,

6 बेटियों का राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए चयन, प्रदेश और शहडोल का बढ़ाया मान

भोपाल  सीमित संसाधनों के बीच फुटबॉल के सपने देखने वाले शहडोल के छोटे से गांव विचारपुर की बेटियों की प्रतिभा ने प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। फुटबॉल के इस ‘मिनी ब्राजील’ विचारपुर के ‘खेलो इंडिया स्माल सेंटर’ में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 6 प्रतिभाशाली बेटियों का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिये हुआ…

6 बेटियों का राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए चयन, प्रदेश और शहडोल का बढ़ाया मान

भोपाल 

सीमित संसाधनों के बीच फुटबॉल के सपने देखने वाले शहडोल के छोटे से गांव विचारपुर की बेटियों की प्रतिभा ने प्रदेश का नाम रोशन कर दिया है। फुटबॉल के इस ‘मिनी ब्राजील’ विचारपुर के ‘खेलो इंडिया स्माल सेंटर’ में प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली 6 प्रतिभाशाली बेटियों का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिये हुआ है। यह उपलब्धि 6 बेटियों की सफलता से अधिक उस बदलाव की कहानी है, जहां गांव की बेटियां अब अपने बड़े सपनों को पूरा करने के लिए जी-जान एक कर रही हैं।

छोटे गांव से राष्ट्रीय टीम तक का सफर

महू में 31 अगस्त से 4 सितम्बर 2026 तक आयोजित एआईएफएफ इंटर डिस्ट्रिक्ट अंडर-16 गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट में शहडोल की अंडर-16 बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। लीग मुकाबलों में शहडोल ने ग्वालियर को 10-0 और महू को भी 10-0 से हराया। फाइनल में इंदौर के खिलाफ टीम को 1-0 से हार मिली और शहडोल को उपविजेता से संतोष करना पड़ा। लेकिन, इस हार के बीच शहडोल की बेटियों ने अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि टीम की आठ खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए हो गया। चयनित खिलाड़ियों में विचारपुर के ‘खेलो इंडिया स्माल सेंटर’ की राधिनी सिंह, संध्या सहीस, मोनिका सिंह, चांदनी यादव, राधा सिंह और वाशु शामिल हैं। साथ ही दिव्या संत और दिव्या बैगा ने भी राष्ट्रीय कैंप में जगह बनाई है।

राधिनी ने आठ गोल कर मचाई धूम

इस टूर्नामेंट में विचारपुर की राधिनी सिंह ने अपने खेल से खास पहचान बनाई। राधिनी दो मुकाबलों में कुल आठ गोल दागकर प्रतियोगिता में सर्वाधिक गोल करने वाली खिलाड़ी बन गई। पहले मुकाबले में उसने पांच और दूसरे मुकाबले में तीन गोल किए। राधिनी की नियमित पोजीशन सेंटर है, लेकिन टीम के गेम प्लान के अनुसार उन्हें फारवर्ड लाइन में उतारा गया। इस नई भूमिका में भी उन्होंने अपनी प्रतिभा साबित करते हुए 8 गोल दाग दिए। दसवीं में अध्ययनरत राधिनी विचारपुर स्थित ‘खेलो इंडिया स्माल सेंटर’ में प्रशिक्षण ले रही हैं। सेंटर की कोच लक्ष्मी सहीस के अनुसार, राधिनी कम उम्र में ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे रही हैं। वह अब तक तीन राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुकी हैं।

अब पहनना है राष्ट्रीय टीम की जर्सी

राष्ट्रीय कैंप इंदौर में आयोजित किया जा रहा है। यहां खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर मध्यप्रदेश की राष्ट्रीय अंडर-16 बालिका फुटबॉल टीम का चयन किया जाएगा। चयनित टीम राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जाएगी। विचारपुर की इन 6 बेटियों के सामने अपने खेल से राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने का बड़ा अवसर है।

देश के खेल मैदानों का सपना — गांव की बेटियां

विचारपुर से एक साथ 6 खिलाड़ियों के राष्ट्रीय फुटबॉल कैंप के लिए चयन से शहडोल जिले के विचारपुर को मिनी ब्राजील कहा जाना सार्थक हो गया है। इन बेटियों ने सिद्ध कर दिया है कि गांवों में भी प्रतिभा की कमी नहीं है, बशर्ते उसे सही मंच, प्रशिक्षण और अवसर दिये जाएं। विचारपुर की बेटियां अपनी फुटबॉल प्रतिभा से गांव के फुटबॉल मैदान से राष्ट्रीय टीम में अपना स्थान बनाने की ओर अग्रसर हैं। देश के खेल मैदानों को भी गांव की दमदार बेटियों का इंतजार है। इन बेटियों की कहानी उन हजारों बेटियों के लिए उम्मीद है, जो छोटे शहरों और गांवों में बड़े सपने देखती हैं।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports