,

मुख्यमंत्री ने रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र को दी 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली की धरती से कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस ने देश-समाज को बांटा, संविधान का गला घोंटा और फिर तुष्टिकरण की नीति पर चलकर विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता को खंडित करना चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश-देशवासियों से अनुरोध किया कि इनसे सतर्क-सावधान होकर…

मुख्यमंत्री ने रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र को दी 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं की सौगात

लखनऊ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रायबरेली की धरती से कांग्रेस पर बड़ा आरोप लगाया। कहा कि कांग्रेस ने देश-समाज को बांटा, संविधान का गला घोंटा और फिर तुष्टिकरण की नीति पर चलकर विदेशी पैसे के बल पर भारत की सामाजिक एकता को खंडित करना चाहते हैं। उन्होंने प्रदेश-देशवासियों से अनुरोध किया कि इनसे सतर्क-सावधान होकर पीएम मोदी के नेतृत्व में विरासत और विकास के अभियान को बढ़ाना चाहिए। सीएम ने रायबरेली के सांसद/नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर भी खूब निशाना साधा। 

मुख्यमंत्री ने सोमवार को फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज मैदान में हुए कार्यक्रम में रक्षाबंधन से पहले रायबरेली, बछरावां और हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र को 879 करोड़ रुपये की 346 विकास परियोजनाओं की सौगात दी। सीएम ने कहा कि रसोइयों से रक्षाबंधन की शुरुआत की है, 26 को माताओं के लिए नई योजना घोषित करेंगे।

वीआईपी संसदीय क्षेत्र के नाम वाले रायबरेली में थी बदहाली 

सीएम ने कहा कि रायबरेली अब बदल चुका है। पहले लोग इसे वीआईपी जनपद व संसदीय क्षेत्र कहते थे, लेकिन वीआईपी के नाम पर यहां बदहाली, अराजकता, अभाव था और गरीबों को शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिलता था। पूर्व प्रधानमंत्री स्व. राजीव गांधी ने पीड़ा व्यक्त की थी कि एक रुपये भेजता हूं, नीचे सिर्फ 15 पैसे पहुंचता है। सीएम ने कहा कि यह 85 पैसा खाने वाले सपा व कांग्रेस के लोग थे। हमने तो 9 वर्ष में गरीबों के लिए आवास, शौचालय और सड़कों का जाल बिछाया है। 

पिछले वर्ष मॉडर्न कोच फैक्ट्री ने रिकॉर्ड 2156 कोच का किया निर्माण 

सीएम ने कहा कि विकास नौजवान की आकांक्षा, किसान के चेहरे पर खुशहाली, कारीगरों व हस्तशिल्पियों को सम्मान, बुजुर्गों के वृद्धावस्था का सहारा बनेगा। रायबरेली ने हमारे विधायकों को जिताया तो विकास तेज गति से हो रहा है। यहां की मॉडर्न कोच फैक्ट्री 2012 में बनी, यह 2014 तक कांग्रेस के विकास की तरह घिसती जा रही थी लेकिन अब यह फैक्ट्री रायबरेली की पहचान बन चुकी है। पिछले वर्ष इस फैक्ट्री ने रिकॉर्ड 2156 कोच का निर्माण किया। पहली बार मई 2026 में वंदे भारत के ट्रेनशेड का रोल आउट यहीं बना है। रायबरेली का नाम अब देश में गौरव के साथ लिया जा रहा है। 

अयोध्या में सभी ने देखा 'बाबरी के भक्तों' का आचरण 

सीएम ने रायबरेली के सांसद राहुल गांधी पर खूब तंज कसा, कहा कि वह युवाओं को भड़काने के साथ ही विरासत को अपमानित कर रहे हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने सभी हद पार कर पार्टी के वास्तविक संस्कारों को उजागर कर दिया। कल वे अयोध्या के हनुमानगढ़ी गए थे। मंगलवार को हिंदू व्रत रखता है। ‘बल बुद्धि विद्या देहु मोहिं, हरहु कलेश विकार’ की प्रार्थना करता है। हम बजरंग बली के भक्त हैं, लेकिन आपने कल ‘बाबरी के भक्तों’ का आचरण देखा होगा। वे हनुमानगढ़ी जाते हैं और अपने कार्यालय में जाकर मछली की दावत उड़ाते हैं। यह मुंह में राम, बगल में छूरी वाले लोग हैं। यह लोग कहते थे कि राम-कृष्ण हुए ही नहीं। अब यह राम मंदिर को पचा नहीं पा रहे हैं। 

मनुस्मृति को मानिए या न मानिए, लेकिन गलत तथ्य न कहिए

सीएम ने राहुल गांधी का नाम लेकर कहा कि आप मनुस्मृति को मानिए या न मानिए, लेकिन गलत तथ्यों को न कहिए। आप बेटियों से कहते हैं कि मनुस्मृति से बाहर निकलिए। अथर्ववेद, शतपथ ब्राह्मण, महाभारत, मत्स्य पुराण जिसकी महिमा का गान करता हो, उस मनु को क्यों अपमानित कर रहे हैं। सीएम ने कहा कि हर सनातनी जिस कालगणना को मानता है, उसे आपके नाना, परनाना, दादी ने नहीं, बल्कि मनु ने दिया है। सीएम ने बताया कि पलक झपकने को निमेष कहते हैं, 25 निमेष का एक काष्ठा, 30 काष्ठा का एक कला, 30 कला का एक मुहूर्त, 30 मुहूर्त का एक अहोरात्र (पूरा दिन-रात), 15 अहोरात्र का एक पक्ष, दो पक्ष (कृष्ण-शुक्ल) का एक माह, छह माह का एक अयन, दो अयन का एक वर्ष होता है। भगवान सूर्य जब उत्तरायण में आते हैं तो मकर संक्रांति आती है और प्रयागराज में माघ मेला लगता है। भीष्म पितामह शरशैया पर वेदना झेलते रहे, लेकिन उत्तरायण आने पर ही उन्होंने प्राण त्यागे। 43 लाख 32 हजार वर्ष का एक महायुग, 31 महायुग का एक मन्वंतर, 14 मन्वंतर को एक कल्प के रूप में माना है। इसका पालन करके ही सनातनी त्योहारों को मानता है।  

राहुल गांधी के लिए वोटबैंक का माध्यम हैं रायबरेली व अमेठी 

सीएम ने कहा कि राहुल गांधी के लिए रायबरेली व अमेठी वोटबैंक प्राप्त करने का माध्यम रहा है। वह प्रदेश के बाहर यूपी, देश के बाहर भारत की निंदा करते हैं। सैनिकों को कटघरे में खड़ा करने के साथ ही नौजवानों को भरमाते हैं लेकिन नौजवान बहकावे में नहीं आएगा। जंतर-मंतर पर जिस बेटी ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की, उसने व माता-पिता ने एक सप्ताह के अंदर माफी मांगी। सीएम ने कहा कि आपके संस्कार भले ही भारत की परंपरा से मेल न खाते हों, लेकिन आप वर्तमान पीढ़ी के साथ खिलवाड़ न करें। आपको तो जिम्मेदार नेता का आचरण प्रस्तुत कर मिसाल प्रस्तुत करना चाहिए।

परिवार के अलावा अपने बाकी सांसदों को किसी लायक नहीं मानते ‘बबुआ’

सीएम ने कहा कि सर्वाधिक समय तक रायबरेली व अमेठी में कांग्रेस व इनके द्वारा थोपे गए लोगों ने प्रतिनिधित्व किया, लेकिन इन लोगों ने आजादी के नायकों को सम्मान नहीं दिया। कांग्रेस और सपा सिर्फ परिवार को सम्मान देती है। प्रदेश, जनपद, क्षेत्र, कस्बे का गुंडा संस्कारों से खुद को समाजवादी पार्टी के समीप पाता है। राहुल गांधी के संस्कारों में रंगे ‘बबुआ’ का बयान आया कि सपा इसलिए नहीं टूटी, क्योंकि हमारे परिवार के पांच सांसद हैं। वे अपने बाकी सांसदों को किसी लायक नहीं मानते। यह लोग वोटों के सौदागर हैं। इन्होंने उत्तर प्रदेश को उपद्रव प्रदेश बनाया था। उस समय बिजली एक सप्ताह दिन, एक सप्ताह रात में तीन-तीन घंटे आती थी। बिजली, राशन, नौकरी, विकास योजनाओं पर सिर्फ ‘सैफई सिंडिकेट’ का अधिकार था। अब नए उत्तर प्रदेश में बेटी-व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश करने वाला भी जेल जाएगा या जहन्नुम। 

वीरा पासी का बनेगा भव्य स्मारक व प्रतिमा

सीएम ने कहा कि अब प्रदेश में 16 करोड़ लोगों को निःशुल्क राशन मिल रहा है। पहले यह राशन कांग्रेसी व सपाई चट कर जाते थे। 10 करोड़ लोगों को पांच लाख की स्वास्थ्य बीमा का कवर प्राप्त है। अब रायबरेली समेत प्रदेश के सभी जनपदों के बेटे-बेटी को नौकरी मिलती है। हमने राणा बेनी माधव बख्श सिंह के नाम पर स्मारक बनाया है तो पूर्व विधायक स्व. दल बहादुर कोरी के नाम पर राजकीय पॉलीटेक्निक का नामकरण कर सलोन में उन्हें सम्मानित किया है। अब वीरा पासी का भव्य स्मारक व प्रतिमा लगेगी। 

मनोज पांडेय को प्रभु राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने की चुकानी पड़ी कीमत

सीएम ने मनोज पांडेय की प्रशंसा की, कहा कि विधानसभा सत्र में सपा व कांग्रेस की तरफ से प्रस्ताव आया था कि भाजपा के लोग अयोध्या गए, हम लोग भी जाना चाहते हैं। हमने विधानसभा अध्यक्ष से कहा कि सभी सदस्यों को एक दिन अयोध्या में भगवान राम का दर्शन कराना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब भी सरकार कहेगी, हम सभी विधायकों को लेकर चलेंगे। योजना बनते ही सपा ने कहा कि हम नहीं जाएंगे लेकिन मनोज पांडेय ने कहा कि पार्टी के स्तर पर हमारे मतभेद हो सकते हैं, लेकिन राम आराध्य हैं। सपा की बेड़ियों को तोड़कर वे अयोध्या गए। उन्हें प्रभु राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने की कीमत चुकानी पड़ी। सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन्हें पार्टी से बाहर कर दिया। हमने उन्हें बुलाया और उन्होंने आगे की राजनीतिक यात्रा भाजपा से करने का निश्चय किया। जो राम का, वह हमारे काम का। जो राम का नहीं, वो हमारे किसी काम का नहीं। 

जितना 50 साल में कांग्रेस ने आवास-शौचालय नहीं दिया, हमने उससे अधिक 9 वर्ष में दिया

सीएम ने कहा कि 2017 के पहले अन्य राज्य व देश के लोग कहते थे कि आप उसी उत्तर प्रदेश से हैं, जहां दंगा, कर्फ्यू लगता था लेकिन अब लोग गले मिलते हैं। आपके साथ प्रभु राम की प्रतिकीर्ति को देखता है। आपसे मिलकर सामने वाले का चेहरा खिले, इससे बढ़कर सम्मान नहीं हो सकता। कांग्रेस ने 50 वर्ष में जितने लोगों को आवास-शौचालय नहीं दिया, उससे अधिक हमने प्रदेश व रायबरेली में दिया। युवाओं को नौकरी दी। सीएम ने घुमंतू सपेरा समुदाय के योगदान पर भी चर्चा की। कहा कि हमारी सरकार ने घुमंतू विकास बोर्ड बना दिया है। सपेरा समुदाय को भी जमीन के पट्टे, आवास स्वीकृत हुए। सीएम ने कहा कि अच्छी सरकार अच्छा काम करती है। शिक्षामित्र, अनुदेशक, रसोइयों के लिए विगत दिनों सरकार द्वारा दिए गए उपहार का भी जिक्र किया। कहा कि अपने शासन में सपा के गुंडे मिड डे मील खा जाते थे, बच्चों को कुछ नहीं मिलता था। 

लोगों का था संकल्प- जब प्रभु राम फिर से विराजमान होंगे, तब सिर पर पगड़ी व चप्पल पहनेंगे 

सीएम ने कहा कि कांग्रेस की पीड़ा है कि अयोध्या में राम मंदिर क्यों बन गया। सपा की पीड़ा है कि जिन रामभक्तों पर हमने गोली चलाई, उन भक्तों का संकल्प पूरा हो गया। राम मंदिर के लिए गांव के गांव ने संकल्प लिया था कि जब प्रभु राम फिर से विराजमान होंगे, तब सिर पर पगड़ी व पैरों में चप्पल पहनेंगे। 

कांग्रेसियों को बोलने का अधिकार नहीं, अब रायबरेली में भी है एम्स

सीएम ने कहा कि सपा व कांग्रेस फिर से अयोध्या, विरासत, महापुरुषों को अपमानित कर रही है। मजबूती से बढ़ रहा उत्तर प्रदेश इन्हें अच्छा नहीं लग रहा है। रायबरेली में एम्स भी काम कर रहा है। डबल इंजन सरकार का काम रायबरेली को पहचान दे रहा है। कांग्रेसियों को बोलने का अधिकार नहीं है। कांग्रेस ने एक, अटल जी ने 7 और मोदी जी ने एम्स की संख्या को 23 तक पहुंचाया। कांग्रेस, सपा व उनके सहयोगी दल भारत की सुरक्षा और देश/प्रदेश की पहचान पर सेंध लगा रहे हैं। 
  
इस अवसर पर खादी व ग्रामोद्योग मंत्री राकेश सचान, खाद्य व रसद मंत्री मनोज पांडेय, उद्यान मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, विधायक अदिति सिंह, अशोक कोरी, विधान परिषद सदस्य उमेश द्विवेदी, अवनीश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक रंजना चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धिलाल पासी, अपना दल जिलाध्यक्ष सत्येंद्र पटेल, पूर्व विधायक राकेश सिंह, रामलाल अकेला, राजाराम त्यागी, धीरेंद्र बहादुर सिंह, पूर्व एमएलसी राकेश प्रताप सिंह आदि मौजूद रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports