,

बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच, स्वनिधि महोत्सव में दिखी पर्यावरण की चिंता

स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल, बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों से परोसा भोजन, पानी के लिए भी प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था 2500 लोगों के खानपान का इंतजाम, बीसियों फूड स्टॉल्स और सजावट, फिर भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित महोत्सव में…

बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच, स्वनिधि महोत्सव में दिखी पर्यावरण की चिंता

स्वनिधि महोत्सव बना जीरो वेस्ट आयोजन की मिसाल, बांस की प्लेटों और लकड़ी के चम्मचों से परोसा भोजन, पानी के लिए भी प्लास्टिक मुक्त व्यवस्था

2500 लोगों के खानपान का इंतजाम, बीसियों फूड स्टॉल्स और सजावट, फिर भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं

उप मुख्यमंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का अनूठा प्रयोग, कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर किया गया निपटान

रायपुर
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग और राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा राजधानी रायपुर में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों में प्लास्टिक के इस्तेमाल की अनिवार्यता को चुनौती देते हुए पर्यावरण संरक्षण की नई मिसाल पेश की। करीब 2500 लोगों के खानपान, बीसियों फूड स्टॉलों, पेयजल और सजावट की व्यापक व्यवस्थाओं के बावजूद पूरे आयोजन में कहीं भी सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं हुआ। भोजन परोसने के लिए बांस की प्लेटें और लकड़ी के चम्मच अपनाए गए, तो पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलों और पाउच का विकल्प तैयार किया गया। सजावट और सूचना पट्टों में भी दोबारा इस्तेमाल होने वाली सामग्री का उपयोग हुआ। यही नहीं, आयोजन के दौरान निकलने वाले कचरे को अलग-अलग संग्रहित कर उसके उचित निस्तारण की व्यवस्था भी की गई। स्वनिधि महोत्सव ने नवाचार के जरिए मिसाल पेश की कि हजारों लोगों की भागीदारी वाले आयोजन भी प्लास्टिक मुक्त और पर्यावरण अनुकूल तरीके से संपन्न किए जा सकते हैं।

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव के मुख्य आतिथ्य में पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित पीएम स्वनिधि महोत्सव में प्रदेश के लगभग 2500 पथ विक्रेताओं और उनके परिजनों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य पथ विक्रेताओं की उद्यमशीलता का सम्मान करने के साथ उन्हें आर्थिक एवं डिजिटल रूप से सशक्त बनाना तथा शहरी अर्थव्यवस्था में उनके योगदान को रेखांकित करना था।

खानपान से लेकर पेयजल तक बदली व्यवस्था
महोत्सव को पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए खानपान की व्यवस्थाओं में विशेष नवाचार किया गया। बीसियों फूड स्टॉलों पर प्लास्टिक की डिस्पोजेबल प्लेटों के बजाय बांस से बनी प्लेटों और प्लास्टिक के चम्मचों की जगह लकड़ी के चम्मचों का उपयोग किया गया। प्लास्टिक के कप और गिलासों का भी इस्तेमाल नहीं हुआ। इसी तरह पानी के लिए प्लास्टिक की बोतलें और पाउच उपलब्ध कराने के बजाय वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था की गई। कार्यक्रम में 2500 लोगों के खाने के लिए टेबल और बेंच की व्यवस्था कर बांस की थालियों में भोजन और कागज के गिलास में पानी परोसे गए। आवश्यकता के अनुसार जैव निम्नीकरणीय और कम्पोस्ट योग्य सामग्री को प्राथमिकता दी गई। इस व्यवस्था के जरिए दिखाया गया कि बड़ी संख्या में लोगों के भोजन और पेयजल का प्रबंध एकल उपयोग प्लास्टिक के बिना भी किया जा सकता है।

सजावट में भी नवाचार, कचरे के निस्तारण का भी इंतजाम
महोत्सव में पर्यावरण संरक्षण का प्रयोग केवल खानपान तक सीमित नहीं रहा। कार्यक्रम स्थल की सजावट और सूचना पट्टों में भी ऐसी सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिसका दोबारा उपयोग किया जा सके। आयोजन के दौरान कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन पर भी ध्यान दिया गया। गीले, सूखे और अन्य अस्वीकृत अपशिष्ट को निकलने के स्थान पर ही अलग-अलग संग्रहित करने की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के बाद कचरे के उचित संग्रहण और निस्तारण के इंतजाम किए गए। अपशिष्ट की मात्रा न्यूनतम रखने के साथ पुनः उपयोग और पुनर्चक्रण को भी प्राथमिकता दी गई।

स्वनिधि महोत्सव में अपनाई गई इन व्यवस्थाओं ने बड़े सार्वजनिक आयोजनों को पर्यावरण अनुकूल बनाने का व्यावहारिक उदाहरण प्रस्तुत किया। आर्थिक सशक्तीकरण के उत्सव के साथ पर्यावरण संरक्षण का यह प्रयोग रायपुर में बड़े आयोजनों के लिए एक अनुकरणीय पहल के रूप में सामने आया।

 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports