,

UP Voter List: प्रदेश में बढ़े 18.84 लाख मतदाता, जानें क्या है अपडेट

  लखनऊ उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया. भारत निर्वाचन आयोग के 15 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है. यूपी सीईओ ने कहा कि…

UP Voter List: प्रदेश में बढ़े 18.84 लाख मतदाता, जानें क्या है अपडेट

  लखनऊ
उत्तर प्रदेश में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के तहत मंगलवार, 17 नवंबर को ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया. भारत निर्वाचन आयोग के 15 अक्टूबर 2026 के निर्देशों के मुताबिक, 1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर मतदाता सूची का पुनरीक्षण किया जा रहा है. यूपी सीईओ ने कहा कि राज्य में 18 लाख 84 हजार वोटर बढ़े हैं। 

ड्राफ्ट सूची में कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता दर्ज हैं. इनमें 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता हैं. इसके अलावा तृतीय लिंग के 4,042 मतदाता शामिल हैं. 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 है। 

नाम जुड़वाने और आपत्ति का मौका
ड्राफ्ट मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, उसमें संशोधन कराने और आपत्ति दर्ज कराने के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक का समय दिया गया है. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी। 

युवा मतदाताओं की संख्या में 5.80 लाख की कमी

ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 11 लाख 83 हजार 352 दर्ज की गई है… जबकि 10 अप्रैल को जारी अंतिम मतदाता सूची में इस आयु वर्ग के 17 लाख 63 हजार 360 मतदाता थे. इस तरह 18-19 साल के मतदाताओं की संख्या में 5 लाख 80 हजार 8 की कमी आई है. सीईओ नवदीप रिणावा का कहना है कि ये कमी इसलिए आई है क्योंकि 19 साल के मतदाता अब 20 साल के हो गए इसलिए उनकी गितनी अब युवा मतदाताओं में नहीं की गई… अब SSR के दौरान नए युवा मतदाता जुड़ेंगे तो यह आंकड़ा बढ़ जाएगा। 

16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावा और आपत्ति
ड्राफ्ट मतदाता सूची के प्रकाशन के साथ ही दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है. यह प्रक्रिया 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक चलेगी. इस दौरान पात्र नागरिक अपना नाम जुड़वाने, मतदाता सूची में दर्ज विवरण में सुधार कराने या किसी अपात्र नाम को हटाने के लिए आवेदन कर सकेंगे. दावे और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। 

    फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए
    फॉर्म-7: मतदाता सूची में शामिल नाम को हटाने या किसी नाम को शामिल किए जाने के खिलाफ आपत्ति दर्ज कराने के लिए
    फॉर्म-8: पता बदलवाने, विवरण में सुधार, EPIC कार्ड बदलवाने और दिव्यांग मतदाता के चिह्नांकन के लिए
    फॉर्म-6A: विदेश में रहने वाले भारतीय मतदाताओं के पंजीकरण के लिए

चार दिन विशेष अभियान चलाया जाएगा
मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम शामिल कराने के लिए प्रदेश के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे. इसके तहत 21 और 22 नवंबर तथा 28 और 29 नवंबर को बूथ लेवल अधिकारी (BLO) अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे. इन दिनों मतदाता अपनी समस्याओं और दावों को लेकर BLO से संपर्क कर सकेंगे. आवेदन फॉर्म भी उपलब्ध रहेंगे। 

ऑनलाइन भी चेक कर सकते हैं अपना नाम
मतदाता ड्राफ्ट सूची में अपना नाम मतदान केंद्र पर, BLO के पास उपलब्ध सूची से या ऑनलाइन माध्यम से देख सकते हैं. इसके लिए निर्वाचन आयोग की वेबसाइट [voters.eci.gov.in] और उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट [ceouttarpradesh.nic.in] पर जाकर जानकारी हासिल की जा सकती है. इसके अलावा ECINET मोबाइल ऐप के जरिए भी मतदाता अपना नाम चेक कर सकते हैं। 

अगर किसी पात्र नागरिक का नाम ड्राफ्ट सूची में नहीं है तो वह फॉर्म-6 भरकर पासपोर्ट साइज फोटो और जन्मतिथि तथा सामान्य निवास के प्रमाण से जुड़े दस्तावेजों के साथ आवेदन कर सकता है. निर्वाचन आयोग ने सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे ड्राफ्ट मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम जरूर जांच लें, ताकि किसी भी पात्र मतदाता का नाम अंतिम सूची से छूटने न पाए। 

पिछली सूची से कितनी बढ़ी संख्या?
10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अंतिम मतदाता सूची में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे. इनमें 7 करोड़ 30 लाख 71 हजार 61 पुरुष, 6 करोड़ 9 लाख 9 हजार 525 महिला और 4,206 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल थे. उस सूची में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या 17 लाख 63 हजार 360 थी। 

नई ड्राफ्ट सूची में कुल मतदाताओं की संख्या करीब 18.84 लाख बढ़ी है. जेंडर रेशियो भी पिछली सूची के 834 से बढ़कर 840 हो गया है. वहीं, ईपी रेशियो 55.17 से बढ़कर 55.95 दर्ज किया गया है। 

About the Author

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

GoodDoo News

Your trusted source for unbiased, timely news. We cover national and global updates, politics, business, social issues, and inspiring stories. Stay informed with accurate reporting and impactful stories that matter.

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports