,

संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

ओडीओपी की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को बढ़ावा देगी यूपी सरकार: मुख्यमंत्री संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तलवार और मानसिक गुलामी से नहीं मिट सका भारत, षड्यंत्रों के बीच हमारी लोक कलाओं ने बचाई संस्कृति: मुख्यमंत्री आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक का करें उपयोग,…

संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

ओडीओपी की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को बढ़ावा देगी यूपी सरकार: मुख्यमंत्री

संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस समारोह ‘धरोहर’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

तलवार और मानसिक गुलामी से नहीं मिट सका भारत, षड्यंत्रों के बीच हमारी लोक कलाओं ने बचाई संस्कृति: मुख्यमंत्री

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक का करें उपयोग, लेकिन अपनी माटी की सुगंध न भूलें युवा: मुख्यमंत्री

पर्यटन विभाग को मुख्यमंत्री ने दिया निर्देश, संगीत नाटक अकादमी में खाली पदों को तत्काल भरें, जरूरत पड़े तो उम्र में दें छूट

लखनऊ
 मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ओडीओसी) की तर्ज पर अब 'वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट' को बढ़ावा देने का बड़ा आह्वान किया है। मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित 'धरोहर' कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को नष्ट कर उसे स्थायी रूप से गुलाम बनाने के बहुत षड्यंत्र हुए, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की आत्मा को जीवित रखा। इस अवसर पर उन्होंने संस्कृति विभाग को निर्देश दिया कि अकादमी में मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर किया जाए।

आजादी के बाद हुई लोक संस्कृति की उपेक्षा 
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की तमाम संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन तलवार और मानसिक गुलामी भी भारत की संस्कृति को नहीं मिटा सकी। हमारी लोक परंपराओं ने ही भारत की सांस्कृतिक आत्मा और आत्मसम्मान को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखा है। हालांकि आजादी के बाद हमारी अनेक लोक कलाएं और वाद्ययंत्र उपेक्षित रहे। संस्कृति की उपेक्षा का अर्थ केवल कला का लुप्त होना नहीं, बल्कि पहचान के महत्वपूर्ण अध्यायों का समाप्त होना है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पंच प्रण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के लिए अपनी विरासत पर गर्व करना आवश्यक है। आज राज्य सरकार काशी, अयोध्या, मथुरा और ब्रज क्षेत्र के सांस्कृतिक केंद्रों को पुनर्स्थापित कर रही है और दीपोत्सव व देव दीपावली जैसे आयोजन दुनिया को आकर्षित कर रहे हैं।

ओडीओपी की तर्ज पर शुरू हो वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट  
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ओडीओपी आज धूम मचा रहा है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी अपार संभावनाएं हैं। मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जाए। प्रदेश भर के कलाकारों को मंच दिया जाए और हर जिले की अपनी विशिष्ट कला को आगे बढ़ाया जाए। कलाकार अपनी प्रस्तुति दें और लोगों को भारतीय संगीत की आध्यात्मिक शक्ति का अहसास हो।

एआई का करें उपयोग पर माटी की सुगंध न भूलें युवा
युवा कलाकारों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है। युवा टेक्नोलॉजी, डिजिटल माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भरपूर उपयोग करें और नए प्रयोग कर दुनिया के सामने जाएं, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोक धुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को कभी न भूलें। तकनीक जीवन की सहजता के लिए है, सांस्कृतिक जड़ों और संबंधों को तोड़ने के लिए नहीं।

अकादमी में तत्काल दूर होगी मानव संसाधन की कमी
मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में कलाकारों द्वारा लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों (विचित्र वीणा, सारंगी, पखावज आदि) की शानदार प्रस्तुति की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुतियां भरोसा दिलाती हैं कि हमारी विरासत सुरक्षित हाथों में है। मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को मंच से निर्देश दिया कि अकादमी में मैनपावर की कमी को तत्काल पूरा करें। इसके लिए बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन करें और आवश्यकता हो तो उम्र में भी छूट दें, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए।

शिव के डमरू और कृष्ण की बांसुरी से निकला संगीत 
संगीत की महत्ता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का मार्ग है। भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्र निकले और योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी व मां सरस्वती की वीणा हमें नाद की ध्वनि से जोड़ती है। उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर के योगदान को नमन किया। साथ ही ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक कलाओं का विशेष उल्लेख किया, जो गुरु शिष्य परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं।

पुरस्कार राशि बढ़ाने के प्रस्ताव को मिली स्वीकृति, अध्यक्ष ने जताया आभार
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हुए बताया कि 13 नवंबर 1963 को स्थापित यह अकादमी संगीत, नृत्य, नाटक और लोककलाओं के प्रचार प्रसार और संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने अकादमी और कथक केंद्र के कर्मचारियों की सुविधाएं बढ़ाने तथा रिक्त पदों को भरने की आवश्यकता पर बल दिया। प्रोफेसर खोत ने अकादमी पुरस्कारों की राशि बढ़ाने का प्रस्ताव सहर्ष स्वीकार करने के लिए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया, जिससे प्रदेश के कलाकारों में भारी उत्साह है। उन्होंने बताया कि स्थापना दिवस पर आयोजित धरोहर कार्यक्रम में राज्य कला संग्रहालय और ललित कला अकादमी की विशेष प्रदर्शनी के साथ रंगोली भी लगाई गई है।

फिल्म प्रदर्शन और वाद्य यंत्रों की लगी प्रदर्शनी
इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन हुआ। कार्यक्रम में अकादमी की 63 वर्षों की यात्रा पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों की विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। प्रतियोगिता के विजेता शिवांश सिंह ने विचित्र वीणा, अंशुल तुकवार ने सारंगी, सोहम मिश्र ने तबला, वैभव रामदास ने पखावज और अथर्व प्रताप सिंह ने बांसुरी पर अपनी प्रस्तुति से समां बांधा। अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत, उपाध्यक्ष विभा सिंह और अपर मुख्य सचिव संस्कृति अमृत अभिजात ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कला एवं संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियां उपस्थित रहीं।

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports