,

छठ के रंग में रंगी भारत-नेपाल सीमा, मेची नदी तट पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जुटान

 ठाकुरगंज (किशनगंज) न कोई सरहद का बंधन, न दो देशों के बीच की दूरी और न ही भाषा व संस्कृति का कोई भेद। जब मेची नदी के दोनों किनारों पर हजारों हाथ एक साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तो भारत और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा इस अटूट लोकआस्था के आगे छोटी पड़…

छठ के रंग में रंगी भारत-नेपाल सीमा, मेची नदी तट पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जुटान

 ठाकुरगंज (किशनगंज)
न कोई सरहद का बंधन, न दो देशों के बीच की दूरी और न ही भाषा व संस्कृति का कोई भेद। जब मेची नदी के दोनों किनारों पर हजारों हाथ एक साथ भगवान भास्कर को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तो भारत और नेपाल की अंतरराष्ट्रीय सीमा इस अटूट लोकआस्था के आगे छोटी पड़ जाती है।

लोकआस्था के महापर्व छठ पर किशनगंज जिले के ठाकुरगंज प्रखंड अंतर्गत गलगलिया बॉर्डर स्थित मेची नदी घाट ऐसा ही अलौकिक और भावुक नजारा पेश करता है, जहां दो देशों के श्रद्धालु एक ही नदी के दो किनारों पर खड़े होकर एक ही सूर्यदेव की आराधना में लीन नजर आते हैं।

पश्चिमी तट पर नेपाल और पूर्वी तट पर भारत के छठव्रती करते हैं सूर्योपासना
यह विहंगम दृश्य केवल धार्मिक आस्था का संगम नहीं है, बल्कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सामाजिक, सांस्कृतिक और 'रोटी-बेटी' के पारिवारिक रिश्तों की एक जीवंत तस्वीर भी है। भारत के बिहार स्थित किशनगंज जिले और पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के श्रद्धालुओं के साथ नेपाल के झापा जिले से हजारों छठव्रती यहां पहुंचते हैं।

मेची नदी के पश्चिमी तट पर नेपाल के श्रद्धालु और पूर्वी तट पर भारत के छठव्रती एक साथ खड़े होकर भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं। दोनों देशों के घाटों पर जलते असंख्य दीप, सजे हुए पूजा स्थल, बांस के सूप में रखे फल-फूल, गूंजते पारंपरिक छठ गीत और सूर्यदेव के जयकारे पूरे सीमावर्ती वातावरण को भक्तिमय बना देते हैं।

दस हजार से अधिक श्रद्धालुओं का जुटता है जनसैलाब
इस पावन तट पर छठ महापर्व मनाने के लिए ठाकुरगंज प्रखंड के जिलेबिया मोड़, भातगांव, गलगलिया, नेमुगुड़ी, झाला, तबलभिट्टा, लोधाबाड़ी, भैंसलोटी, धोबीभिट्टा और पाठामारी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। वहीं, पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग जिले के देवीगंज, चक्करमारी और सिंधियाजोत के छठव्रती भी यहीं सूर्योपासना करते हैं। दूसरी ओर, नेपाल के झापा जिले के भद्रपुर, शनिश्चरी और घेरामारी समेत कई क्षेत्रों से श्रद्धालुओं का बड़ा जुटान होता है।

नेपाली मूल के लोग भी जुड़े
नेपाल-भारत मैत्री संघ (झापा) के अध्यक्ष प्रदीप कुमार रेग्मी, जिला उद्योग संघ झापा (नेपाल) के अध्यक्ष यम बहादुर श्रेष्ठ, भातगांव के मुखिया प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, पूर्व मुखिया गणेश राय, मनोज गिरि और सूरज साह बताते हैं कि पर्व के दौरान यहां दस हजार से अधिक लोगों का जनसैलाब उमड़ता है।

महापर्व की लोकप्रियता अब नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी लगातार बढ़ रही है। भद्रपुर, चंद्रगढ़ी, कांकड़भिट्टा, बिर्तामोड़ और धुलाबाड़ी जैसे क्षेत्रों में रह रहे बिहार और उत्तर प्रदेश के प्रवासी परिवारों के साथ-साथ अब नेपाली मूल के लोग भी बड़ी श्रद्धा से इस महापर्व से जुड़ रहे हैं।

मेची तट से पूरी दुनिया को मिलता है वैश्विक भाईचारे का संदेश
मेची नदी का यह ऐतिहासिक छठ घाट दुनिया को यह संदेश देता है कि अंतरराष्ट्रीय सीमाएं भले ही भूगोल के नक्शे पर देशों को अलग करती हों, लेकिन वे लोगों की आस्था, संस्कृति और मानवीय भावनाओं को कभी बांट नहीं सकतीं। नदी के एक किनारे भारत और दूसरे किनारे नेपाल के श्रद्धालु जब एक साथ अस्ताचलगामी और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करते हैं, तो यह दृश्य दोनों देशों की अटूट मैत्री का प्रतीक बन जाता है। मेची के तट पर आस्था का यह अनूठा संगम पूरी दुनिया को सिखाता है कि सच्ची श्रद्धा और भक्ति की कोई सरहद नहीं होती।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports