,

अखिलेश नौकरी गिनते रहें, अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री योगी

सैफई सिंडिकेट ने अयोग्य व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनवाकर युवाओं के साथ किया अन्याय : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ   प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित मतदाता सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित   सपा सरकार में नौकरी का विज्ञापन निकलते ही वसूली पर…

अखिलेश नौकरी गिनते रहें, अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री योगी

सैफई सिंडिकेट ने अयोग्य व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनवाकर युवाओं के साथ किया अन्याय : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
 
प्रयागराज में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित मतदाता सम्मेलन को मुख्यमंत्री योगी ने किया संबोधित
 
सपा सरकार में नौकरी का विज्ञापन निकलते ही वसूली पर निकल पड़ती थी चाचा-भतीजे की जोड़ी, परीक्षा देने वालों के बजाय दूसरों को मिलते थे नियुक्ति पत्र
 
अखिलेश नौकरी गिनते रहें, अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को देंगे सरकारी नौकरी : मुख्यमंत्री योगी
 
सपा के लिए परिवार ही प्रदेश था, हमारे लिए प्रदेश ही परिवार, 25 करोड़ प्रदेशवासियों के हितों के लिए काम कर रही सरकार
 
योग्य गुरु ही निखारता है प्रतिभा, शिक्षा बने राष्ट्र निर्माण का माध्यम, मुख्यमंत्री योगी ने याद दिलाई प्रयागराज की गौरवशाली गुरु परंपरा
 
माफिया मिट्टी में मिले तो प्रयागराज की प्रतिभाओं पर लगा ग्रहण हटा, अब माफिया की जमीन पर गरीबों के लिए बन रहे आवास
 
23 अक्टूबर को स्नातक चुनाव के लिए अवकाश घोषित, भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील
 
प्रयागराज

 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सरकारी भर्तियों में भ्रष्टाचार को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला। कहा कि सपा सरकार ने अपने सैफई सिंडिकेट के ऐसे व्यक्ति को आयोग का अध्यक्ष बनाया, जो स्वयं उस पद के योग्य नहीं था। इससे युवाओं के साथ घोर अन्याय हुआ। नौकरी का विज्ञापन निकलते ही चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी। परीक्षा की तैयारी करने वाले नौजवान नौकरी पाने के लिए पैसे की व्यवस्था करने की चिंता में पड़ जाते थे। जिन्होंने परीक्षा तक नहीं दी, उन्हें नियुक्ति पत्र मिल जाते थे और मेहनत करने वाले युवा ठगा हुआ महसूस करते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हक के साथ खिलवाड़ करने वालों को अब उनसे समर्थन मांगने का नैतिक अधिकार नहीं है।
 
मुख्यमंत्री योगी गुरुवार को प्रयागराज के गवर्नमेंट प्रेस मैदान में इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर के समर्थन में आयोजित स्नातक मतदाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के रोजगार संबंधी सवालों पर पलटवार करते हुए अगले छह महीने में एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियां देने की बात कही। स्नातक मतदाताओं से 23 अक्टूबर को भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने की अपील भी की।
 
अखिलेश गिनते रहें, छह महीने में एक लाख से ज्यादा नौकरियां देंगे
मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पूछते थे कि नौकरी कहां है। अब वह गिनते रहें, अगले छह महीने में एक लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिलेगी। पुलिस भर्ती में 32 हजार युवाओं को नौकरी दी जा रही है। चार हजार उपनिरीक्षकों की भर्ती पूरी हो चुकी है। इनके नियुक्ति पत्र जल्द वितरित होंगे। इसके अलावा 42 हजार होमगार्ड की भर्ती पूरी हो चुकी है। लोक सेवा आयोग, अधीनस्थ सेवा चयन आयोग और शिक्षा सेवा चयन आयोग की आगामी भर्तियों से 30 से 35 हजार युवाओं को नौकरी मिलेगी। उन्होंने कहा कि अब तक साढ़े छह लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। सभी भर्तियां आरक्षण के नियमों का पालन करते हुए मेरिट के आधार पर की जा रही हैं।
 
योग्य गुरु ही निखारता है प्रतिभा, शिक्षा बने राष्ट्र निर्माण का माध्यम
मुख्यमंत्री योगी ने प्रयागराज की शैक्षिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि दुनिया का पहला गुरुकुल महर्षि भारद्वाज ने इसी धरती पर प्रारंभ किया था। इलाहाबाद विश्वविद्यालय कभी पूरे उत्तर भारत को नई रोशनी देता था। आज भी लाखों युवा यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। उन्होंने कहा कि योग्य स्नातकों की प्रतिभा को उजागर करने का काम योग्य गुरु ही करता है। भगवान राम के पीछे गुरु वशिष्ठ, भगवान कृष्ण के पीछे गुरु संदीपनी, चंद्रगुप्त मौर्य के पीछे आचार्य चाणक्य और स्वामी विवेकानंद के पीछे रामकृष्ण परमहंस जैसे गुरु थे। शिक्षक का सम्मान तभी बढ़ता है, जब शिक्षा राष्ट्र और लोक कल्याण का माध्यम बनती है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के जीवन का भी उल्लेख किया।
 
सपा के लिए परिवार ही प्रदेश था, हमारे लिए प्रदेश ही परिवार
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाजवादी पार्टी के लिए परिवार ही प्रदेश था, जबकि भाजपा सरकार के लिए पूरा प्रदेश ही परिवार है। प्रदेश की 25 करोड़ जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में भर्तियों में गड़बड़ी के कारण न्यायालय को रोक लगानी पड़ती थी। इसके विपरीत भाजपा सरकार ने पारदर्शी नियुक्तियों की व्यवस्था की है। वर्ष 2017 से 2024 के बीच ही सपा के चार कार्यकाल की तुलना में चार गुने से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई।
 
120 से बढ़कर 24 हजार हुए स्टार्टअप
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में केवल 120 स्टार्टअप थे। अब इनकी संख्या 24 हजार से अधिक हो गई है। युवा नौकरी मांगने वाले ही नहीं, नौकरी देने वाले भी बन रहे हैं। सरकार स्टार्टअप के लिए आर्थिक सहायता और मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के माध्यम से ब्याज मुक्त तथा गारंटी मुक्त ऋण उपलब्ध करा रही है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय कोचिंग की सुविधा भी दी जा रही है।
 
शिक्षामित्रों का मानदेय तीन हजार से बढ़कर 18 हजार हुआ
मुख्यमंत्री ने कहा कि बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा के शिक्षकों को 40 लाख से डेढ़ करोड़ रुपये तक सामाजिक सुरक्षा की गारंटी और पांच लाख रुपये की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा दी गई है। शिक्षामित्रों, अनुदेशकों और रसोइयों को भी इन सुविधाओं से जोड़ा गया है। उन्होंने कहा कि सपा सरकार में शिक्षामित्रों को तीन हजार रुपये मानदेय मिलता था, जबकि अब 18 हजार रुपये दिया जा रहा है।
 
माफिया मिट्टी में मिले तो प्रतिभाओं पर लगा ग्रहण हटा
मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि एक समय प्रयागराज की पहचान पर माफिया का ग्रहण लग गया था। व्यापारी, बेटियां और आम नागरिक ही नहीं, प्रशासन तथा न्यायपालिका तक के सामने चुनौती थी। डबल इंजन सरकार में माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं और प्रयागराज की प्रतिभाएं फिर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने कहा कि पहले अतीक और अशरफ जिस जमीन पर कब्जा कर लेते थे, वह उनकी हो जाती थी। अब माफिया से मुक्त कराई गई जमीन पर गरीबों के लिए बहुमंजिला आवास बनाए जा रहे हैं। महाकुंभ में 66 करोड़ श्रद्धालुओं का आगमन प्रयागराज की बदली व्यवस्था का उदाहरण है।
 
23 अक्टूबर को अवकाश, पहले मतदान फिर दूसरा काम
मुख्यमंत्री ने कहा कि इलाहाबाद-झांसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा। इस दिन मतदाताओं के लिए अवकाश घोषित किया गया है। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी अशोक राठौर को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील करते हुए स्नातक मतदाताओं की समस्याओं के समाधान का भरोसा दिलाया।
 
बैलेट पेपर से चुनाव, अब वोट चोरी का आरोप कैसे लगाएगा विपक्ष: केशव मौर्य
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्षी नेता चुनाव हारने पर चुनाव आयोग को दोष देते हैं। यह चुनाव ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर से होगा, इसलिए आरोप लगाने का अवसर नहीं रहेगा। उन्होंने दावा किया कि भाजपा प्रदेश की सभी 11 सीटों पर जीतेगी। सपा की साइकिल को पंचर कर सैफई पहुंचाने और वर्ष 2027 में तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का संकल्प लेने की अपील की।
 
माफियाराज से निकलकर विकास की राह पर बढ़ा प्रदेश: नंदी
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी' ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में माफियाराज था। आज मुख्यमंत्री योगी के नेतृत्व में आम नागरिक सुरक्षित है। उत्तर प्रदेश हाईवे, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसरों के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने अशोक राठौर को विजयी बनाने की अपील की।
 
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
सम्मेलन में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, पशुधन राज्यमंत्री कृष्णा पासवान, सांसद प्रवीण पटेल, राज्यसभा सदस्य राधाकांत ओझा, महापौर गणेश केसरवानी, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, विधान परिषद सदस्य मानवेंद्र सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports