,

इंदौर पुलिस की अभिनव पहल यातायात नियमों के पालन में अब आम नागरिक भी निभाएंगे प्रहरी की भूमिका

भोपाल  मध्यप्रदेश में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित बनाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा अभिनव पहल की गई है। इसके तहत ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप में ‘Civilian Reports (जन-सूचना)’ नामक नई सुविधा प्रारंभ की गई है। अब नागरिक यातायात नियमों का…

इंदौर पुलिस की अभिनव पहल यातायात नियमों के पालन में अब आम नागरिक भी निभाएंगे प्रहरी की भूमिका

भोपाल 

मध्यप्रदेश में यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, सुगम एवं अनुशासित बनाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति आमजन की सहभागिता बढ़ाने के उद्देश्य से इंदौर पुलिस द्वारा अभिनव पहल की गई है। इसके तहत ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप में ‘Civilian Reports (जन-सूचना)’ नामक नई सुविधा प्रारंभ की गई है। अब नागरिक यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की फोटो एवं वीडियो सीधे यातायात पुलिस तक पहुंचा सकेंगे। प्राप्त सूचनाओं के परीक्षण एवं सत्यापन के उपरांत संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस कमिश्नर नगरीय इंदौर  संतोष कुमार सिंह के दिशा-निर्देशन में प्रारंभ की गई इस सुविधा का शुभारंभ 14 नवंबर को आयोजित सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम में किया गया। पुलिस कमिश्नर  सिंह ने स्वयं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले एक वाहन चालक का फोटो ऐप के माध्यम से भेजकर इस सुविधा की शुरुआत की।

इस अवसर पर पुलिस कमिश्नर  संतोष कुमार सिंह ने कहा कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाना केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। यातायात नियमों के प्रति जन-जागरूकता और नागरिकों की सक्रिय भागीदारी से ही शहर में प्रभावी यातायात अनुशासन स्थापित किया जा सकता है। ‘Civilian Reports’ सुविधा नागरिकों को यातायात व्यवस्था सुधारने में प्रत्यक्ष भागीदारी का अवसर प्रदान करेगी।

ऐप एवं हेल्पलाइन के माध्यम से भेज सकेंगे सूचना

नई सुविधा के अंतर्गत नागरिक सड़क पर यातायात नियमों का उल्लंघन होते देखने पर संबंधित घटना की फोटो अथवा वीडियो लेकर ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप के ‘Civilian Reports’ फीचर पर अपलोड कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त यातायात हेल्पलाइन नंबर 7049107620 पर भी सूचना दी जा सकेगी। यातायात पुलिस द्वारा प्राप्त सूचनाओं का परीक्षण एवं आवश्यक सत्यापन किया जाएगा। उल्लंघन प्रमाणित पाए जाने पर संबंधित वाहन चालक के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस द्वारा नागरिकों से विशेष अपील की गई है कि इस प्रक्रिया के दौरान स्वयं की सुरक्षा को प्राथमिकता दें। फोटो अथवा वीडियो बनाने के लिए किसी प्रकार का जोखिम न उठाएं और न ही उल्लंघन करने वाले वाहन चालक से विवाद या टकराव करें।

सूचना देने वाले नागरिकों को मिलेगा सम्मान

इस पहल को व्यापक जन-अभियान का स्वरूप देने तथा नागरिकों को प्रोत्साहित करने के लिए इंदौर यातायात प्रबंधन पुलिस द्वारा प्रत्येक सप्ताह यातायात नियमों के उल्लंघन से संबंधित प्रमाणिक एवं उत्कृष्ट सूचनाएं उपलब्ध कराने वाले जिम्मेदार नागरिकों को पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा। इसका उद्देश्य नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना तथा यातायात नियमों के पालन को सामाजिक अनुशासन का हिस्सा बनाना है।

QR कोड स्कैन कर डाउनलोड करें ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ ऐप

नागरिक उपलब्ध कराए गए QR कोड को स्कैन कर अथवा Google Play Store एवं Apple App Store से ‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ मोबाइल ऐप डाउनलोड कर सकते हैं। ऐप में उपलब्ध ‘Civilian Reports’ सुविधा के माध्यम से यातायात नियमों के उल्लंघन की जानकारी पुलिस तक पहुंचाई जा सकती है।

कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त नगरीय इंदौर  आर.के. सिंह, पुलिस उपायुक्त यातायात प्रबंधन  राजेश त्रिपाठी सहित यातायात पुलिस के अधिकारी-कर्मचारी, यातायात प्रहरी, नगर सुरक्षा समिति के सदस्य, विद्यार्थी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

मध्यप्रदेश पुलिस नागरिकों से अपील करती है कि यातायात नियमों का स्वयं पालन करें, दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें तथा सड़क सुरक्षा के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाएं। जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों की सहभागिता से ही सुरक्षित, सुगम और अनुशासित यातायात व्यवस्था का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed