,

करमा महोत्सव में लोक संस्कृति का रंगारंग संगम, मांदर की थाप पर थिरके ग्रामीण

रायपुर मांदर की थाप पर थिरका लखनपुर, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय लोक संस्कृति की अनूठी छटा जनजातीय लोक संस्कृति, परंपरा और कला के रंगों से बुधवार को लखनपुर का साक्षरता मिनी स्टेडियम सराबोर हो उठा। जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव 'करमा महोत्सव' में पारंपरिक लोकगीतों और मांदर…

करमा महोत्सव में लोक संस्कृति का रंगारंग संगम, मांदर की थाप पर थिरके ग्रामीण

रायपुर

मांदर की थाप पर थिरका लखनपुर, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय लोक संस्कृति की अनूठी छटा

जनजातीय लोक संस्कृति, परंपरा और कला के रंगों से बुधवार को लखनपुर का साक्षरता मिनी स्टेडियम सराबोर हो उठा। जनजातीय गौरव सप्ताह के अंतर्गत आयोजित ब्लॉक स्तरीय जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव 'करमा महोत्सव' में पारंपरिक लोकगीतों और मांदर की गूंजती थाप ने ऐसा समां बांधा कि पूरा परिसर उत्साह और उमंग से झूम उठा। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे जनजातीय कलाकारों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने भी कलाकारों के साथ करमा नृत्य में शामिल होकर जनजातीय संस्कृति के प्रति अपनी आत्मीयता और उत्साह का परिचय दिया।

मांदर की थाप पर थिरका लखनपुर, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय लोक संस्कृति की अनूठी छटा

जनजातीय संस्कृति हमारी अमूल्य धरोहर : मंत्री राजेश अग्रवाल

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री  राजेश अग्रवाल ने कहा कि जनजातीय समाज की लोककला, संस्कृति और परंपराएं छत्तीसगढ़ की अमूल्य धरोहर हैं। इन परंपराओं का संरक्षण करना और इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि करमा महोत्सव जैसे आयोजन जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा और पारंपरिक कला का प्रदर्शन करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करते हैं। साथ ही ऐसे आयोजनों से हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को नई पहचान मिलती है। उन्होंने सभी प्रतिभागी कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए विजेता दलों को पुरस्कार प्रदान किए और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मांदर की थाप पर थिरका लखनपुर, करमा महोत्सव में दिखी जनजातीय लोक संस्कृति की अनूठी छटा

12 नृत्य दलों ने बिखेरे लोक संस्कृति के रंग

महोत्सव में विकासखंड के तुरना, कोरजा, लोसगा और केवरा सेक्टरों से आए 12 नृत्य दलों ने अपनी लोककला का प्रदर्शन किया। करमा नृत्य प्रतियोगिता में जय शिव शारदा करमा पार्टी परसोदी कला ने प्रथम तथा आदिवासी करमा दल पीपरखार ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। वहीं शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव के अंतर्गत आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता में शैला पार्टी तराजू ने प्रथम स्थान हासिल किया। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले दल जिला स्तरीय प्रतियोगिता में लखनपुर विकासखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

करमा महोत्सव ने न केवल जनजातीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर दिया, बल्कि लोक संस्कृति, परंपरा और सामुदायिक एकता के महत्व को भी प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। मांदर की थाप और करमा गीतों की गूंज के बीच संपन्न हुआ यह आयोजन जनजातीय गौरव और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की दिशा में एक यादगार पहल बनकर उभरा।

इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष शशिकला विक्रम सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, एसडीएम रामराज सिंह, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत लखनपुर खुशबू शास्त्री, एसडीओ आरईएस, कार्यक्रम अधिकारी मनरेगा, आकांक्षी विकासखंड फेलो सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports