,

सेवा संकल्प अभियान में मध्यप्रदेश के युवाओं का ऐतिहासिक कीर्तिमान

भोपाल  प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने की अभिनव पहल की। अभियान में प्रदेश के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने एक लाख…

सेवा संकल्प अभियान में मध्यप्रदेश के युवाओं का ऐतिहासिक कीर्तिमान

भोपाल 

प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा, सामाजिक चेतना और राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को अभिव्यक्त करने की अभिनव पहल की। अभियान में प्रदेश के महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने एक लाख कार्ड निर्माण के प्रारंभिक लक्ष्य को पार करते हुए कुल 1 लाख 8 हजार 880 हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए। 55 से अधिक जिलों के विद्यार्थियों ने सात संभागों के माध्यम से सहभागिता कर अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के जरिए विकसित भारत @2047 और समृद्ध मध्यप्रदेश का संदेश जन-जन तक पहुँचाने का प्रयास किया।

आठ प्रमुख विषयों पर विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

अभियान के अंतर्गत विद्यार्थियों ने पर्यावरण एवं संसाधन संरक्षण, राष्ट्र निर्माण एवं शौर्य गाथा, सामाजिक चेतना एवं स्वास्थ्य, संस्कृति एवं विरासत, ज्ञान-तकनीक एवं नवाचार, कृषि एवं ग्रामीण विकास, काव्य एवं साहित्यिक अभिव्यक्ति तथा नारी शक्ति एवं समसामयिक विषयों पर ग्रीटिंग कार्ड तैयार किए। इन कार्डों में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, कलात्मक कौशल और सामाजिक सरोकारों की प्रभावी अभिव्यक्ति देखने को मिली।

पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक चेतना के संदेश

पर्यावरण एवं संसाधन संरक्षण विषय के अंतर्गत जल एवं ऊर्जा संरक्षण, प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली तथा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ जैसे विषयों को प्रमुखता दी गई। सामाजिक चेतना एवं स्वास्थ्य से जुड़े कार्डों में महिला सशक्तीकरण, मानसिक स्वास्थ्य, नशामुक्ति और ‘अंगदान–महादान’ जैसे महत्वपूर्ण विषयों के माध्यम से जनजागरूकता और सामाजिक उत्तरदायित्व का संदेश दिया गया।

राष्ट्रप्रेम, शौर्य और विकसित भारत की परिकल्पना

राष्ट्र निर्माण एवं शौर्य गाथा विषय पर विद्यार्थियों ने भारतीय सेना के शौर्य, विकसित भारत @2047 और समृद्ध मध्यप्रदेश की परिकल्पना को रचनात्मक रूप में प्रस्तुत किया। कार्डों के माध्यम से राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्यबोध और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया गया।

लोककला एवं सांस्कृतिक विरासत का रचनात्मक प्रदर्शन

संस्कृति, पर्व एवं विरासत विषय के अंतर्गत दीपावली सहित विभिन्न पर्वों, मध्यप्रदेश की गोंड, मांडना एवं भील चित्रकलाओं, लोकनृत्यों और पारंपरिक सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को स्थान दिया गया। विद्यार्थियों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को प्रदर्शित करते हुए लोक परंपराओं के संरक्षण और उन्हें नई पीढ़ी तक पहुँचाने का सार्थक प्रयास किया।

ज्ञान, तकनीक, नवाचार और ग्रामीण विकास को मिली अभिव्यक्ति

ज्ञान, तकनीक एवं नवाचार विषय पर भारतीय ज्ञान परंपरा, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, डिजिटल साक्षरता, साइबर सुरक्षा, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के जिम्मेदार उपयोग और उद्यमिता जैसे विषयों पर कार्ड तैयार किए गए। कृषि एवं ग्रामीण विकास के अंतर्गत जैविक खेती और आधुनिक कृषि तकनीकों को रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया। काव्य एवं साहित्यिक अभिव्यक्ति के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वरचित कविताओं और प्रसिद्ध साहित्यकारों की रचनाओं को कलात्मक रूप दिया। वहीं, नारी शक्ति एवं समसामयिक विषयों के अंतर्गत बालिका शिक्षा और समावेशी विकास जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों को अभिव्यक्ति मिली।

महाविद्यालयों से संचालनालय तक पहुँचे हस्तनिर्मित कार्ड

कार्ड निर्माण एवं संकलन की प्रक्रिया महाविद्यालय स्तर पर संचालित की गई। विद्यार्थियों द्वारा तैयार कार्डों को संबंधित महाविद्यालयों, जिला लीड महाविद्यालयों तथा अतिरिक्त संचालक कार्यालयों के माध्यम से संकलित कर उच्च शिक्षा विभाग के संचालनालय तक पहुँचाया गया। चयनित कार्डों की विशेष प्रदर्शनी आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा, नवाचारी सोच और सामाजिक संदेशों को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

रचनात्मकता के माध्यम से सेवा, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण का संदेश

सेवा संकल्प अभियान विद्यार्थियों को शैक्षणिक गतिविधियों के साथ सामाजिक सरोकारों से जोड़कर संवेदनशील, जागरूक और उत्तरदायी नागरिक बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। हस्तनिर्मित ग्रीटिंग कार्ड के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपनी भावनाओं, विचारों और सामाजिक प्रतिबद्धताओं को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। यह पहल शिक्षा को सेवा भावना, सांस्कृतिक चेतना, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनी है। चयनित कार्डों की प्रस्तावित प्रदर्शनी विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने तथा उनके सकारात्मक संदेशों को व्यापक जनसमुदाय तक पहुँचाने का अवसर प्रदान करेगी।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports