डालकर महीन पेस्ट बना लें.
- इस पेस्ट को चावल के मिश्रण में मिलाएं. फिर इसमें जीरा, हींग, हल्दी, नमक और हरा धनिया डालकर अच्छी तरह मिक्स करें. अगर घोल ज्यादा गाढ़ा लगे तो थोड़ा पानी मिला लें.
- अब इसमें ईनो फ्रूट साल्ट डालकर 2 से 3 मिनट तक अच्छी तरह फेंट लें, ताकि धुस्का हल्का और फूला हुआ बने.
- कड़ाही में तेल गर्म करें. जब तेल अच्छी तरह गर्म हो जाए तो चमचे की मदद से घोल डालें और मीडियम गैस पर दोनों तरफ से सुनहरा और कुरकुरा होने तक तलें.
- तैयार धुस्का को प्लेट में निकालें और आलू की सब्जी, चने की सब्जी, टमाटर की चटनी या हरी चटनी के साथ गरमा-गरम परोसें.
इन बातों का रखें ध्यान
चावल और दाल को कम से कम 4-5 घंटे जरूर भिगोएं.
बैटर न ज्यादा पतला हो और न ही बहुत गाढ़ा.
धुस्का हमेशा मध्यम आंच पर तलें, इससे यह अंदर तक अच्छी तरह पकता है और बाहर से कुरकुरा बनता है.
बैटर में ईनो डालने के बाद उसे ज्यादा देर तक न रखें, तुरंत धुस्का तलना शुरू करें.
















