,

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर बरेली अव्वल, रामपुर को मिला तीसरा स्थान

लखनऊ योगी सरकार द्वारा पिछले साढ़े नौ वर्षों से प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर धरातल पर साफ देखा जा सकता है। सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में एक बार फिर बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।…

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग में एक बार फिर बरेली अव्वल, रामपुर को मिला तीसरा स्थान

लखनऊ
योगी सरकार द्वारा पिछले साढ़े नौ वर्षों से प्रदेश में सुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का असर धरातल पर साफ देखा जा सकता है। सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की समग्र रैंकिंग में एक बार फिर बरेली ने पूरे प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं पीलीभीत ने दूसरा और रामपुर ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। बरेली, पीलीभीत और रामपुर के जिलाधिकारियों ने बताया कि उन्होंने यह उपलब्धि जनशिकायतों के प्रभावी निस्तारण, बेहतर फीडबैक और प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधारात्मक पहल से हासिल किया है।  

बरेली ने 9.37 अंक हासिल कर पहला स्थान प्राप्त किया
बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की रिपोर्ट उन जिलों के प्रदर्शन का मूल्यांकन करती है, जिन्होंने प्रशासनिक दक्षता, विकास कार्यों और राजस्व प्रबंधन में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशा के अनुरूप बरेली में विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा रहा है। इसके साथ ही सीएम डैशबोर्ड के जरिये मिलने वाली शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण तरीके से त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में बरेली को 10 में से 9.37 अंक प्राप्त हुए। इसी के साथ बरेली ने प्रदेशभर में पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं पीलीभीत ने 9.29 अंक हासिल कर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।

रामपुर ने 10 में से 9.12 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान हासिल किया
रामपुर डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने बताया कि मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर जिलों का मूल्यांकन कई मानकों के आधार पर किया जाता है। इसमें जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण, प्राप्त शिकायतों पर कार्रवाई, फीडबैक की गुणवत्ता और योजनाओं के क्रियान्वयन जैसे पहलू शामिल होते हैं। उन्होंने बताया कि अक्टूबर माह की विकास कार्यों, राजस्व कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा के आधार पर जारी सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग में रामपुर ने विकास एवं राजस्व कार्यों की सम्मिलित श्रेणी में 91.20 प्रतिशत अंक प्राप्त कर पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान हासिल किया है जबकि 10 पूर्णांक नंबर में से 9.12 अंक प्राप्त किये। वहीं, क्षेत्रीय स्तर पर मुरादाबाद मंडल की प्रगति में भी रामपुर ने लगातार 10वें महीने अपना प्रथम स्थान बरकरार रखा है। मंडल के अन्य जनपदों में मुरादाबाद ने प्रदेश में 10वां, सम्भल ने 13वां, अमरोहा ने 45वां और बिजनौर ने 60वां स्थान प्राप्त करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाया है।

टॉप टेन जिलों में शाहजहांपुर, ललितपुर और बागपत ने स्थान प्राप्त किया
सीएम डैशबोर्ड की अक्टूबर माह की रैंकिंग में कई जिलों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए शीर्ष 10 में स्थान बनाया है। इसमें शाहजहांपुर ने 9.11 अंक हासिल कर चौथा, ललितपुर ने 9.10 अंक हासिल कर पांचवा स्थान प्राप्त किया है। इसी तरह बागपत ने 9.08 अंक प्राप्त कर छठवां, हमीरपुर ने 9.05 अंक प्राप्त कर सातवां, अंबेडकरनगर ने 9.01 अंक प्राप्त कर आठवां, आजमगढ़ ने 9.00 अंक प्राप्त कर नौवां और मुरादाबाद ने 8.99 अंक प्राप्त कर टॉप टेन में जगह बनायी है।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports